Breaking News

अम्बिकापुर@हथिनी की मौत के बाद दूसरे हाथी की तलाश तेज,14 संदेहियों से पूछताछ

Share


डॉग स्क्वायड ने जंगल में खंगाले सुराग, 9 को पूछताछ के बाद छोड़ा, 5 अब भी वन विभाग की हिरासत में…


-संवाददाता-
अम्बिकापुर,11 नवम्बर 2026 (घटती-घटना)। उदयपुर वन परिक्षेत्र में एक हथिनी की करंट से मौत के मामले में वन विभाग की जांच तेज हो गई है। कुसवामुंडा जंगल में हथिनी का शव मिलने के बाद अब दूसरे लापता हाथी की तलाश की जा रही है। वहीं,शिकार के लिए जंगल में जीआई तार बिछाकर करंट फैलाने की आशंका पर वन विभाग ने अब तक 14 संदेहियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की है। इनमें से 9 को छोड़ दिया गया है, जबकि 5 से पूछताछ जारी है। लक्ष्मणगढ़ के कुसवामुंडा जंगल में मंगलवार को मादा हथिनी का शव मिला था। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार,करीब एक सप्ताह पहले ही उसकी करंट लगने से मौत हो गई थी। डीएफओ लोकनाथ पटेल, एसडीओ सपना मुखर्जी और रेंजर फेंकू चौबे की मौजूदगी में हथिनी का पोस्टमार्टम कराया गया। इसके बाद शव को दफना दिया गया। घटनास्थल के पास जीआई तार भी मिले हैं। आशंका है कि जंगली जानवरों के शिकार के लिए तार बिछाकर करंट प्रवाहित किया गया था। हथिनी का शव मिलने के बाद वन विभाग की टीम दूसरे लापता हाथी की तलाश में जुटी है। डॉग स्क्वायड की मदद से घटनास्थल से लेकर आसपास के जंगलों में खोजबीन की गई। इस दौरान अन्य वन्यजीवों के अवशेष भी मिले हैं। अधिकारियों ने सुखरी भंडार के ग्रामीणों से पूछताछ की। इसके बाद पहले सात संदेहियों को वन कार्यालय लाकर पूछताछ की गई। पूछताछ में अन्य लोगों के नाम सामने आने पर कुल 14 लोगों को हिरासत में लिया गया। इनमें से 9 को पूछताछ के बाद छोड़ दिया गया है, जबकि 5 से अभी पूछताछ जारी है। जानकारी के अनुसार,करमकटरा जंगल में करीब चार महीने से 27 हाथियों का दल विचरण कर रहा था। बाद में यह दल दो समूहों में बंट गया। करीब एक सप्ताह पहले 14 हाथियों का एक समूह इस क्षेत्र में देखा गया था। इनमें से 12 हाथी चकेरी जंगल की ओर चले गए, जबकि दो हाथियों का पता नहीं चल रहा था। अब एक हथिनी का शव मिलने के बाद दूसरे हाथी की तलाश तेज कर दी गई है। उदयपुर क्षेत्र में करीब 40 दिनों के भीतर करंट लगने से हाथी की मौत की यह दूसरी घटना है। ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि दोनों हाथियों की मौत करंट से हुई है। हालांकि,वन विभाग को फिलहाल एक ही हथिनी का शव मिला है। दूसरे हाथी की स्थिति और मौत को लेकर अभी कोई पुष्टि नहीं हुई है। वन विभाग जीआई तार बिछाकर करंट फैलाने वालों की पहचान करने में जुटा है।


Share

Check Also

खड़गवां @खड़गवां में बावनपरी के कथित अवैध फड़ पर पुलिस की चुप्पी क्यों?

Share नदी उस पार बेखौफ सज रहे जुए के फड़! मुखबिर तंत्र फेल या फिर …

Leave a Reply