बीसीआई ने 2026-27 सत्र के लिए दी सशर्त मंजूरी,राज्य बार काउंसिल अध्यक्ष प्रवीण गुप्ता ने कुलपति को पत्र लिखकर तत्काल प्रवेश प्रक्रिया शुरू करने की मांग की
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,27 नवम्बर 2026 (घटती-घटना)। सरगुजा संभाग के विद्यार्थियों को अब तीन वर्षीय एलएलबी की पढ़ाई के लिए दूसरे शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा। संत गहिरा गुरु विश्वविद्यालय में तीन वर्षीय एलएलबी पाठ्यक्रम संचालन का रास्ता खुल गया है। भारतीय विधिज्ञ परिषद (बीसीआई) ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए 60 सीटों के एक सेक्शन को सशर्त मंजूरी प्रदान की है। इस फैसले के बाद अब विश्वविद्यालय प्रशासन पर प्रवेश प्रक्रिया शुरू करने का दबाव बढ़ गया है। बार काउंसिल ऑफ इंडिया ने 23 नवंबर 2026 को पत्र क्रमांक बीसीआईःष्ठः1854/2026 जारी कर यह स्वीकृति दी है। विधि शिक्षा स्थायी समिति की 14 नवंबर को हुई बैठक में लिए गए निर्णय के आधार पर विश्वविद्यालय को यह अनुमति मिली है। हालांकि,स्वीकृति के साथ कई शर्तें भी जोड़ी गई हैं। विश्वविद्यालय को पत्र प्राप्ति के 15 दिनों के भीतर पांच लाख रुपए की रिफंडेबल गारंटी राशि जमा करनी होगी। वहीं, 60 दिनों के भीतर निर्धारित प्रारूप में अनुपालन हलफनामा भी प्रस्तुत करना अनिवार्य किया गया है।
प्रवेश प्रक्रिया शुरू करने की उठी मांग : स्वीकृति मिलने के बाद छत्तीसगढ़ राज्य बार काउंसिल की कार्यकारी समिति के अध्यक्ष प्रवीण गुप्ता ने 27 नवंबर को विश्वविद्यालय के कुलपति को पत्र लिखकर तत्काल प्रवेश प्रक्रिया शुरू करने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा है कि सरगुजा संभाग के विद्यार्थियों के लिए यह बड़ी उपलब्धि है। अब तक तीन वर्षीय एलएलबी की पढ़ाई के लिए विद्यार्थियों को दूसरे शहरों और राज्यों में जाना पड़ता था। विश्वविद्यालय में पाठ्यक्रम शुरू होने से स्थानीय विद्यार्थियों को अपने क्षेत्र में ही विधिक शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। उन्होंने प्रवेश विज्ञापन जारी करने, आवेदन प्रक्रिया शुरू करने और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करने की मांग की है।
सिर्फ मंजूरी से प्रवेश की अनुमति नहींः बीसीआई ने अपने आदेश में स्पष्ट किया है कि सशर्त स्वीकृति मिलने का अर्थ यह नहीं है कि विश्वविद्यालय बिना अन्य औपचारिकताएं पूरी किए प्रवेश शुरू कर सकता है। सक्षम प्राधिकारी को यह सुनिश्चित करना होगा कि निर्धारित शैक्षणिक मानकों के अनुरूप प्रवेश और पढ़ाई पूरी कराई जा सके। पाठ्यक्रम के लिए योग्य प्राचार्य,पूर्णकालिक शिक्षक,पर्याप्त पुस्तकालय, मूट कोर्ट,लीगल एड क्लिनिक और इंटर्नशिप की व्यवस्था अनिवार्य होगी। इसके अलावा प्रत्येक सेमेस्टर में निर्धारित शिक्षण सप्ताह,कक्षा अवधि और उपस्थिति के नियमों का पालन करना होगा। पिछली तारीख से उपस्थिति दर्ज करने अथवा औपचारिक रूप से कक्षाएं पूरी दिखाने की अनुमति नहीं होगी।
अगले सत्र से पहले होगा भौतिक निरीक्षण : परिषद ने आगामी शैक्षणिक सत्र 2027-28 के लिए भी विश्वविद्यालयों को कड़े निर्देश दिए हैं। नए पाठ्यक्रम, सीट वृद्धि और संबद्धता के नवीनीकरण के लिए विश्वविद्यालय की अधिकृत टीम द्वारा नया भौतिक निरीक्षण करना अनिवार्य होगा। इसमें भवन,कक्षाओं,शिक्षकों, पुस्तकालय और अन्य शैक्षणिक सुविधाओं की वास्तविक स्थिति की जांच की जाएगी। साथ ही विधि डिग्री, अंकसूची और प्रमाण-पत्रों को नेशनल एकेडमिक डिपॉजिटरी एवं डिजिलॉकर पर उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए हैं।
अब विश्वविद्यालय के फैसले पर टिकी नजरें : बीसीआई की सशर्त मंजूरी के बाद सरगुजा में विधि शिक्षा के विस्तार की उम्मीद जगी है। हालांकि, 60 सीटों पर प्रवेश कब शुरू होगा,यह विश्वविद्यालय प्रशासन की अगली कार्रवाई पर निर्भर करेगा। राज्य बार काउंसिल के अध्यक्ष ने भी विद्यार्थियों के हित में देरी किए बिना प्रक्रिया शुरू करने की मांग रखी है। ऐसे में अब देखना होगा कि विश्वविद्यालय प्रशासन स्वीकृति की शर्तें पूरी कर चालू शैक्षणिक सत्र में विद्यार्थियों को प्रवेश का अवसर दे पाता है या नहीं।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur