Breaking News

रायपुर@न्यायालय के आदेश के बाद भी G21A और G21B में बिजली नहीं,मैग्नेटो मॉल प्रबंधन की भूमिका पर सवाल

Share


दुकानदार को राहत के लिए फिर लगाने पड़ रहे चक्कर? आदेश के पालन की जिम्मेदारी किसकी,बिजली विभाग और जिला प्रशासन की चुप्पी पर भी उठे सवाल


दुलारे अंसारी
रायपुर,27 नवम्बर 2026। राजधानी के प्रतिष्ठित मैग्नेटो मॉल में दुकान नंबर G21A और G21B का बिजली कनेक्शन विवाद अब न्यायालय के आदेश के पालन तक पहुंच गया है। संबंधित दुकानदार का आरोप है कि न्यायालय से राहत मिलने के बावजूद अब तक दुकानों में बिजली कनेक्शन बहाल नहीं किया गया है। ऐसे में सवाल उठने लगा है कि आखिर न्यायालय के आदेश के बाद भी दुकानदार को राहत क्यों नहीं मिल रही और आदेश के पालन में बाधा कहां है? मामले में सबसे गंभीर पहलू यह है कि दुकान संचालक को अपने व्यावसायिक प्रतिष्ठान में बिजली जैसी बुनियादी सुविधा के लिए न्यायालय का दरवाजा खटखटाना पड़ा। आरोप है कि आदेश जारी होने के बाद भी स्थिति में कोई बदलाव नहीं आया है। यदि न्यायालय के स्पष्ट निर्देश के बावजूद संबंधित पक्ष द्वारा उसका पालन नहीं किया जा रहा है तो यह केवल दो पक्षों के बीच व्यावसायिक विवाद का मामला नहीं रह जाता, बल्कि न्यायिक आदेश के अनुपालन का भी गंभीर प्रश्न बन जाता है।
आदेश के पालन की जिम्मेदारी किसकी? इस पूरे मामले में मैग्नेटो मॉल प्रबंधन की भूमिका पर सवाल उठ रहे हैं। आखिर किन परिस्थितियों में दुकान नंबर G21A और G21B का बिजली कनेक्शन नहीं जोड़ा जा रहा है? क्या प्रबंधन की ओर से कोई तकनीकी या कानूनी अड़चन बताई गई है? क्या बिजली कनेक्शन बहाल करने के लिए संबंधित बिजली वितरण कंपनी के स्तर पर कोई प्रक्रिया लंबित है? यदि ऐसा है तो इसकी स्पष्ट जानकारी सार्वजनिक क्यों नहीं की जा रही?
क्या न्यायालय की शरण लेने के बाद भी राहत के लिए इंतजार? दुकान संचालक के लिए बिजली कनेक्शन केवल एक सुविधा नहीं, बल्कि कारोबार संचालित करने की बुनियादी जरूरत है। कनेक्शन नहीं होने से कारोबार प्रभावित होने और आर्थिक नुकसान की आशंका भी बनी रहती है। ऐसे में न्यायालय से आदेश मिलने के बाद भी यदि समस्या का समाधान नहीं होता है तो पीडि़त पक्ष के सामने फिर कानूनी प्रक्रिया अपनाने की स्थिति बन सकती है। आदेश की प्रकृति और उसके अनुपालन की स्थिति के आधार पर सक्षम न्यायालय में उचित कानूनी उपाय भी उपलब्ध हो सकते हैं। अब इस मामले में मैग्नेटो मॉल प्रबंधन,बिजली वितरण कंपनी और संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों को स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए। आखिर दुकान नंबर G21A और G21B में बिजली कनेक्शन कब तक बहाल होगा? न्यायालय के आदेश के अनुपालन में देरी का वास्तविक कारण क्या है? और इसके लिए जिम्मेदार कौन है? इन सवालों का जवाब सामने आना जरूरी है। न्यायालय के आदेशों का पालन सुनिश्चित करना संबंधित पक्षों की जिम्मेदारी है, ताकि किसी दुकानदार को न्याय पाने के बाद भी राहत के लिए भटकना न पड़े।
बिजली विभाग और प्रशासन की जवाबदेही भी जरूरी
बिजली कनेक्शन से जुड़े मामलों में संबंधित वितरण कंपनी की भूमिका भी महत्वपूर्ण होती है। ऐसे में छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी के जिम्मेदार अधिकारियों को स्पष्ट करना चाहिए कि संबंधित दुकानों में कनेक्शन देने की प्रक्रिया कहां तक पहुंची है और यदि कनेक्शन नहीं दिया गया है तो उसका विधिक एवं तकनीकी आधार क्या है। जिला प्रशासन को भी मामले की वास्तविक स्थिति की जानकारी लेकर संबंधित पक्षों से जवाब मांगना चाहिए।


Share

Check Also

एमसीबी@स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने की नगरीय निकायों एवं निर्माण विभागों के विकास कार्यों की समीक्षा,अप्रारंभ कार्यों को शीघ्र शुरू करने के निर्देश

Share निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से समझौता स्वीकार्य नहीं,जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के …

Leave a Reply