

अंबिकापुर,22 जनवरी 2024 (घटती-घटना)। विकासखंड उदयपुर के अंतर्गत राम वन गमन पर्यटन परिपथ क्षेत्र रामगढ़ में आयोजित कार्यक्रम में भगवान श्री राम की प्रतिमा के समक्ष विधायक राजेश अग्रवाल अपनी धर्मपत्नी सुनीता अग्रवाल, कलेक्टर विलास भोस्कर संदीपन, एसपी सुनील शर्मा,आलोक दुबे सहित स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने विधिवत पूजा अर्चना की। हवन पश्चात मंत्रोच्चार के बाद उपस्थित आमजनों के साथ संयुक्त रूप से रामचरित मानस एवं हनुमान चालीसा का पाठ किया गया। जिसके बाद अतिथियों को रामचरित मानस की प्रतियां भेंट की गई। इस दौरान अयोध्या में राम लला की प्राण प्रतिष्ठा के लाइव प्रसारण की भी व्यवस्था रही जिसके प्रत्यक्ष दर्शी बन लोग भाव विभोर हो उठे। राम भक्तों और श्रद्धालुओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा श्री राम मंदिर के गर्भ गृह में किए गए प्राण प्रतिष्ठा अनुष्ठान का लाइव प्रसारण देखा और प्रभु श्री राम के बाल्यरूप के अलौकिक छवि का दर्शन किया। इस अवसर पर विधायक अग्रवाल ने कहा कि इस पल को देखने के लिए पीढियां बीत गई। आज हम बहुत सौभाग्यशाली हैं कि इस पल के साक्षी बने हैं। जिला प्रशासन के सहयोग से यहां रामगढ़ में कार्यक्रम संपन्न हुआ। सभी भावुक और आनंदित हैं।
मानस मण्डलियों ने दी प्रस्तुति
केसरिया पोशाक में राम-लखन-सीता बनकर बच्चों से सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सभी का मन मोहा। कार्यक्रम में रामायण मंडलियों ने रामचरितमानस में संकलित विभिन्न अध्यायों का मानस गायन कर श्री राम के आदर्श संदेशों को जन-जन तक पहुंचाते हुए सुंदर प्रस्तुति दी। तो वहीं स्कूली बच्चों के द्वारा प्रस्तुत किए गए सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने सभी का मन मोहा। इस दौरान नन्हे बच्चे श्री राम, माता सीता एवं लक्ष्मण की वेशभूषा में कार्यक्रम में उपस्थित थे।
5100 दीपों से सजी भूमि रामगढ़
श्री रामलला की प्राणप्रतिष्ठा के अवसर पर पूरा देश दीप जलाकर दीपावली मना रहा है। इसी कड़ी में जिला प्रशासन द्वारा रामगढ में भी 5100 दिए जलाकर खुशियां मनाई गई। राम लला की जयकार से पूरा सरगुजा गुंजायमान हो गया। पूरे जिले में हर्ष और उल्लास की लहर है। जिला प्रशासन द्वारा जिला मुख्यालय एवं विकासखंड मुख्यालयों में निर्धारित मंदिरों में मानस मंडलियों द्वारा गायन और भक्तिमय सांस्कृतिक कार्यक्रम किए गए। जिले वासी राम लला की प्राण प्रतिष्ठा को लेकर सुबह से ही उत्साहित रहे। मंदिरों-देवालयों में भजन, पूजन, कलश एवं शोभा यात्रा की धूम रही। जगह-जगह प्रवेश द्वार सजाए गए थे। श्रद्धालुओं में भगवान श्री राम के प्रति आस्था, प्रेम और समर्पण भाव देखा गया।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur