Breaking News

सूरजपुर@साइबर ठगों का ‘म्यूल अकाउंट’ नेटवर्क बेनकाब, सूरजपुर पुलिस ने दो आरोपियों को दबोचा…

Share


45 हजार और 53 हजार रुपये के साइबर फ्रॉड ट्रांजेक्शन की पुष्टि,1500 रुपये
के लालच में बैंक खाता खुलवाकर पासबुक,एटीएम और चेकबुक सौंपने का खुलासा
टेलीग्राम लिंक के जरिए खाते में रकम मंगाकर दूसरे खातों में भेजने
का आरोप, साइबर ठगी के बड़े नेटवर्क की कडि़यां खंगालने में जुटी पुलिस


-संवाददाता-
सूरजपुर,11 नवम्बर 2026 (घटती-घटना)।
ऑनलाइन साइबर ठगी के मामलों में ठगों द्वारा दूसरों के बैंक खातों का इस्तेमाल कर रकम का लेनदेन करने का एक और मामला सामने आया है, सूरजपुर पुलिस ने म्यूल अकाउंट के जरिए साइबर फ्रॉड में कथित रूप से संलिप्त दो फरार आरोपियों को गिरफ्तार किया है,जांच में बैंक ऑफ महाराष्ट्र के एक खाते में 45 हजार रुपये और आईडीबीआई बैंक के दूसरे खाते में 53 हजार रुपये के साइबर फ्रॉड से संबंधित लेनदेन प्रमाणित पाए गए, पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने अपने बैंक खाते साइबर ठगी करने वाले गिरोह के सदस्यों को उपलब्ध कराए थे,जिनका इस्तेमाल ठगी की रकम के लेनदेन में किया गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र के समन्वय पोर्टल पर विभिन्न बैंक शाखाओं में संचालित खातों के संबंध में शिकायतें प्राप्त हुई थीं, पुलिस मुख्यालय छत्तीसगढ़ से प्राप्त शिकायतों में विकास कुमार रवि के बैंक ऑफ महाराष्ट्र खाते और सुनील साहू के आईडीबीआई बैंक खाते का उल्लेख था,जांच में इन खातों से साइबर फ्रॉड की रकम का लेनदेन सामने आने पर थाना सूरजपुर में अलग-अलग अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई।
1500 रुपये लेकर खुलवाया खाता, फिर सौंप दिए बैंक के दस्तावेज-पहले मामले में थाना सूरजपुर में अपराध क्रमांक 466/2025 के तहत बीएनएस की धारा 317(4),318(2) और 61(2)(ए) में प्रकरण दर्ज किया गया था, बैंक ऑफ महाराष्ट्र के खाताधारक विकास कुमार रवि के ट्रांजेक्शन स्टेटमेंट की जांच में ऑनलाइन साइबर फ्रॉड से संबंधित 45 हजार रुपये का लेनदेन प्रमाणित पाया गया, पुलिस ने दबिश देकर विकास कुमार रवि पिता स्व. बनारसी लाल रवि,उम्र 21 वर्ष, निवासी ग्राम तिवरागुड़ी जूनापारा,थाना रामानुजनगर को पकड़ा,पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि बैकुंठपुर निवासी एक व्यक्ति ने उसे बैंक में खाता खुलवाने के बदले 1500 रुपये दिए थे,खाता खुलने के बाद उसने पासबुक, एटीएम कार्ड,चेकबुक और खाते से लिंक मोबाइल नंबर भी संबंधित व्यक्ति को सौंप दिया,पुलिस के मुताबिक,आरोपी ने अपना बैंक खाता साइबर फ्रॉड करने वाले गिरोह के सदस्यों को उपलब्ध कराया था,जिसका इस्तेमाल अवैध रूप से धनराशि के लेनदेन में किया जा रहा था। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
टेलीग्राम लिंक से क्तक्र कोड के जरिए खाते में मंगाई रकम-दूसरे मामले में आईडीबीआई बैंक के खाताधारक सुनील साहू के खाते की जांच में 53 हजार रुपये का साइबर फ्रॉड से संबंधित लेनदेन प्रमाणित पाया गया, इस संबंध में थाना सूरजपुर में अपराध क्रमांक 467/2026 के तहत बीएनएस की धारा 317(4), 318(2) और 61(2)(ए) में मामला दर्ज किया गया,पुलिस ने दबिश देकर सुनील साहू पिता द्वारिका प्रसाद साहू, उम्र 25 वर्ष, निवासी ग्राम त्रिपुरेश्वरपुर,थाना रामानुजनगर को गिरफ्तार किया,पूछताछ में आरोपी ने बताया कि टेलीग्राम पर प्राप्त लिंक के माध्यम से क्यूआर कोड का इस्तेमाल कर अपने बैंक खाते में पैसे प्राप्त करता था और खाते में आई रकम को दूसरे खातों में भेजता था,पुलिस के अनुसार,आरोपी ने साइबर फ्रॉड गिरोह के सदस्यों से पैसे लेकर अपने खाते का इस्तेमाल ठगी की रकम के लेनदेन के लिए करने दिया था। इस आधार पर उसे गिरफ्तार किया गया।
म्यूल अकाउंट के जरिए ठगी की रकम को आगे बढ़ाने का तरीका
साइबर अपराध की दुनिया में म्यूल अकाउंट उन बैंक खातों को कहा जाता है, जिनका इस्तेमाल ठगी से प्राप्त रकम को एक खाते से दूसरे खाते में भेजने के लिए किया जाता है,कई बार खाताधारकों को कमीशन,नौकरी या मामूली आर्थिक लालच देकर उनके नाम पर बैंक खाते खुलवाए जाते हैं अथवा पहले से संचालित खाते की बैंकिंग जानकारी हासिल कर ली जाती है, इसके बाद साइबर ठगी करने वाले गिरोह इन खातों के माध्यम से रकम का लेनदेन करते हैं,ऐसे मामलों में खाताधारक की भूमिका और जानकारी की स्थिति की जांच महत्वपूर्ण होती है, सूरजपुर में सामने आए दोनों मामलों में पुलिस ने खातों के ट्रांजेक्शन स्टेटमेंट और आरोपियों से पूछताछ के आधार पर कार्रवाई की है।
एसपी के निर्देश पर कार्रवाई,पुलिस टीम रही सक्रिय
सूरजपुर पुलिस अधीक्षक श्री योगेश कुमार पटेल (भापुसे) ने धोखाधड़ी और ऑनलाइन साइबर फ्रॉड के मामलों की गंभीरता से विवेचना करते हुए फरार आरोपियों की पतासाजी कर शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे,इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश देवांगन और सीएसपी विशाल गर्ग के मार्गदर्शन में थाना सूरजपुर पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया,इस कार्रवाई में थाना प्रभारी सूरजपुर प्रहलाद यादव,एएसआई देवनाथ चौधरी,रंजीत सोनवानी, आरक्षक रविराज पाण्डेय और गणेश सिंह सक्रिय रहे,साइबर फ्रॉड के इन मामलों ने एक बार फिर आगाह किया है कि मामूली रकम के लालच में बैंक खाता,एटीएम,चेकबुक,पासबुक या खाते से जुड़ा मोबाइल नंबर किसी दूसरे व्यक्ति को सौंपना गंभीर कानूनी परेशानी का कारण बन सकता है, पुलिस की कार्रवाई के बाद अब ऐसे खातों के पीछे सक्रिय अन्य लोगों और कथित नेटवर्क की भूमिका की जांच भी महत्वपूर्ण होगी।


Share

Check Also

खड़गवां @खड़गवां में बावनपरी के कथित अवैध फड़ पर पुलिस की चुप्पी क्यों?

Share नदी उस पार बेखौफ सज रहे जुए के फड़! मुखबिर तंत्र फेल या फिर …

Leave a Reply