सैकड़ों गौ प्रेमियों ने की पूजा-अर्चना,गौवंशों को खिलाया आहार;30 हजार से अधिक गायों के रेस्क्यू का दावा
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,17 नवम्बर 2026 (घटती-घटना)। गौ अष्टमी का पर्व सरगुजा जिले में श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर खलीबा स्थित गौ आश्रय धाम में सैकड़ों की संख्या में गौ प्रेमी पहुंचे। यहां विधि-विधान से गौ माता की पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि की कामना की गई।
साथ ही गौवंशों को आहार खिलाकर सेवा और संरक्षण का संदेश दिया गया। गौ अष्टमी पर सुबह से ही गौ आश्रय धाम में श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। भक्तों ने गौ माता का पूजन कर उनका आशीर्वाद लिया। इस दौरान गौ सेवा और संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करने का प्रयास भी किया गया।गौ सेवा मंडल के अध्यक्ष रिंकू तिवारी ने बताया कि गौ आश्रय धाम पिछले कई वर्षों से बेसहारा और जरूरतमंद गौवंशों की सेवा एवं संरक्षण में जुटा हुआ है। संस्था के अनुसार,अब तक सरगुजा जिले में 30 हजार से अधिक गायों का रेस्क्यू किया जा चुका है। इस अवसर पर गौ आश्रय धाम में भंडारे का आयोजन भी किया गया।
इसमें बड़ी संख्या में पहुंचे गौ प्रेमियों और पशु प्रेमियों ने प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन में शामिल सरोज मिश्रा ने भी गौ माता का पूजन कर अपनी श्रद्धा प्रकट की। गौ अष्टमी का आयोजन धार्मिक आस्था के साथ ही गौवंशों के प्रति संवेदना, सेवा और संरक्षण की जिम्मेदारी निभाने का संदेश देता नजर आया।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur