Breaking News

रायपुर@अवैध कॉस्मेटिक निर्माण फर्म पर छापा 5 लाख का सामान जब्त,बिना लाइसेंस बन रही थीं ब्यूटी क्रीम और सीरम

Share


रायपुर,17 नवम्बर 2026। राजधानी रायपुर में खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम ने बिना वैध लाइसेंस के कॉस्मेटिक उत्पादों का निर्माण करने वाली फर्म के खिलाफ कार्रवाई की है। महावीर नगर स्थित मेसर्स शिव बाबा इंटरनेशनल में औचक निरीक्षण के दौरान अवैध रूप से ब्यूटी क्रीम और फेशियल सीरम बनाए जाने का मामला सामने आया। टीम ने मौके से 12 प्रकार की मशीनें और 8 प्रकार के कच्चे माल सहित करीब 5 लाख रुपये की सामग्री जब्त की है। खाद्य एवं औषधि प्रशासन छत्तीसगढ़ के नियंत्रक दीपक कुमार अग्रवाल के निर्देश और सहायक औषधि नियंत्रक बेनी राम साहू के मार्गदर्शन में रायपुर की टीम ने यह कार्रवाई की। निरीक्षण के दौरान फर्म के संचालक महेंद्र सचदेव द्वारा बिना वैध कॉस्मेटिक्स निर्माण अनुज्ञप्ति के तीन प्रकार के उत्पादों का निर्माण किया जाना पाया गया। कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने तीनों कॉस्मेटिक उत्पादों के नमूने गुणवत्ता परीक्षण और विश्लेषण के लिए भेजे हैं। इसके अलावा निर्माण स्थल से उत्पाद बनाने में इस्तेमाल की जा रही 12 प्रकार की मशीनें और 8 प्रकार के कच्चे माल को भी जब्त किया गया है। जब्त सामग्री की अनुमानित कीमत करीब 5 लाख रुपये बताई गई है। खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने यह कार्रवाई औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम, 1940 और इसके तहत बनाए गए नियमों के प्रावधानों के अंतर्गत की है। अधिकारियों के मुताबिक,नमूनों की जांच रिपोर्ट मिलने के बाद नियमानुसार आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई में औषधि नियंत्रण अधिकारी टेकचंद धीरहे,ईश्वरी नारायण सिंह,लक्ष्मी कौशिक और सुरेश साहू शामिल रहे।


Share

Check Also

अम्बिकापुर@ मामलों के त्वरित निराकरण हेतु 21 नवम्बर 2026 को विशेष लोक अदालत का होगा आयोजन

Share -संवाददाता-अम्बिकापुर,17 नवम्बर 2026 (घटती-घटना)। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण नई दिल्ली एवं छत्तीसगढ़ राज्य विधिक …

Leave a Reply