कलकत्ता हाईकोर्ट ने नियुक्ति रद्द की,टीएमसी के 58 विधायक तोड़कर नया गुट बनाया था
कोलकाता,27 नवम्बर 2026। कलकत्ता हाईकोर्ट ने शुक्रवार को पश्चिम बंगाल विधानसभा अध्यक्ष के उस आदेश को रद्द कर दिया, जिसमें 3 जून को ऋतब्रत बनर्जी को नेता प्रतिपक्ष और अखरुज्जमां को मुख्य सचेतक नियुक्त किया गया था। अदालत ने कहा कि स्पीकर का यह आदेश गलत है। हाईकोर्ट ने विधानसभा अध्यक्ष को निर्देश दिया कि वे आदेश की प्रति मिलने के 10 दिनों के भीतर कानून के प्रावधानों के मुताबिक दोनों नियुक्तियों पर दोबारा विचार करें। अदालत के फैसले के बाद अब इन पदों पर नियुक्ति को लेकर विधानसभा अध्यक्ष को नए सिरे से निर्णय लेना होगा। हाईकोर्ट ने यह फैसला ममता गुट के नेता शोभनदेव चट्टोपाध्याय की याचिका पर दिया।
अब आगे क्या होगा,3 संभावनाएं
द्द शोभनदेव चट्टोपाध्याय : टीएमसी के आधिकारिक फैसले के आधार पर उनकी दावेदारी फिर सामने आएगी।
द्द ऋतब्रत बनर्जी : वे दोबारा नेता प्रतिपक्ष बनाए जाने की मांग कर सकते हैं। हालांकि, पुराने आदेश के आधार पर उनका पद बरकरार नहीं रहेगा।
विधानसभा अध्यक्ष : उन्हें दोनों पक्षों की दलीलों और संबंधित कानूनी प्रावधानों पर विचार करके नया फैसला लेना होगा।
टीएमसी में विवाद और बगावत की शुरुआत कैसे हुई : पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में टीएमसी को 80 सीटें मिलीं और वह विधानसभा में मुख्य विपक्षी दल बनी। चुनाव के बाद ममता बनर्जी ने वरिष्ठ विधायक शोभनदेव चट्टोपाध्याय को नेता प्रतिपक्ष बनाने का फैसला किया। 6 मई को टीएमसी मुख्यालय में विधायकों की बैठक हुई। शोभनदेव चट्टोपाध्याय के नाम पर सहमति बनी। 19 मई को पार्टी की ओर से हस्ताक्षरित प्रस्ताव विधानसभा अध्यक्ष को भेजा गया,लेकिन इस प्रस्ताव के हस्ताक्षरों पर विवाद खड़ा हो गया। ऋतब्रत बनर्जी ने आरोप लगाया कि कई विधायकों के हस्ताक्षर फर्जी हैं। 2026 के विधानसभा चुनाव में हार के बाद टीएमसी में अंदरूनी संघर्ष तेज हो गया था। जून में पार्टी के 27 लोकसभा सांसदों में से 20 ने अलग होकर एनसीपीआई के साथ गठबंधन किया और एनडीए को समर्थन दे दिया। इसके बाद विधानसभा में भी बगावत शुरू हो गई। पार्टी के करीब 80 विधायकों में से 58 ने ऋतब्रत बनर्जी को विपक्ष का नेता बनाने का समर्थन किया। बागी विधायकों ने अलग बैठक कर अरूप रॉय को अध्यक्ष चुना और समानांतर संगठन बनाने का ऐलान किया।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur