Breaking News

सूरजपुर@ बच्चों की खिलखिलाहट के बीच मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने मनाया जन्मदिन,आंगनबाड़ी में बच्चों के साथ किया न्योता भोज

Share


नन्हे-मुन्नों ने गीत और कविताएं सुनाकर दी जन्मदिन की बधाई,मंत्री ने खुद परोसा भोजन और बच्चों के साथ पंगत में बैठकर किया भोजन,टॉफियां व उपहार पाकर खिल उठे बच्चों के चेहरे
-संवाददाता-
सूरजपुर ,11 नवम्बर 2026 (घटती-घटना)।
जन्मदिन को आमतौर पर परिवार और परिचितों के बीच उत्सव के रूप में मनाया जाता है, लेकिन जब इस खास दिन की खुशियां उन नन्हे चेहरों के साथ साझा की जाएं, जिनकी मुस्कान ही सबसे बड़ा उपहार हो, तो उसका महत्व और बढ़ जाता है, महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने अपना जन्मदिन कुछ इसी आत्मीय अंदाज में सूरजपुर जिले के ग्राम लटोरी के नवापारा स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में बच्चों के बीच मनाया, यहां उन्होंने न केवल बच्चों के साथ समय बिताया, बल्कि न्योता भोज के माध्यम से उनके साथ भोजन भी साझा किया, मंत्री ने अपने हाथों से बच्चों को भोजन परोसा और स्वयं भी उनके साथ बैठकर भोजन ग्रहण किया, इस अवसर पर प्रेमनगर विधायक श्री भूलन सिंह मरावी भी उपस्थित रहे। मंत्री श्रीमती राजवाड़े के आंगनबाड़ी केंद्र पहुंचते ही बच्चों ने उत्साह के साथ उनका स्वागत किया, नन्हे-मुन्नों ने एक स्वर में ‘हैप्पी बर्थडे टू यू’ गाकर उन्हें जन्मदिन की बधाई दी, बच्चों की मासूम आवाज और सहज अभिव्यक्ति ने आयोजन को औपचारिकता से अलग एक पारिवारिक माहौल दे दिया, मंत्री ने भी बच्चों के बीच बैठकर उनसे बातचीत की, उनके नाम पूछे और उन्हें खुलकर अपनी बातें रखने के लिए प्रोत्साहित किया। बच्चों ने पूरे उत्साह के साथ अपना परिचय दिया और अपनी बाल कविताएं सुनाईं।
गीत-कविताओं से बच्चों ने बनाया जन्मदिन खास- आंगनबाड़ी केंद्र में बच्चों की प्रस्तुतियां आयोजन का आकर्षण रहीं, किसी ने ‘मछली जल की रानी है’ सुनाई तो किसी ने ‘आलू कचालू’ और ‘तितली रानी’ जैसी बाल कविताओं से सभी का ध्यान खींचा, बच्चों की इन छोटी-छोटी प्रस्तुतियों पर मंत्री ने तालियां बजाकर उनका उत्साह बढ़ाया, उन्होंने बच्चों से सहज अंदाज में सवाल भी किए और उनकी प्रतिक्रियाओं को ध्यान से सुना, मंत्री ने जब पूछा कि आंगनबाड़ी केंद्र में रोज कौन-कौन आता है, तो बच्चों ने मुस्कुराते हुए हाथ उठाकर जवाब दिया, उनकी सहजता और आत्मविश्वास देखकर वहां मौजूद लोगों के चेहरे पर भी मुस्कान आ गई, इस संवाद के माध्यम से बच्चों को अपनी बात कहने और समूह के सामने अभिव्यक्ति का अवसर मिला।
चॉकलेट का रैपर कहां डालना चाहिए? बच्चों ने दिया सही जवाब– बच्चों के साथ बातचीत के दौरान मंत्री ने स्वच्छता और अच्छी आदतों को लेकर भी सवाल किए, उन्होंने पूछा कि चॉकलेट खाने के बाद उसका रैपर कहां डालना चाहिए? इस पर बच्चों ने एक साथ जवाब दिया—डस्टबिन में, बच्चों के सही जवाब पर मंत्री ने उनकी सराहना की और आसपास साफ-सफाई बनाए रखने की सीख दी, उन्होंने बच्चों को छोटी उम्र से ही स्वच्छता की आदत अपनाने और अपने आसपास के वातावरण को साफ रखने के लिए प्रेरित किया, इस तरह जन्मदिन का आयोजन केवल मनोरंजन और उपहार वितरण तक सीमित नहीं रहा, बल्कि बच्चों को रोजमर्रा के व्यवहार में अच्छी आदतें अपनाने का संदेश देने का अवसर भी बना।
मंत्री ने खुद परोसा भोजन, बच्चों के साथ पंगत में बैठकर किया भोजन- न्योता भोज के दौरान बच्चों के लिए विशेष भोजन की व्यवस्था की गई थी, मेन्यू में चावल, दाल, खीर, पूड़ी, छोला और मुनगा भाजी सहित कई व्यंजन शामिल थे। भोजन शुरू करने से पहले बच्चों ने सामूहिक रूप से भोजन मंत्र का पाठ किया, इसके बाद मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने स्वयं बच्चों को भोजन परोसा और उनके साथ जमीन पर बैठकर भोजन ग्रहण किया, मंत्री का बच्चों के बीच बैठकर भोजन करना आयोजन की सबसे आत्मीय झलक रही, इससे बच्चों के साथ समानता और अपनत्व का भाव दिखाई दिया, बच्चों के साथ एक ही पंगत में भोजन साझा करते हुए उन्होंने अपने जन्मदिन की खुशियों को उनके बीच बांटा, भोजन के बाद मंत्री ने बच्चों को टॉफियां और उपहार भेंट किए। उपहार पाकर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे।
न्योता भोज से बच्चों के पोषण और सामुदायिक सहभागिता का संदेश-
आंगनबाड़ी केंद्रों में न्योता भोज की पहल का उद्देश्य बच्चों के पोषण, देखभाल और समग्र विकास से समाज की सहभागिता को जोड़ना है, इस तरह के आयोजनों के माध्यम से जनप्रतिनिधि, अधिकारी और समुदाय बच्चों के साथ समय बिताकर उनके खान-पान, व्यवहार और विकास से जुड़े विषयों के प्रति जागरूकता बढ़ा सकते हैं, मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने अपना जन्मदिन आंगनबाड़ी के बच्चों के साथ मनाकर इसी सामुदायिक सहभागिता का संदेश दिया, बच्चों के साथ भोजन साझा करना, उनकी बातें सुनना और उन्हें प्रोत्साहित करना इस आयोजन की विशेषता रही, इस अवसर पर प्रेमनगर विधायक भूलन सिंह मरावी सहित अन्य उपस्थित लोगों ने भी बच्चों के साथ समय बिताया, बच्चों के गीत, कविताएं, मासूम सवाल-जवाब और खिलखिलाहट ने जन्मदिन के इस आयोजन को यादगार बना दिया, जन्मदिन पर बच्चों के बीच पहुंचकर मंत्री ने खुशियां बांटने का ऐसा तरीका चुना, जिसमें महंगे उपहारों से अधिक महत्व बच्चों के साथ बिताए गए समय और उनके चेहरे पर आई मुस्कान का रहा, आंगनबाड़ी केंद्र में आयोजित यह न्योता भोज बच्चों के पोषण, स्वच्छता और सामुदायिक जुड़ाव का संदेश देने वाला आत्मीय आयोजन बना।


Share

Check Also

खड़गवां @खड़गवां में बावनपरी के कथित अवैध फड़ पर पुलिस की चुप्पी क्यों?

Share नदी उस पार बेखौफ सज रहे जुए के फड़! मुखबिर तंत्र फेल या फिर …

Leave a Reply