तीन पार्किंग स्थल तैयार,15 नवंबर को भव्य गंगा आरती और सांस्कृतिक कार्यक्रमों से सजेगी छठ की शाम

-संवाददाता-
अम्बिकापुर,11 नवम्बर 2026 (घटती-घटना)। आस्था के महापर्व छठ पर इस बार खर्रा नदी के तट पर भव्य आयोजन की तैयारी है। घुनघुट्टा श्याम सेवा समिति सोहगा-करजी की ओर से नदी के दोनों तटों पर करीब 1200 छठ घाट तैयार कराए जा रहे हैं। पिछले वर्ष उमड़ी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए इस बार व्यवस्थाओं का विस्तार किया गया है। हजारों वाहनों की पार्किंग के लिए तीन अलग-अलग स्थल भी तैयार किए गए हैं। 15 नवंबर की शाम से अगले दिन सुबह तक खर्रा नदी का तट छठ के गीतों, भक्ति संगीत और गंगा आरती से गुंजायमान रहेगा।
समिति के संरक्षक राकेश गुप्ता ने बताया कि प्रतिवर्ष की तरह इस बार भी छठ पूजा का आयोजन व्यापक स्तर पर किया जा रहा है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए दोनों ओर घाटों के निर्माण की तैयारी पूरी कर ली गई है। 15 नवंबर को दोपहर 3 बजे से भक्तिमय सांस्कृतिक कार्यक्रम शुरू होंगे। शाम और सुबह भव्य गंगा आरती का आयोजन भी किया जाएगा। छठ पूजा के लिए घाटों के टोकन 12 नवंबर से वितरित किए जाएंगे। श्रद्धालु खर्रा नदी स्थित समिति के सदस्यों से या अंबिकापुर में न्यू महामाया रोड पर ग्रामीण बैंक के बगल में स्थित महामाया मिल स्टोर से टोकन प्राप्त कर सकेंगे। समिति ने छठ व्रती माताओं-बहनों और श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में आयोजन में शामिल होने की अपील की है।
शंकरघाट पर 29 वर्षों से हो रही तैयारी : इधर, शहर के प्रमुख छठ घाट शंकरघाट, घुनघुट्टा और सतीपारा तालाब सहित अन्य जलाशयों में भी साफ-सफाई और सजावट का काम तेजी से चल रहा है। शंकरघाट में मां महामाया सेवा समिति पिछले 29 वर्षों से छठ पूजा की व्यवस्था कर रही है। समिति अध्यक्ष विजय सोनी ने बताया कि हर साल व्रतियों की संख्या बढ़ रही है। अब बिहार, झारखंड और उत्तरप्रदेश के मूल निवासियों के साथ स्थानीय लोग भी बड़ी श्रद्धा से छठ व्रत कर रहे हैं। शंकरघाट में गोबर से लिपाई, जलाशय की सफाई और टेंट-पंडाल की व्यवस्था की गई है। व्रतियों के लिए अलाव, चाय और अर्घ्य के लिए दूध भी उपलब्ध कराया जाएगा।
कलेक्टर-एसएसपी ने लिया व्यवस्थाओं का जायजा : बुधवार को कलेक्टर अजीत वसंत और एसएसपी राजेश अग्रवाल ने शंकरघाट एवं घुनघुट्टा घाट का निरीक्षण किया। उन्होंने पूजा समितियों से तैयारियों की जानकारी ली। कलेक्टर ने सुरक्षा के लिए नगर सैनिकों की तैनाती,मुख्य मार्गों पर बैरिकेडिंग,पर्याप्त पुलिस बल,पार्किंग और यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही स्वास्थ्य टीम की तैनाती करने को कहा। एसएसपी ने पुलिस और राजस्व विभाग की टीम को समन्वय बनाकर सुरक्षा एवं निगरानी के इंतजाम करने के निर्देश दिए
13 नवंबर से शुरू होगा छठ महापर्व
चार दिवसीय छठ महापर्व 13 नवंबर को नहाय-खाय के साथ शुरू होगा। 14 नवंबर को खरना होगा। 15 नवंबर की शाम अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य दिया जाएगा,जबकि 16 नवंबर की सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ पर्व का समापन होगा।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur