Breaking News

अम्बिकापुर@ जंगल में मिला नर हाथी का शव,करंट से मौत की आशंका,डीएफओ बोले- बीमारी से गई जान

Share


कुसुवामुंडा जंगल में मिला शव,ग्रामीणों ने करंट प्रवाहित तार बिछे होने का किया दावा; पीएम रिपोर्ट से होगा मौत का खुलासा
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,10 नवम्बर 2026 (घटती-घटना)।
उदयपुर वन परिक्षेत्र के कुसुवामुंडा जंगल में मंगलवार सुबह एक नर हाथी का शव मिलने से वन विभाग में हडकंप मच गया। हाथी की मौत करंट की चपेट में आने से होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि सरगुजा डीएफओ लोकनाथ पटेल ने बीमारी से मौत होने की संभावना जताई है। उनका कहना है कि घटनास्थल पर करंट से मौत होने के कोई स्पष्ट साक्ष्य नहीं मिले हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह सामने आएगी। जानकारी के अनुसार, करीब चार महीने पहले उदयपुर वन परिक्षेत्र में 27 हाथियों का दल पहुंचा था। बाद में यह दो समूहों में बंट गया। इनमें से 17 हाथियों का एक दल सप्ताहभर पहले कर्मकट्टरा के जंगल में देखा गया था। इसी बीच ग्राम सुखरी भंडार में दो हाथियों की मौत करंट लगने से होने की चर्चा ग्रामीणों के बीच होने लगी। इसके बाद स्थानीय युवाओं ने जंगल में तलाश शुरू की। मंगलवार सुबह कुसुवामुंडा जंगल में एक नर हाथी का शव मिला। इसकी सूचना वन विभाग को दी गई।
जंगल में करंट प्रवाहित तार बिछाने का दावा : ग्रामीणों का आरोप है कि कुसुवामुंडा जंगल में शिकार के लिए करंट प्रवाहित तार बिछाए गए हैं। आशंका है कि हाथी इन्हीं तारों की चपेट में आया होगा। ग्रामीणों का कहना है कि जंगल में इस तरह तार बिछाए जाने की जानकारी वन विभाग को क्यों नहीं मिली और समय रहते कार्रवाई क्यों नहीं की गई। गौरतलब है कि कुछ दिन पहले इसी वन परिक्षेत्र में करंट की चपेट में आने से एक शावक हाथी की मौत हुई थी। उस मामले में फसल की सुरक्षा के लिए खेतों में तरंगित जीआई तार लगाने वाले ग्रामीणों को गिरफ्तार किया गया था।
17 हाथियों के दल से दो हाथियों का पता नहीं
वन विभाग हाथियों की निगरानी ड्रोन से करने का दावा करता है। इसके बावजूद 17 हाथियों के दल से दो हाथियों के गायब होने की जानकारी समय पर नहीं मिल सकी। स्थानीय युवाओं ने जंगल में तलाश कर हाथी का शव खोजा। एक अन्य हाथी की भी तलाश की जा रही है।
डीएफओ बोले- बीमारी से मौत की आशंका
सरगुजा डीएफओ लोकनाथ पटेल ने बताया कि हाथी की मौत संभवतः बीमारी से हुई है। घटनास्थल पर करंट से मौत होने के कोई साक्ष्य नहीं मिले हैं। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया जारी है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा। उन्होंने बताया कि चार दिन पूर्व ड्रोन से ली गई तस्वीरों में 17 हाथी दिखाई दिए थे।


Share

Check Also

लखनपुर@ गौरव दिवस पर जनजातीय महा तिहार की धूम,कर्मा नृत्य ने बांधा समां,विधायक प्रबोध मिंज हुए शामिल

Share -संवाददाता-लखनपुर,10 नवम्बर 2026 (घटती-घटना)। सरगुजा जिले के लखनपुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम लोसंगा में 10 …

Leave a Reply