Breaking News

अम्बिकापुर@ 88 फरार वारंटियों पर पुलिस का शिकंजा,24 घंटे में दबोचे गए आरोपी

Share


14 साल पुराने मारपीट के मामले से लेकर एनडीपीएस प्रकरण तक के वारंटी गिरफ्तार,कोतवाली पुलिस सबसे आगे
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,10 नवम्बर 2026 (घटती-घटना)।
न्यायालय से वारंट जारी होने के बावजूद वर्षों तक पुलिस की पकड़ से बाहर रहने वाले फरार वारंटियों के खिलाफ सरगुजा पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई की है। डीआईजी एवं एसएसपी राजेश कुमार अग्रवाल के निर्देश पर चलाए गए 24 घंटे के विशेष अभियान में पुलिस ने 69 स्थाई वारंट और 19 गिरफ्तारी वारंट सहित कुल 88 वारंटियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। पुलिस की इस कार्रवाई से जहां फरार वारंटियों में हड़कंप मचा, वहीं यह सवाल भी खड़ा होता है कि न्यायालय से वारंट जारी होने के बाद आखिर इतने लंबे समय तक ये आरोपी पुलिस की पकड़ से बाहर कैसे रहे? खासकर 14 साल पुराने मारपीट के मामले में स्थाई वारंट की तामिली यह बताने के लिए पर्याप्त है कि न्यायिक प्रक्रिया और पुलिस की कार्रवाई के बीच कितनी लंबी दूरी बनी रह सकती है।
कोतवाली पुलिस ने पकड़े सबसे ज्यादा वारंटी : अभियान में थाना कोतवाली पुलिस ने सर्वाधिक 30 स्थाई वारंटियों को गिरफ्तार किया। वहीं गांधीनगर पुलिस ने 14 स्थाई वारंट और एक गिरफ्तारी वारंट सहित 15 वारंटियों को पकड़ा। मणिपुर पुलिस ने 8, धौरपुर ने 11, उदयपुर ने 5, लुंड्रा ने 3, कमलेश्वरपुर ने 3, बतौली ने 3, लखनपुर ने 4, सीतापुर ने 4 और दरिमा पुलिस ने 2 वारंटियों को गिरफ्तार किया।
14 साल बाद खुली पुलिस की नींद, पुराने मामले में गिरफ्तारी : इस अभियान में थाना लखनपुर क्षेत्र के 14 वर्ष पुराने मारपीट के मामले का स्थाई वारंटी भी पुलिस के हत्थे चढ़ा। इसके अलावा एनडीपीएस के एक प्रकरण में न्यायालय द्वारा स्थाई वारंट जारी किए जाने पर सीतापुर थाना क्षेत्र के कोट बासपारा निवासी राजेश उर्फ भैरा को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया। दोनों मामलों में वारंटियों को न्यायालय के समक्ष पेश करने की कार्रवाई की गई।
सवाल सिर्फ गिरफ्तारी का नहीं, जवाबदेही का भी : सरगुजा पुलिस की 24 घंटे में 88 वारंटियों की गिरफ्तारी निश्चित रूप से बड़ी कार्रवाई है, लेकिन इस अभियान ने पुलिस की नियमित कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े किए हैं। यदि विशेष अभियान चलाकर एक ही दिन में इतनी बड़ी संख्या में वारंटी पकड़े जा सकते हैं, तो सामान्य दिनों में इनकी गिरफ्तारी के प्रयास कितने प्रभावी रहे? 14 साल पुराने मामले में वारंटी का खुलेआम घूमते रहना भी पुलिस की निगरानी व्यवस्था पर सवाल है। अब जरूरत केवल विशेष अभियान चलाकर आंकड़े जुटाने की नहीं, बल्कि न्यायालय से जारी प्रत्येक वारंट की नियमित समीक्षा, समयबद्ध तामिली और फरार आरोपियों की लगातार निगरानी सुनिश्चित करने की है। पुलिस का कहना है कि वारंटियों के विरुद्ध यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।


Share

Check Also

अम्बिकापुर@ जिले के 61 उपार्जन केन्द्रों में 15 नवंबर से होगी समर्थन मूल्य पर धान की खरीदी

Share निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार हो खरीदी,सभी तैयारियां समय पर पूर्ण कर ली जाएं,धान खरीदी …

Leave a Reply