Breaking News

नई दिल्ली@ सोनिया गांधी की किताब ‘बिलॉन्गिंगः अ जर्नी ऑफ लव’ की बिक्री शुरू

Share


544 पेज में 7 चैप्टर,राजीव से प्यार,इटली का पासपोर्ट छोड़ने और पीएम पद ठुकराने की कहानी
नई दिल्ली,10 नवम्बर 2026।
सोनिया गांधी की किताब ‘बिलॉन्गिंगः अ जर्नी ऑफ लव’ की ब्रिकी शुरू हो गई है। बिना किसी लॉन्च इवेंट के यह सीधे मार्केट में मिलने लगी है। हार्पर कॉलिन्स इंडिया से प्रकाशित इस किताब में 544 पेज हैं और इसे 7 चैप्टर में बांटा गया है। पहले एडिशन के लिए एक लाख कॉपियां छापी गई हैं। किताब के कवर पर सोनिया का फोटो है, जिसे 1966 में राजीव गांधी ने क्लिक किया था। शुरुआती पेज पर लिखा है-मेरे बेटे राहुल,बेटी प्रियंका और पोते-पोतियों रेहान और मिराया के नाम। इसके बाद एक पेज पर ऋग्वेद की ऋचाएं ली गई हैं। सोनिया ने किताब को निजी मेमॉयर बताया है और कहा है कि यह राजनीतिक किताब नहीं है। इसमें गांधी परिवार के साथ हुई त्रासदियों और 2004 के राजनीतिक घटनाक्रम का जिक्र है। किताब के 7 चैप्टर में राजीव से मुलाकात, प्यार-शादी, भारत आना, राजीव के निधन के बाद कांग्रेस का नेतृत्व करने और पार्टी को बहुमत मिलने के बावजूद प्रधानमंत्री न बनने के फैसले का जिक्र किया गया है। किताब में एक पेज पर ऋग्वेद की ऋचा (श्लोक) ली गई हैं। इसका अर्थ है…‘साथ मिलकर चलो, साथ मिलकर बोलो और तुम्हारे विचार एक हों। तुम्हारा उद्देश्य एक हो और तुम्हारे दिलों में आपसी सामंजस्य हो। तुम्हारे विचार एकजुट हों,ताकि तुम सब मिलकर एकता और पूर्णता के साथ जीवन बिताओ।’
इटली की नागरिकता छोड़ते वक्त धड़कनें तेज थी : सोनिया ने किताब में बताया कि उन्होंने काफी समय तक अपना इटली का पासपोर्ट संभालकर रखा था,क्योंकि वह उनकी पहचान का हिस्सा था, जिसे वे इटली से भारत लेकर आई थीं। इस पासपोर्ट के जरिए उन्हें अपने माता-पिता से मिलने के लिए कई तरह के फॉर्म और स्पॉन्सरशिप लेटर की औपचारिकताएं नहीं करनी पड़ती थीं। हालांकि,समय के साथ इटली जाना कम हो गया और वहां की जीवनशैली से उनका जुड़ाव भी पहले जैसा नहीं रहा।
राजीव गांधी के सार्वजनिक जीवन में आने के बाद उन्हें भारतीय नागरिकता लेना सही लगा। वे भारतीय खान-पान, पहनावे और रहन-सहन को अपना चुकी थीं। उनका परिवार और दोस्त भी भारत में थे। नागरिकता छोड़ने की औपचारिक प्रक्रिया इटली के राजदूत के आवास पर हुई। वहां एक अधिकारी ने उन्हें दस्तावेज पढ़कर सुनाने और फैसला अंतिम होने की बात समझने को कहा। दस्तावेज पढ़ते समय उनकी धड़कन तेज हो गई और चेहरा गर्म हो गया। उन्हें ऐसा लगा जैसे उनकी पहचान का बचा हुआ एक हिस्सा भी हमेशा के लिए छूट रहा हो। रिकॉर्ड के मुताबिक, उन्होंने 1983 में भारतीय नागरिकता ली थी।
कैम्बि्रज में राजीव से पहली मुलाकात,पहली नजर में प्यार हुआ
सोनिया 19 साल की उम्र में इटली से अंग्रेजी सीखने कैम्बि्रज पहुंची थीं। वहां एक ग्रीक रेस्टोरेंट में उनकी नजर राजीव गांधी पर पड़ी। जनवरी के एक दिन दोस्त क्रिश्चियन वॉन स्टिगलिट्ज ने दोनों की मुलाकात कराई। सोनिया के मुताबिक,पहली मुलाकात में ही दोनों को एक-दूसरे से प्यार हो गया। राजीव दिल्ली से कैम्बि्रज के ट्रिनिटी कॉलेज में इंजीनियरिंग की पढ़ाई करने आए थे। धीरे-धीरे दोनों की मुलाकातें बढ़ने लगीं। साथ घूमना,दोस्तों के साथ पार्टियों में जाना और छुट्टियां बिताना उनकी जिंदगी का हिस्सा बन गया। राजीव पहली बार सोनिया को वैलेंटाइन डे पर एक पार्टी में ले जाने पहुंचे थे। सोनिया के मुताबिक, उन्हें देखकर राजीव कुछ पल के लिए ठिठक गए थे। दोनों को लगने लगा था कि वे हमेशा साथ रहना चाहते हैं।
पिता के गुस्से के डर से परिवार को नहीं बताया
सोनिया राजीव से अपने रिश्ते के बारे में परिवार को बताने से डरती थीं। उनके पिता स्टेफानो मैनो काफी सख्त स्वभाव के थे। सोनिया को डर था कि पता चलने पर वे उन्हें तुरंत इटली वापस बुला लेंगे।
पिता ने रूस में गरीब परिवार की मदद की,बेटियों के नाम उनकी बच्चियों के नाम पर
सोनिया के पिता अनुशासन पसंद थे,लेकिन जरूरतमंदों की मदद के लिए भी हमेशा तैयार रहते थे। वे दूसरे विश्वयुद्ध में इटली की सेना से रूस के मोर्चे पर लड़े थे। वहां उन्होंने एक गरीब परिवार के बच्चों को खाना दिया था। उस परिवार की दो बच्चियों के नाम अनूश्का और सोनिया थे। उन्होंने अपनी बेटियों के नाम भी उन्हीं बच्चियों के नाम पर रखे। हालांकि,चर्च में उनके नाम एलेसांद्रा और एंटोनिया दर्ज हुए,लेकिन परिवार में वे अनूश्का और सोनिया के नाम से ही जानी गईं।


Share

Check Also

नई दिल्ली@ साइबर अपराधों को लेकर पुलिस अधिकारियों को कार्यशैली में बदलाव लाना चाहिए : राष्ट्रपति

Share नई दिल्ली,10 नवम्बर 2026 । राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने साइबर अपराधों की बढ़ती गंभीरता …

Leave a Reply