बालोद,19 फरवरी 2023 (ए)। बालोद जिले से एक बुरी खबर आई है। यहां महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर भांग के सेवन से एक दर्जन से अधिक लोग बीमार पड़ गए हैं। उन्होंने भांग मिले दूध को प्रसाद समझकर पी लिया, जिसके बाद उनकी तबीयत बिगड़ने लगी। बीमार होने वालों में स्कूली छात्र, पुलिसकर्मी और पंचायत सचिव शामिल हैं।
प्रसाद के नाम पर दूध में मिलाई भांग
शहर के जयस्तंभ चौक के पास पान ठेले वाला प्रसाद वितरण कर रहा था। उसने प्रसाद के लिए दूध का इंतजाम किया था। इसी दूध में उसने प्रसाद के नाम पर भांग भी मिला दी थी। इस दूध को कई लोगों ने पिया था। इसमें बड़ी संख्या में लोग बीमार हुए।बताया गया कि सभी लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। मगर कुछ देर बाद इनकी तबीयत बिगड़ने लग गई। हीरापुर के आठवीं का छात्र तेजेश्वर कुमार साहू ने भी यहां प्रसाद लिया था। इसके बाद वह घर गया। तेजेश्वर की मां ने बताया कि उनका बेटा महाशिवरात्रि के अवसर पर शहर में कार्यक्रम देखने गया था। वापस आया और साइकिल खड़े करते ही गिर गया। अस्पताल पहुंचे तो और भी लोग भर्ती थे, तब समझ आया कि भांग की वजह से ऐसा हुआ। उसकी मां की शिकायत थी कि भांग बांटने वालों को बच्चों को तो ये नहीं देना चाहिए था।
सभी मरीजों को अस्पताल में भर्ती कराया
इधर, बघमरा के चुन्नी लाल ने बताया कि उनका बेटा लीलाधर एक अधिकारी की गाड़ी चलाता है। ड्यूटी से लौटते वक्त भीड़ देखकर प्रसाद ले लिया। इसके बाद घर पहुंचते ही फर्श पर लेट गया। हम लोगों से कुछ कह ही नहीं पाया। हड़बड़ी में हम लोग अस्पताल लेकर पहुंचे। जमरूवा से बालोद पहुंचे देव सिंह साहू को भी अस्पताल में भर्ती करने के बाद परिजनों को सूचना दी गई है। इस मामले में बालोट टीआई नवीन बोरकर ने कहा है कि भांग मिला हुआ दूध पीने से कुछ लोग बीमार हुए हैं। अभी इलाज किया जा रहा है। बयान लिया गया है। जांच जारी है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur