Breaking News

अयोध्या@अयोध्या में दीपोत्सव….30 लाख दीपों की रोशनी की साक्षी बनी रामनगरी,बना नया रिकॉर्ड,श्रीराम का हुआ राज्याभिषेक

Share


राम भारत के प्राण हैं भारत के आत्मसम्मान हैं : योगी आदित्यनाथ


अयोध्या,07 नवम्बर 2026। रामनगरी शनिवार को एक बार फिर इतिहास की साक्षी बनी। अवसर था दीपोत्सव का, जब भक्ति, आस्था, संस्कृति और उल्लास के अद्भुत संगम ने पूरी अयोध्या को उत्सव के रंग में रंग दिया। सुबह साकेत महाविद्यालय से निकली श्रीराम राज्याभिषेक शोभायात्रा से शुरू हुआ उत्सव देर शाम तक 30 लाख दीपों की रोशनी,सरयू की महाआरती,ड्रोन शो और आतिशबाजी के बीच अपने चरम पर पहुंचा। उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और राज्यपाल आनंदीबेन पटेल की मौजूदगी ने आयोजन को ऐतिहासिक बना दिया। दीपोत्सव का शुभारंभ सुबह 10 बजे साकेत महाविद्यालय से श्रीराम राज्याभिषेक शोभायात्रा के साथ हुआ। करीब तीन किलोमीटर की दूरी तय कर शोभायात्रा रामकथा पार्क पहुंची। इसमें प्रदेश सरकार की उपलब्धियों को दर्शाती 14 झांकियों के साथ रामायण के सातों कांडों पर आधारित झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं। 14 राज्यों के 500 से अधिक कलाकारों ने अपनी-अपनी लोकसंस्कृतियों और परंपराओं की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। शोभायात्रा जैसे ही साकेत महाविद्यालय से आगे बढ़ी, रामनगरी की सड़कें आस्था और उल्लास से भर उठीं। जगह-जगह खड़े अयोध्यावासियों ने पुष्पवर्षा कर कलाकारों का स्वागत किया। कहीं जय श्रीराम के जयघोष गूंज रहे थे तो कहीं लोग मोबाइल में इस ऐतिहासिक पल को कैद करने में जुटे थे। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक में उत्साह देखते ही बन रहा था।
उपराष्ट्रपति,सीएम,राज्यपाल व संतों ने किया राजतिलक
इसी बीच उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन का आगमन हुआ और रामकथा पार्क में श्रीराम के राज्याभिषेक की प्रक्रिया शुरू हुई। रामचरितमानस की चौपाई ‘प्रथम तिलक वशिष्ठ मुनि कीन्हा, पुनि सब बिप्रन्ह आयसु दीन्हा। सुत बिलोकि हरषीं महतारी, बार बार आरती उतारी…’’,मानो मंच पर साकार हो उठी। सबसे पहले उपराष्ट्रपति ने प्रभु श्रीराम का राजतिलक किया। इसके बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने तिलक कर आरती उतारी। उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक सहित मंत्रिमंडल के अन्य सहयोगियों और रामनगरी के प्रमुख संतों ने भी बारी-बारी से राम दरबार की आरती की।
अयोध्या में लेजर शो से जगमगाए राम की पैड़ी और सरयू घाट
दीपोत्सव के दौरान राम की पैड़ी और सरयू घाट पर भव्य लेजर लाइट शो का आयोजन किया गया। रंग-बिरंगी रोशनी से घाटों को सजाया गया। सरयू नदी के किनारे स्थित 56 घाटों को 30 लाख से अधिक मिट्टी के दीपकों से रोशन किया जाएगा। इसके लिए घाटों पर दीप सजाने की तैयारियां की गई हैं।
उपराष्ट्रपति बोले…पहले यूपी आने पर सुरक्षित महसूस नहीं करता था
उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने कहा कि हिंदू धर्म में सभी को समान माना जाता है। महर्षि वाल्मीकि भी एक सामान्य परिवार से आते थे,लेकिन उन्होंने रामायण की रचना की। उपराष्ट्रपति ने उत्तर प्रदेश की कानून-व्यवस्था का जिक्र करते हुए कहा कि पहले जब वह यूपी आते थे तो खुद को सुरक्षित महसूस नहीं करते थे,लेकिन अब प्रदेश सुरक्षित हाथों में है। उन्होंने काशी में हुई एक मुलाकात का किस्सा सुनाते हुए कहा कि हाल ही में उन्होंने एक व्यक्ति से पूछा कि क्या अब कोई समस्या है? इस पर उस व्यक्ति ने बताया कि अब कोई समस्या नहीं है। पहले वह छोटे-मोटे अपराध करता था, लेकिन योगी सरकार आने के बाद अब अपना व्यापार कर रहा है। उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने कहा कि बहुत लंबे समय बाद कोई संत किसी राज्य का मुख्यमंत्री बना है। उन्होंने कहा कि वह भी बेहद सामान्य परिवार से आते हैं, इसके बावजूद देश के उपराष्ट्रपति बने। यह सब कैसे संभव हुआ,यह भारत की व्यवस्था और परंपरा को दर्शाता है। राम मंदिर के निर्माण के लिए अनेक कारसेवकों ने बलिदान दिया। उनके संघर्ष के बाद आज यह मंदिर बना है।
सीएम योगी ने कहा…जय श्रीराम बोलने पर कोई प्रतिबंध नहीं लगा सकता
सीएम योगी ने कहा…अब अयोध्या में जय श्रीराम बोलने पर कोई प्रतिबंध नहीं लगा सकता। प्रदेश में किसी को पूजा करने से नहीं रोका जा सकता। न ही कोई दंगा करने की हिम्मत कर सकता है। अब किसी बेटी-बहन को सुरक्षा के लिए गुहार नहीं लगानी पड़ेगी। बेटियों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों को रावण जैसी दुर्गति भुगतनी होगी।
सीएम योगी बोले…नया भारत नई ऊंचाइयां छू रहा
लेजर शो के बाद सीएम योगी ने लोगों को संबोधित किया। कहा कि जिस भारत को कभी अविश्वास,अराजकता,आतंकवाद,नक्सलवाद और भ्रष्टाचार का पर्याय माना जाता था,उसकी तस्वीर पिछले 12 साल में बदल गई है। उन्होंने कहा…नया भारत विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। सरकार बिना किसी भेदभाव के योजनाओं का लाभ देश के एक-एक नागरिक तक पहुंचा रही है। आज का भारत आतंकवाद को नेस्तनाबूद कर रहा है, नक्सलवाद को खत्म कर रहा है।


Share

Check Also

नई दिल्ली@वायुसेना का गजराज 13 हजार फीट की ऊंचाई पर उतरा

Share दुनिया का सबसे ऊंचा एयरबेस,लद्दाख की यह जगह चीन सीमा से 23 किलोमीटर दूर …

Leave a Reply