Breaking News

अम्बिकापुर@केन मेमोरियल स्कूल का हॉस्टल बंद,संचालन पर लगाई रोक,करंट से छात्र की हुई थी मौत

Share

-संवाददाता-
अम्बिकापुर,27 नवम्बर 2026 (घटती-घटना)। सीतापुर स्थित केन मेमोरियल अशासकीय विद्यालय के छात्रावास संचालन पर जिला शिक्षा अधिकारी ने तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी है। 10 अक्टूबर को छात्रावास में करंट की चपेट में आने से 15 वर्षीय छात्र आयुषोत लकड़ा की मौत हो गई थी। घटना के बाद संस्था प्रबंधन से जवाब मांगा गया था, लेकिन उसका जवाब संतोषजनक नहीं मिलने और सुरक्षा संबंधी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करने पर यह कार्रवाई की गई है। जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा 27 नवंबर को जारी आदेश के अनुसार, जांच में छात्रावास परिसर की बिजली वायरिंग की उपयुक्तता और सुरक्षा प्रमाणपत्र के साथ भवन सुरक्षा प्रमाणपत्र भी नहीं पाया गया। आदेश में कहा गया है कि इन दस्तावेजों के बिना छात्रावास में विद्यार्थियों का निवास उनकी जान और सुरक्षा के लिए गंभीर जोखिम पैदा कर सकता है। छात्रावास का संचालन दोबारा शुरू करने के लिए संस्था प्रबंधन को चार शर्तें पूरी करनी होंगी। इनमें सक्षम एजेंसी से पूरे परिसर की बिजली वायरिंग और विद्युत सुरक्षा की जांच कराकर प्रमाणपत्र प्रस्तुत करना, भवन का संरचनात्मक एवं समग्र सुरक्षा प्रमाणपत्र प्राप्त करना, छात्रावास की सुरक्षा संबंधी सभी कमियों को दूर करना और विभागीय निरीक्षण के बाद सक्षम प्राधिकारी से लिखित अनुमति लेना शामिल है। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि बिना सुरक्षा प्रमाणपत्र और अनुमति के छात्रावास का संचालन किसी अन्य नाम या व्यवस्था से भी नहीं किया जा सकेगा। वर्तमान में छात्रावास में रह रहे विद्यार्थियों के सुरक्षित स्थानांतरण और उनकी देखरेख के लिए तत्काल समुचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं।


Share

Check Also

एमसीबी@स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने की नगरीय निकायों एवं निर्माण विभागों के विकास कार्यों की समीक्षा,अप्रारंभ कार्यों को शीघ्र शुरू करने के निर्देश

Share निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से समझौता स्वीकार्य नहीं,जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के …

Leave a Reply