-संवाददाता-
बलरामपुर,17 नवम्बर 2026 (घटती-घटना)। राज्य के ग्रामीण अंचल में शिक्षा और स्वच्छता की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। बलरामपुर जिले के जनपद पंचायत राजपुर अंतर्गत ग्राम पंचायत बैढी के पूर्व माध्यमिक शाला कोरवापारा में सोमवार को बालिका शौचालय का औपचारिक लोकार्पण किया गया। खास बात यह रही कि इस शौचालय का फीता किसी अधिकारी या अतिथि ने नहीं,बल्कि विद्यालय की नन्हीं छात्राओं ने अपने हाथों से काटकर किया। लोकार्पण समारोह के मुख्य अतिथि जनपद अध्यक्ष विनय भगत रहे। इस पहल से स्कूल की छात्राओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला,जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में बालिकाओं की शिक्षा और उनकी व्यक्तिगत स्वच्छता (हाइजीन) को लेकर बढ़ती जागरूकता का स्पष्ट संदेश गया।
‘विकसित भारत-गारंटी फॉर रोजगार’ मिशन के तहत हो रहा निर्माण : कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी के निर्देश और जिला पंचायत सीईओ आशुतोष चतुर्वेदी के कुशल मार्गदर्शन में, जनपद पंचायत राजपुर क्षेत्र के अंतर्गत ‘विकसित भारत-गारंटी फॉर रोजगार एंड आजीविका मिशन ग्रामीण’योजना के तहत कुल 43 बालिका शौचालयों का निर्माण किया जा रहा है। कोरवापारा स्कूल में हुआ यह लोकार्पण इसी अभियान की एक अहम कड़ी है, जिसका उद्देश्य ग्रामीण स्कूलों में बालिकाओं के लिए बेहतर और सुरक्षित बुनियादी सुविधाएं सुनिश्चित करना है।
स्कूली बच्चों ने दी मनमोहक प्रस्तुतियां : कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने VB-G RAM G’ योजना और स्वच्छता के महत्व को दर्शाते हुए एक से बढ़कर एक मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जिन्हें उपस्थित अतिथियों और ग्रामीणों ने खूब सराहा। इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों की विशेष उपस्थिति रही, जिनमें मुख्य रूप सेः
जनपद सदस्य श्रीमती सुंदरमुनि मिंज
जनपद पंचायत सीईओ संजय दुबे
सरपंच ईसु कुजूर
प्रधान पाठक श्याम सुंदर चौरगे
इनके अलावा बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे,ग्रामीणजन, क्षेत्र के पंचगण तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur