Breaking News

सूरजपुर@ कबरा कान वाले हाथी को रोकना वन विभाग के लिए बनी चुनौती

Share

  • आठ माह में 16 ग्रामीणों की ले चुका है जान
  • दीपावली की रात दो लोगों को कुचलने के बाद अगले दिन वृद्ध को मारा, हाथी को ट्रेंकुलाइज कर कॉलर आईडी पहनाने की तैयारी


-संवाददाता-
सूरजपुर,10 नवम्बर 2026 (घटती-घटना)।
सूरजपुर जिले में कबरा कान वाले हाथी का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। लगातार आक्रामक हो रहे इस हाथी ने दीपावली की रात दो ग्रामीणों को कुचलकर मार डाला। इसके अगले दिन कंदरई गांव में एक वृद्ध को भी मौत के घाट उतार दिया। पिछले आठ माह में यह हाथी 16 ग्रामीणों की जान ले चुका है। लगातार हो रही घटनाओं से वन विभाग के सामने इस हाथी को नियंत्रित करना बड़ी चुनौती बन गया है। जानकारी के अनुसार, कबरा कान वाला हाथी पिछले कई दिनों से सूरजपुर जिले के सोनगरा वन परिक्षेत्र में विचरण कर रहा है। सोमवार को वह ग्राम सकलपुर पहुंचा था। इस दौरान कुछ लोग उसका वीडियो बना रहे थे और उसे भगाने का प्रयास कर रहे थे। तभी श्यामनगर निवासी 42 वर्षीय कृष्ण राजवाड़े हाथी की चपेट में आ गए। हाथी ने उन्हें सूंड से उठाकर पटक दिया और पैरों से कुचलकर मार डाला। इस घटना के कुछ देर बाद करंजी चौकी क्षेत्र के ग्राम पंचायत सोनपुर-सू के पंडोपारा निवासी मंटूलाल (40) खेत की रखवाली करने गए थे। इसी दौरान उनका सामना कबरा कान वाले हाथी से हो गया। हाथी ने उन्हें भी कुचलकर मार डाला।
रेलवे लाइन पार कर कंदरई पहुंचा हाथी,वृद्ध को कुचला : दो ग्रामीणों की जान लेने के बाद हाथी सोमवार रात करमपुर, पार्वतीपुर,केनापारा और तेलईकछार होते हुए रेलवे लाइन पार कर कंदरई गांव पहुंच गया। यहां पेंडरखी बीट के ग्राम पंचायत कंदरई के टूरीपतरा निवासी करीब 66 वर्षीय बिशन राम को कंदरई बाजार के पास कुचलकर मार डाला। सूचना पर वन विभाग का अमला और जयनगर पुलिस मौके पर पहुंची। शव का पंचनामा करने के बाद जब पोस्टमार्टम के लिए ले जाने की तैयारी की गई तो ग्रामीणों ने विरोध जताया। अधिकारियों की समझाइश के बाद परिजन तैयार हुए। वन विभाग ने अंतिम संस्कार के लिए मृतक के परिवार को 25 हजार रुपए की तत्कालिक सहायता दी।
पखवाड़ेभर में छह लोगों की मौत : कबरा कान वाला हाथी पिछले पखवाड़ेभर में छह ग्रामीणों की जान ले चुका है। वहीं आठ महीने में इसके हमलों में 16 लोगों की मौत हो चुकी है। हाथी के लगातार आक्रामक व्यवहार को देखते हुए वन विभाग उसे ट्रेंकुलाइज कर कॉलर आईडी पहनाने के लिए शासन स्तर पर प्रयास कर रहा है। सूरजपुर वन विभाग के एसडीओ संतोष पांडेय ने बताया कि हाथी की लगातार निगरानी की जा रही है। उसके लोकेशन के आधार पर आसपास के ग्रामीणों को सतर्क किया जा रहा है, ताकि जनहानि रोकी जा सके।


Share

Check Also

अम्बिकापुर@ जिले के 61 उपार्जन केन्द्रों में 15 नवंबर से होगी समर्थन मूल्य पर धान की खरीदी

Share निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार हो खरीदी,सभी तैयारियां समय पर पूर्ण कर ली जाएं,धान खरीदी …

Leave a Reply