Breaking News

अम्बिकापुर@तीन दिवसीय जिला स्तरीय सरगुजा ओलंपिक खेल प्रतियोगिता का हुआ समापन,1800 खिलाडि़यों ने लिया हिस्सा

Share

-संवाददाता-
अम्बिकापुर,06 नवम्बर 2026 (घटती-घटना)। जिला स्तरीय सरगुजा ओलंपिक खेल प्रतियोगिता का तीन दिवसीय आयोजन 5 अक्टूबर 2026 को गांधी स्टेडियम में संपन्न हुआ। 3 से 5 अक्टूबर तक आयोजित इस प्रतियोगिता में जिले के लगभग 1800 महिला एवं पुरुष खिलाडि़यों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। प्रतियोगिता का आयोजन गांधी स्टेडियम,पी.जी.कॉलेज मैदान,बैडमिंटन हॉल एवं सेंट जेवियर स्कूल मैदान में किया गया। समापन समारोह शाम 5 बजे गांधी स्टेडियम में आयोजित हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में नगर पालिक निगम अम्बिकापुर की महापौर श्रीमती मंजूषा भगत उपस्थित रहीं। इस अवसर पर अन्य जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे। प्रतियोगिता में एथलेटिक्स, तीरंदाजी,बैडमिंटन,फुटबॉल,हॉकी,कुश्ती,कराते,कबड्डी, खो-खो,वॉलीबॉल एवं बास्केटबॉल सहित कुल 11 खेल विधाओं में मुकाबले आयोजित किए गए। एथलेटिक्स के अंतर्गत 100, 200 एवं 400 मीटर दौड़, गोला फेंक, भाला फेंक, तवा फेंक,लंबी कूद, ऊंची कूद तथा 4&100 मीटर रिले रेस प्रतियोगिताएं शामिल रहीं। आयोजन में लगभग 150 कोच, मैनेजर एवं निर्णायकों ने भी सहभागिता की। प्रतियोगिता के विजेता खिलाडि़यों को समापन समारोह में सम्मानित किया गया। व्यक्तिगत खेलों में प्रथम,द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले खिलाडि़यों को क्रमशः 2,000, 1,500 एवं 1,000 रुपये तथा दलीय खेलों में क्रमशः 4,000, 3,000 एवं 2,000 रुपये की नगद पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। पुरस्कार राशि खिलाडि़यों के बैंक खातों में ऑनलाइन अंतरित की जाएगी। इस अवसर पर व्यक्तिगत खेलों के विजेताओं को मेडल एवं ट्रॉफी तथा दलीय खेलों के विजेता खिलाडि़यों को मोमेंटो एवं मेडल प्रदान किए गए।


सरगुजा ओलंपिक में अव्यवस्था की खुली पोल,8 घंटे तक बस के इंतजार में भटकते रहे खिलाड़ी
भूखे-प्यासे खिलाडिय़ों ने विधायक को किया फोन,कलेक्टर के हस्तक्षेप के बाद मिली राहत


सरगुजा ओलंपिक के जिला स्तरीय आयोजन में खिलाडिय़ों की सुविधाओं को लेकर प्रशासन की तैयारियों की पोल खुल गई। प्रतियोगिता में हिस्सा लेने सीतापुर ब्लॉक से अंबिकापुर पहुंचे 45 से अधिक खिलाड़ी गुरुवार को घर वापसी के लिए घंटों परेशान होते रहे। उन्हें शाम 4 बजे बस से सीतापुर रवाना होना था,लेकिन रात 11 बजे तक बस नहीं पहुंची। इस दौरान खिलाड़ी गांधी स्टेडियम के बाहर भूखे-प्यासे और ठंड में परेशान होते रहे। हैरानी की बात यह रही कि खिलाडिय़ों की वापसी की जिम्मेदारी संभालने वाला कोई अधिकारी या आयोजन प्रभारी मौके पर मौजूद नहीं था। आखिरकार परेशान खिलाडिय़ों ने रात करीब 11 बजे सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो को फोन कर अपनी समस्या बताई। विधायक ने सरगुजा कलेक्टर अजीत वसंत से बात कर मामले की जानकारी दी। कलेक्टर के निर्देश पर जिला पंचायत सीईओ रोमा श्रीवास्तव गांधी स्टेडियम पहुंचीं। उन्होंने तत्काल खिलाडिय़ों के भोजन की व्यवस्था कराई और दूसरी बस बुलवाकर उन्हें सीतापुर रवाना किया। रात करीब 12 बजे खिलाड़ी अपने घरों के लिए रवाना हो सके। प्रशासन की इस लापरवाही पर विधायक ने भी नाराजगी जताई।
शाम 4 बजे से करते रहे बस का इंतजार : जानकारी के अनुसार,सरगुजा ओलंपिक की जिला स्तरीय प्रतियोगिता में शामिल होने सीतापुर ब्लॉक से 45 से अधिक खिलाड़ी अंबिकापुर आए थे। इनमें युवक-युवतियों के साथ स्कूल और कॉलेज के विद्यार्थी भी शामिल थे। गुरुवार को प्रतियोगिता समाप्त होने के बाद शाम 4 बजे उन्हें वापस सीतापुर भेजने के लिए बस की व्यवस्था की गई थी। खिलाड़ी निर्धारित समय पर गांधी स्टेडियम में बस का इंतजार करते रहे, लेकिन शाम से रात हो गई और वाहन नहीं पहुंचा। इस बीच आयोजन से जुड़े अधिकारी और प्रभारी भी वहां से जा चुके थे। ऐसे में खिलाडिय़ों को कई घंटे तक बिना भोजन और परिवहन सुविधा के परेशान होना पड़ा।
लाखों का बजट,लेकिन खिलाडिय़ों की घर वापसी का इंतजाम नहीं : सरगुजा ओलंपिक के ब्लॉक और जिला स्तरीय आयोजन के लिए लाखों रुपए की फंडिंग की गई है। जिला स्तरीय प्रतियोगिता में करीब 1800 खिलाड़ी शामिल हुए। इसके बावजूद खिलाडिय़ों के लिए भोजन और परिवहन जैसी बुनियादी व्यवस्थाओं में लापरवाही सामने आई। प्रतियोगिता के समापन के बाद खिलाडिय़ों को सुरक्षित उनके ब्लॉक तक पहुंचाने की जिम्मेदारी भी आयोजन प्रबंधन की थी, लेकिन सीतापुर के खिलाडिय़ों को रात तक इंतजार करना पड़ा। अब प्रतियोगिता का अगला चरण संभाग स्तरीय होगा,जिसमें पूरे संभाग के खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। ऐसे में जिला स्तरीय आयोजन की अव्यवस्थाओं से सबक लेकर आगामी आयोजन में व्यवस्थाएं दुरुस्त करना प्रशासन के सामने चुनौती होगी।


Share

Check Also

अम्बिकापुर@ धनतेरस पर बाजार रहा गुलजार…करोड़ों के कारोबार की उम्मीद

Share अब आज से दिवाली की खरीदारी,बाजार में रौनक…-संवाददाता-अम्बिकापुर,06 नवम्बर 2026 (घटती-घटना)। धनतेरस पर इस …

Leave a Reply