Breaking News

अम्बिकापुर@सडकों की बदहाली और निगम की नाकामी पर 1 दिसंबर से कांग्रेस की क्रमिक भूख हड़ताल

Share


खरसिया रोड समेत शहर की सडकों पर धूल से राहत नहीं मिलने पर आंदोलन की चेतावनी, वार्डों में घर-घर जाकर निगम के कामकाज का ऑडिट भी करेगी कांग्रेस

-संवाददाता-
अम्बिकापुर,27 नवम्बर 2026 (घटती-घटना)। शहर की जर्जर सडकों, उड़ती धूल और नगर निगम की बदहाल व्यवस्थाओं को लेकर कांग्रेस अब आंदोलन के मूड में है। समस्याओं के निराकरण के लिए 30 नवंबर तक का अल्टीमेटम देते हुए कांग्रेस ने 1 दिसंबर से क्रमिक भूख हड़ताल शुरू करने का ऐलान किया है। यह आंदोलन विवेकानंद चौक स्थित स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा के सामने किया जाएगा। कांग्रेस जिलाध्यक्ष बालकृष्ण पाठक और नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष शफी अहमद ने संयुक्त बयान जारी कर कहा कि शहर की प्रमुख सडकों, खासकर खरसिया रोड,मनेन्द्रगढ़ रोड और रामानुजगंज रोड की स्थिति लंबे समय से खराब है। बरसात में जहां सडकों पर कीचड़ और दलदल से लोग परेशान रहे, वहीं अब धूल के गुबार ने मुश्किलें बढ़ा दी हैं। खरसिया रोड पर रहने वाले नागरिकों, व्यापारियों और राहगीरों को सबसे ज्यादा परेशानी हो रही है। धूल से परेशान होकर खाद्य सामग्री बेचने वाले कई छोटे दुकानदारों ने अपना कारोबार तक बंद कर दिया है। कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग और निर्माण एजेंसी सडकों पर नियमित पानी का छिडकाव तक नहीं करा रही हैं। भाजपा सरकार और जनप्रतिनिधि काम कराने के बजाय सोशल मीडिया पर फोरलेन और सिक्सलेन सडकों की तस्वीरें दिखाकर लोगों को गुमराह कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि 30 नवंबर तक सडकों के सुधार के लिए प्रभावी काम शुरू नहीं हुआ तो कांग्रेस भूख हड़ताल करेगी।
सडक,सफाई,पानी और स्ट्रीट लाइट भी आंदोलन के मुद्दे : कांग्रेस ने आंदोलन में नगर निगम क्षेत्र की समस्याओं को भी शामिल किया है। जिलाध्यक्ष बालकृष्ण पाठक और नेता प्रतिपक्ष शफी अहमद का कहना है कि पिछले दो-तीन वर्षों से सांसद,विधायक, मंत्री, महापौर और प्रशासनिक अधिकारी केवल आश्वासन दे रहे हैं,लेकिन जमीनी स्तर पर काम नजर नहीं आ रहा है। उनका आरोप है कि शहर के कई वार्डों में सडकों के टेंडर हुए महीनों बीत चुके हैं,लेकिन निर्माण शुरू नहीं हो पाया है। स्ट्रीट लाइट,सफाई,पेयजल आपूर्ति और राशन कार्ड जैसी समस्याओं का भी निराकरण नहीं हो रहा है। गर्मियों में बनी सडकों पर भी गुणवत्ता की कमी के कारण गड्ढे हो गए हैं। जनप्रतिनिधियों ने पहले 15 अक्टूबर तक और फिर दीपावली तक निर्माण कार्य शुरू कराने का आश्वासन दिया था, लेकिन अब तक काम शुरू नहीं हुआ है।
घर-घर जाकर निगम के कामकाज की समीक्षा करेगी कांग्रेस : ब्लॉक कांग्रेस कमेटी की बैठक में निगम के कामकाज का वार्डवार ऑडिट कराने का निर्णय भी लिया गया है। इसके तहत कांग्रेस अपने पार्षदों वाले वार्डों में पार्षदों के माध्यम से और भाजपा पार्षदों वाले वार्डों में चयनित प्रतिनिधियों के जरिए घर-घर जाकर नागरिकों से फीडबैक लेगी।
इस दौरान सडक, बिजली, पानी, सफाई और राशन कार्ड से जुड़ी समस्याओं की जानकारी जुटाई जाएगी। इसके बाद रिपोर्ट नगर निगम और जिला प्रशासन को सौंपी जाएगी। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि आंदोलन के साथ ही वार्डों में निगम की सेवाओं की वास्तविक स्थिति भी सामने लाई जाएगी।


Share

Check Also

एमसीबी@स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने की नगरीय निकायों एवं निर्माण विभागों के विकास कार्यों की समीक्षा,अप्रारंभ कार्यों को शीघ्र शुरू करने के निर्देश

Share निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से समझौता स्वीकार्य नहीं,जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के …

Leave a Reply