बेजुबान डॉग शेल्टर में हुई पूजा-अर्चना और हवन
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,10 नवम्बर 2026 (घटती-घटना)। दीपावली के अवसर पर शहर के बेजुबान डॉग शेल्टर में कुकुर तिहार श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। इस दौरान शेल्टर में रह रहे कुत्तों को तिलक लगाया गया, फूलों की माला पहनाई गई और विशेष पकवान खिलाकर उनका सम्मान किया गया। टीम के सदस्यों ने पूजा-अर्चना और हवन कर सभी बेजुबान पशुओं के स्वस्थ एवं सुखी जीवन की कामना की। आयोजन का उद्देश्य समाज में बेजुबान पशुओं के प्रति प्रेम,सम्मान और संवेदनशीलता की भावना बढ़ाना था। शेल्टर में रह रहे घायल, बीमार और बेसहारा कुत्तों के लिए विशेष भोजन की व्यवस्था भी की गई। पूरी टीम ने मिलकर इस पर्व को उत्साहपूर्वक मनाया। शेल्टर के संस्थापक सुधांशु शर्मा ने कहा कि कुत्ते हमारे समाज और जीवन का अभिन्न हिस्सा हैं। वे बिना किसी स्वार्थ के इंसानों के प्रति प्रेम और वफादारी निभाते हैं। ऐसे में उनके प्रति दया, प्रेम और सम्मान रखना हमारी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि शेल्टर में रहने वाले बेजुबान पशु उनके लिए परिवार के सदस्यों की तरह हैं। सुधांशु शर्मा ने अपील की कि दीपावली या सामान्य दिनों में भी बेजुबान जानवरों को परेशान न करें। उन पर पत्थर न फेंकें और न ही मारें। पटाखों की तेज आवाज से पशु डर जाते हैं और उन्हें काफी परेशानी होती है। त्योहार खुशियां बांटने का अवसर है, किसी जीव को तकलीफ पहुंचाने का नहीं। शेल्टर की टीम ने लोगों से अपील की कि सडक दुर्घटना में घायल, बीमार या असहाय अवस्था में कोई पशु दिखाई दे तो उसकी अनदेखी न करें। तत्काल बेजुबान डॉग शेल्टर को सूचना दें,ताकि उसका रेस्क्यू कर उपचार और देखभाल की जा सके।
शेल्टर की टीम पिछले कई वर्षों से बेसहारा और घायल पशुओं के रेस्क्यू, उपचार एवं भोजन की व्यवस्था में जुटी है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur