अंबिकापुर, 01 जनवरी 2023 (घटती-घटना)। नववर्ष का स्वागत लोगों ने पूजा अर्चना कर किया। नए वर्ष के पहले दिन देवी दर्शन के लिए मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटी। लोगों ने शक्तिपीठ देवीपाटन में पूजा-अर्चना कर नए वर्ष में खुशहाली एवं सुख-समृद्धि का आशीर्वाद मांगा। वर्ष 2023 के पहले दिन शक्तिपीठ देवीपाटन मंदिर में भोर पहर ही श्रद्धालुओं का तांता लग गया। नए साल के पहले दिन की शुरूआत जहां अधिकांश लोगों की पूजा-अर्चना से की, वहीं पार्कों व पिकनिक स्पॉट्स में लोगों ने दिन बिताया। मां महामाया मंदिर में श्रद्धालुओं की काफी भीड़ उमड़ी। शहर के संजय पार्क, वाटर पार्क, ऑक्सीजन पार्क सहित मैनपाट के टाइगर प्वाइंट, दलदली के अलावा घाघीटिकरा, बूढ़ाआमा, घुनघुट्टा डेम, सेदम व अन्य पिकनिक स्पॉट गुलजार रहे। बच्चों ने पार्कों में जहां झूलों का आनंद उठाया तो युवाओं ने दोस्तों के साथ सेल्फी ली। कई लोगों ने अपने पूरे परिवार के साथ पार्कों में ही पिकनिक का आनंद उठाया। बीते साल की कड़वी यादों को भूलकर 1 जनवरी को लोग जगह-जगह अपने परिवार और ईष्ट मित्रों के साथ मिलकर खुशियां मनाई। इस दौरान लोगों ने जमकर मौज-मस्ती की। कुछ परिवारों ने शहर के संजय पार्क, वाटर पार्क में अपनी खुशियां एक-दूसरे से बांटी तो अधिकांश लोग अपने-अपने परिवार के साथ पिकनिक स्पॉट पर पहुंचे। नए साल के पहले दिन अधिकांश लोग अपने-अपने परिवार के साथ नजर आए। नए साल का स्वागत लोगों ने संकल्प व सैर-सपाटे के साथ किया। 31 दिसंबर की रात से ही युवाओं द्वारा जश्र मनाने की तैयारी की गई थी। 12 बजते ही पटाखों की आवाज से शहर गुंजायमान हो गया। गल्ली मोहल्लों में डीजे, साउंड सिस्टम व म्यूजिक की धुन पर लोग थिरकते नजर आए। बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने से संजय पार्क व वाटर पार्क में काफी रौनक देखी गई। पार्क में बच्चों की किलकारियां गूंजती रहीं। यहां सभी ने झूलों का आनंद लिया तो कइयों ने वाटर बोट का मजा लिया, कुछ लोग पार्क में घूमते नजर आए। बच्चों ने यहां विभिन्न प्रकार के झूलों का आनंद उठाया और जमकर मस्ती की। संजय पार्क व वाटर पार्क में युवाओं की काफी भीड़ थी। नए जमाने के साथ यहां भी युवा अपने साथियों के साथ सेल्फी लेते नजर आए। आधी रात को नए साल का जश्न मनाने के बाद लोगों ने साल के पहले दिन की शुरूआत भगवान के दर्शन से की। अपने-अपने धर्म के अनुसार धार्मिक स्थलों पर पहुंचकर परिवार की सुख समृद्धि की कामना की। नए साल के पहले दिन मां महामाया मंदिर में श्रद्धालुओं की काफी भीड़ उमड़ी। कोरोना की संभावित तीसरी लहर ओमिक्रोन का खतरा के बावजूद मंदिरों व धार्मिक स्थलों पर लोगों की भीड़ देखी गई।
पिकनिक स्पॉट
भी रहा गुलजार
सरगुजा के पिकनिक स्पॉट्स मैनपाट के सभी प्वाइंटस, सारासोर, सेदम फाल सहित घुनघुट्टा डेम सहित अन्य स्थानों पर लोगों की काफी भीड़ थी। यहां लोगों ने जमकर मस्ती की और परिवार सहित भोजन का आनंद उठाया।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur