Breaking News

नई दिल्ली@ भारत विरोधी अभियान पर विदेश मंत्रालय सख्त…कहा…झूठ फैलाने की कोशिश दुर्भाग्यपूर्ण, ढाका से कार्रवाई की मांग

Share


नई दिल्ली,10 नवम्बर 2026 ।
विदेश मंत्रालय ने यूक्रेन-रूस युद्ध, बांग्लादेश में चीन के व्लॉगर्स की गतिविधियों,खालिस्तानी आतंकी गुरपतवंत सिंह पन्नू के मामले और अमेरिका के मध्यावधि चुनाव को लेकर भारत का रुख साफ किया है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने मंगलवार को कहा कि भारत यूक्रेन और रूस के बीच शांति स्थापित करने के लिए लगातार दोनों देशों के संपर्क में है। वहीं, बांग्लादेश की झुग्गी-बस्तियों के वीडियो को दिल्ली का बताकर दिखाने की कोशिशों को उन्होंने दुर्भाग्यपूर्ण बताया। इसके अलावा उन्होंने क्वाड की आगामी बैठकों और भारत-अमेरिका संबंधों पर भी बात रखी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की के बीच हुई बातचीत को लेकर विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि भारत का शुरू से यही मानना रहा है कि शांति केवल बातचीत और कूटनीति के रास्ते ही बहाल हो सकती है। हाल के महीनों में प्रधानमंत्री मोदी ने भी लगातार इस बात पर जोर दिया है कि युद्ध रुकना चाहिए और संघर्ष खत्म होना चाहिए। उन्होंने कहा कि भारत इस दिशा में रूस और यूक्रेन दोनों के संपर्क में है और दोनों देशों के साथ कुछ सुझाव साझा किए हैं। इनमें काला सागर में जहाजों की सुरक्षा सुनिश्चित करना,ऊर्जा निर्यात और खाद्य आपूर्ति को लेकर दोनों देशों की चिंताओं का समाधान करना और हमले से बचने के दूसरे विकल्पों पर विचार करना शामिल है। रणधीर जायसवाल ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की के बीच हुई टेलीफोन पर बातचीत में दोनों नेताओं ने संघर्ष से जुड़े ताजा घटनाक्रमों पर अपने-अपने विचार रखे।
इस दौरान मानवीय मुद्दों पर खास तौर पर चर्चा हुई। दोनों नेताओं ने शांति बहाल करने के लिए चल रहे दूसरे प्रयासों पर भी बात की। प्रधानमंत्री मोदी ने यूक्रेन में शांति स्थापित करने में मदद के लिए हर संभव प्रयास करने की भारत की प्रतिबद्धता दोहराई। जायसवाल के मुताबिक, इस बातचीत के बाद विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव से भी बात की। दोनों नेताओं ने यूक्रेन संघर्ष को लेकर चल रही कूटनीतिक कोशिशों पर चर्चा की।
ढाका को दिल्ली बताकर दिखाने पर भारत ने जताई नाराजगी
बांग्लादेश की झुग्गी-बस्तियों से चीनी व्लॉगर्स की ओर से कथित तौर पर लाइव स्ट्रीमिंग किए जाने और वहां के दृश्यों को दिल्ली का बताकर पेश करने के मामले पर भी विदेश मंत्रालय ने प्रतिक्रिया दी। रणधीर जायसवाल ने कहा कि भारत ने इस संबंध में मीडिया रिपोर्टें देखी हैं। किसी देश की गलत तस्वीर पेश करने की कोशिश दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि ढाका को दिल्ली के रूप में दिखाने के लिए बाहरी लोगों का इस्तेमाल करना और इस तरह के झूठे नैरेटिव फैलाना उन लोगों की विश्वसनीयता को ही नुकसान पहुंचाता है, जो ऐसा कर रहे हैं और जिनके इशारे पर यह सब किया जा रहा है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने का आग्रह भी किया।


Share

Check Also

नई दिल्ली@ सोनिया गांधी की किताब ‘बिलॉन्गिंगः अ जर्नी ऑफ लव’ की बिक्री शुरू

Share 544 पेज में 7 चैप्टर,राजीव से प्यार,इटली का पासपोर्ट छोड़ने और पीएम पद ठुकराने …

Leave a Reply