Breaking News

एमसीबी@वर्दी में कांग्रेस नेताओं के बीच नजर आए प्रधान आरक्षक,सुरक्षा ड्यूटी थी या राजनीतिक नजदीकी?

Share

  • कांग्रेस नेताओं के बीच प्रधान आरक्षक की मौजूदगी पर सवाल,विभाग बताए-किस जिम्मेदारी से पहुंचे थे?
  • पूर्व मुख्यमंत्री के आगमन पर नेताओं के साथ दिखे प्रधान आरक्षक,कैमरे में कैद हुआ पूरा घटनाक्रम!
  • पुलिस की वर्दी और राजनीतिक नेताओं का साथ! प्रधान आरक्षक नवीन दत्त तिवारी की भूमिका पर उठे सवाल
  • नेताओं के बीच प्रधान आरक्षक की मौजूदगी का वीडियो वायरल,पुलिस विभाग की निष्पक्षता पर सवाल
  • पूर्व मुख्यमंत्री के एमसीबी आगमन के दौरान का बताया जा रहा वीडियो आया सामने,नवीन दत्त तिवारी की मौजूदगी और ड्यूटी को लेकर उठे सवाल, विभाग से स्पष्टीकरण की मांग…

-रवि सिंह-
एमसीबी,27 नवम्बर 2026 (घटती-घटना)। पुलिस की वर्दी केवल पद और अधिकार का प्रतीक नहीं,बल्कि निष्पक्षता,अनुशासन और कानून के प्रति जवाबदेही की पहचान भी है, ऐसे में जब किसी पुलिसकर्मी की मौजूदगी राजनीतिक दल के नेताओं के बीच दिखाई देती है,तो उसकी भूमिका को लेकर सवाल उठना स्वाभाविक है,एमसीबी जिला मुख्यालय में पूर्व मुख्यमंत्री के आगमन के दौरान का बताया जा रहा एक वीडियो सामने आया है,इसमें कोरिया जिले में पूर्व पदस्थापना के दौरान भी चर्चाओं में रहे और वर्तमान में एमसीबी जिले में पदस्थ प्रधान आरक्षक नवीन दत्त तिवारी कांग्रेस नेताओं के समूह के बीच खड़े होकर बातचीत करते दिखाई दे रहे हैं,वीडियो में सड़क किनारे कई लोग एकत्र नजर आते हैं,उनके बीच पुलिसकर्मी की वेशभूषा में दिखाई देने वाला व्यक्ति भी मौजूद है,आसपास वाहन खड़े हैं और समूह के लोग आपस में बातचीत कर रहे हैं,वीडियो में प्रधान आरक्षक बताए जा रहे नवीन दत्त तिवारी की मौजूदगी ने उनकी भूमिका को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
कैमरे में कैद हुई मौजूदगी,विभाग कब देगा जवाब?-वीडियो में संबंधित पुलिसकर्मी समूह के बीच खड़े होकर बातचीत करते दिखाई देते हैं,ऐसे में यह मामला केवल किसी व्यक्ति की मौजूदगी तक सीमित नहीं रह जाता,बल्कि पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली और अपने कर्मचारियों की तैनाती पर निगरानी से भी जुड़ जाता है,अब पुलिस विभाग के सामने कुछ सीधे सवाल हैं—क्या प्रधान आरक्षक की उस दिन आधिकारिक ड्यूटी लगाई गई थी? क्या उनकी तैनाती से संबंधित कोई आदेश जारी हुआ था? क्या वे निर्धारित सुरक्षा व्यवस्था का हिस्सा थे? और क्या वीडियो में दिखाई देने वाली गतिविधियां उनकी शासकीय जिम्मेदारी के अनुरूप थीं?
वर्दी की निष्पक्षता पर सवाल, विभागीय स्पष्टीकरण जरूरी-लोकतांत्रिक व्यवस्था में पुलिस की निष्पक्षता जनता के विश्वास का आधार है,पुलिसकर्मी किसी भी राजनीतिक दल या विचारधारा से जुड़े लोगों के साथ सामान्य सामाजिक व्यवहार कर सकते हैं, लेकिन शासकीय ड्यूटी के दौरान उनकी प्राथमिक जिम्मेदारी कानून-व्यवस्था और विभागीय अनुशासन का पालन करना है, इसलिए पुलिस अधीक्षक और संबंधित अधिकारियों को वीडियो की वास्तविकता, प्रधान आरक्षक की पहचान तथा उस दिन की ड्यूटी सूची के आधार पर स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए। प्रधान आरक्षक नवीन दत्त तिवारी का पक्ष भी सामने आना चाहिए,फिलहाल वीडियो ने सवाल जरूर खड़े किए हैं,लेकिन उन सवालों का जवाब विभागीय रिकॉर्ड और संबंधित पुलिसकर्मी के स्पष्टीकरण से ही सामने आएगा,आखिर जनता यह जानना चाहती है कि उस दिन प्रधान आरक्षक वहां पुलिस की जिम्मेदारी निभा रहे थे या उनकी मौजूदगी का कोई दूसरा कारण था?
नेताओं के बीच मौजूदगी,लेकिन ड्यूटी की जिम्मेदारी क्या थी?
सबसे महत्वपूर्ण सवाल यह है कि पूर्व मुख्यमंत्री के आगमन के दौरान प्रधान आरक्षक नवीन दत्त तिवारी वहां किस जिम्मेदारी के तहत मौजूद थे? क्या उन्हें सुरक्षा व्यवस्था,यातायात नियंत्रण या कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए तैनात किया गया था? यदि ऐसा था तो उनकी ड्यूटी का स्थान और निर्धारित जिम्मेदारी क्या थी? यदि वे शासकीय ड्यूटी पर थे,तो विभाग को यह स्पष्ट करना चाहिए कि उस दौरान वे किस अधिकारी के निर्देश पर वहां तैनात थे और उनकी जिम्मेदारी क्या थी, वहीं यदि वे किसी आधिकारिक ड्यूटी के बिना वहां मौजूद थे,तो उनकी मौजूदगी का कारण भी स्पष्ट होना चाहिए।
राजनीतिक नेताओं से नजदीकी की चर्चा,निष्पक्षता पर उठे सवाल
प्रधान आरक्षक नवीन दत्त तिवारी की कांग्रेस नेताओं के साथ नजदीकी को लेकर पहले भी चर्चाएं होने की बात सामने आती रही है,अब पूर्व मुख्यमंत्री के आगमन के दौरान का यह वीडियो सामने आने के बाद एक बार फिर उनकी भूमिका को लेकर चर्चा शुरू हो गई है, हालांकि किसी राजनीतिक नेता के साथ बातचीत करना अपने आप में किसी राजनीतिक गतिविधि में भागीदारी का प्रमाण नहीं है, लेकिन वर्दीधारी कर्मचारी की सार्वजनिक मौजूदगी और उसकी ड्यूटी का औचित्य स्पष्ट होना जरूरी है।
कैमरे की नजर पड़ते ही समूह से किनारे होने की कोशिश,फिर भी वीडियो में कैद हो गई मौजूदगी
वीडियो का अंतिम दृश्य भी कई सवाल खड़े करता है, जब कांग्रेस नेताओं के बीच मौजूदगी का दृश्य कैमरे में रिकॉर्ड किया जा रहा था,उसी दौरान प्रधान आरक्षक नवीन दत्त तिवारी की नजर कैमरे की ओर जाती दिखाई देती है, इसके बाद वे समूह से थोड़ा किनारे होते नजर आते हैं,वीडियो देखने पर ऐसा प्रतीत होता है मानो वे कैमरे के सामने से हटकर उसकी नजरों से दूर होना चाह रहे हों,हालांकि उनके इस तरह किनारे होने की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं है,लेकिन उनकी यह गतिविधि भी कैमरे में कैद हो गई और अब वीडियो सामने आने के बाद चर्चा का विषय बन गई है,सवाल यह है कि यदि वे वहां निर्धारित शासकीय जिम्मेदारी के तहत मौजूद थे,तो कैमरे के सामने आने या रिकॉर्डिंग होने से उन्हें असहज होने की जरूरत क्यों महसूस हुई? या फिर उनके वहां मौजूद रहने की कोई ऐसी वजह थी,जिसे वे सार्वजनिक नहीं करना चाहते थे? इसका जवाब प्रधान आरक्षक के स्पष्टीकरण और विभागीय जांच से ही सामने आ सकेगा।


Share

Check Also

एमसीबी@स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने की नगरीय निकायों एवं निर्माण विभागों के विकास कार्यों की समीक्षा,अप्रारंभ कार्यों को शीघ्र शुरू करने के निर्देश

Share निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से समझौता स्वीकार्य नहीं,जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के …

Leave a Reply