रायपुर, 03 जनवरी २०२३(ए)। रायपुर में कांग्रेस की जन अधिकार रैली शुरू हो चुकी है। साइंस कॉलेज ग्राउंड में विशाल मंच बनाया गया है। प्रदेश कांग्रेस की प्रभारी कुमारी शैलजा, मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, मंत्री सिंहदेव समेत कांग्रेस के तमाम विधायक जन अधिकारी महा रैली में शामिल हो रहे हैं। कांग्रेस पार्टी की जन अधिकार रैली के दौरान कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भाजपा पर बड़ा हमला बोला। सीएम ने कहा कि, राजभवन को भाजपा ने राजनीति का अखाड़ा बना दिया है। भाजपा आरक्षित वर्गों का आरक्षण घटाने का का काम कर रही है।
सीएम ने कहा कि, आज की रैली अधिकार बचाने की रैली है। प्रदेश में संविधान की व्यवस्था को रोकने की कोशिश हो रही है। संविधान संशोधन विधेयक को राजभवन भेजे महीना और साल भी बदल गया। मैंने कहा कि, जनता से बड़ा कोई नहीं होता है। इसलिए मैंने जनता के बीच जाने का फैसला लिया।
मंच से संबोधित करते हुए कुमारी शैलजा ने कहा कि, आजादी के वक्त जैसे महात्मा गांधी ने देश के कोने कोने का चक्कर लगाया था वैसे ही राहुल गांधी देश की यात्रा कर रहे हैं। देश को एकता का फिर से संदेश मिलेगा कांग्रेस एकता को जोड़ने के लिए लड़ती है।
वहीं इस दौरान मंत्री टीएस सिंहदेव और रविंद्र चौबे ने कहा है कि यदि राज्यपाल निर्णय नहीं ले पा रही हैं तो उन्हें पद छोड़ देना चाहिए। इससे पहले पीसीसी चीफ मोहन मरकाम ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि, हमारे नेताओं ने संविधान बनाया और आरक्षण की व्यवस्था की। हमारी सरकार ने विधानसभा के विशेष सत्र में हर वर्ग को आरक्षण दिया। भाजपा ने आरक्षण को रोकने का काम किया।
मोहन मरकाम ने कहा कि आज भाजपा का चाल, चरित्र और चेहरा बेनकाब हो गया है। भाजपा कहती कुछ है करती कुछ और है। उन्होंने कहा कि, 32 दिन बाद भी आरक्षण विधेयक पर राज्यपाल साइन नहीं कर रही हैं। इस बात को गांव-गांव तक पहुंचाना है। यह छत्तीसगढ़ के लोगों की अस्मिता की लड़ाई है।
टीएस सिंहदेव ने कहा कि, हर व्यक्ति इस बात से सहमत है कि हमें आरक्षण चाहिए। आप जनता की आवाज के विपरीत किसी निर्णय को दबाएंगे, तो जनता सड़कों पर उतरेगी। कोई आरक्षण रोक नहीं सकता। कृषि मंत्री रविंद्र चौबे ने कहा कि, राज्यपाल हस्ताक्षर नहीं कर पा रहीं तो उन्हें पद में बने रहने का हक नहीं है। क्या एकात्म परिसर से राजभवन का संचालन होगा? यह मांगने की नहीं अधिकार प्राप्त करने की रैली है। भाजपा राजभवन से सभी का आरक्षण छीनने का काम कर रही है। भाजपा को आगामी चुनाव में एक सीट भी नहीं मिलने वाला।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur