मेडिकल दुकान से इंजेक्शन लाकर स्थानीय स्तर पर बेचने की थी तैयारी,97 हजार रुपए का माल जब्त
-संवाददाता-
अम्बिकापुर17 नवम्बर 2026 (घटती-घटना)। प्रतिबंधित नशीले इंजेक्शन की तस्करी के मामले में कोतवाली पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 97 नग नशीले इंजेक्शन जब्त किए हैं,जिनकी कीमत करीब 97 हजार रुपए बताई गई है। आरोपी मेडिकल दुकान से इंजेक्शन लाकर स्थानीय स्तर पर बिक्री करने की तैयारी में थे। पुलिस के अनुसार,16 नवंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि डिगमा निवासी अंकित गुप्ता अपने साथी साहिद अंसारी के साथ शंकरघाट खनिज बैरियर के पास नशीले इंजेक्शन बेचने आने वाला है। सूचना पर कोतवाली पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर दोनों संदिग्धों को घेराबंदी कर पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 40 नग बुप्रेनॉर्फिन इंजेक्शन (रेक्सोजेसिक) और 57 नग फेनिरामाइन मैलेट इंजेक्शन (एविल) बरामद किए गए। जब्त इंजेक्शनों की कुल मात्रा 650 एमएल और कीमत करीब 97 हजार रुपए बताई गई है। पूछताछ में आरोपियों ने मेडिकल दुकान से इंजेक्शन लाकर बिक्री करने की बात स्वीकार की। पुलिस ने आरोपी अंकित गुप्ता (27), निवासी जयसिंहनगर,जिला शहडोल (मप्र), हाल मुकाम डिगमा,गांधीनगर और साहिद अंसारी (25), निवासी दिनाबार,जिला पलामू (झारखंड) के खिलाफ कोतवाली थाने में,धारा
21(सी) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया है। दोनों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। कार्रवाई में कोतवाली थाना प्रभारी उप निरीक्षक अखिलेश सिंह, प्रशिक्षु उप निरीक्षक आशी झा,अनुराग वर्मा,एएसआई देवनारायण यादव सहित आरक्षक विवेक राय, नितिन सिन्हा, हिमांशु दास,लालबाबू सिंह और शिव राजवाड़े शामिल रहे।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur