कलेक्टर अजीत वसंत ने जिला खेल अधिकारी और सीतापुर सीईओ को जारी किया कारण बताओ नोटिस
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,06 नवम्बर 2026 (घटती-घटना)। जिला स्तरीय सरगुजा ओलंपिक 2026 के आयोजन में व्यवस्थाओं में लापरवाही सामने आने पर कलेक्टर श्री अजीत वसंत ने तत्काल संज्ञान लिया। उन्होंने खिलाडि़यों की वापसी, वाहन और भोजन की समुचित व्यवस्था नहीं किए जाने के सम्बन्ध में जिला खेल अधिकारी श्री राम कुमार सिंह और जनपद पंचायत सीतापुर के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री जय गोविंद गुप्ता को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। जारी नोटिस के अनुसार 5 नवंबर 2026 को अम्बिकापुर के गांधी स्टेडियम में सरगुजा ओलंपिक 2026 का समापन समारोह आयोजित किया गया था। कार्यक्रम में शामिल होने के लिए विभिन्न जनपद पंचायतों से खिलाडि़यों के दल पहुंचे थे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद सीतापुर के खिलाडि़यों को शाम 6 बजे वापस रवाना किया जाना था,लेकिन निर्धारित समय पर उनके लिए वापसी की व्यवस्था नहीं की गई। जारी नोटिस के अनुसार खिलाडि़यों के दल को रात करीब 10 से 11 बजे सीतापुर के लिए रवाना किया गया। इस दौरान उनके भोजन की व्यवस्था भी नहीं की गई। इससे खिलाडि़यों और उनके अभिभावकों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। कलेक्टर ने इसे शासकीय दायित्वों के प्रति लापरवाही और उदासीनता मानते हुए संबंधित अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। नोटिस में जिला खेल अधिकारी से पूछा गया है कि समय पर वाहन और भोजन की व्यवस्था क्यों नहीं की गई तथा नोडल अधिकारियों को आवश्यक जानकारी समय पर क्यों उपलब्ध नहीं कराई गई। वहीं जनपद पंचायत सीतापुर के मुख्य कार्यपालन अधिकारी से भी दल की वापसी के लिए समय पर समुचित व्यवस्था नहीं किए जाने के संबंध में स्पष्टीकरण मांगा गया है। नोटिस में संबंधित अधिकारियों को छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम, 1965 में विहित प्रावधानों के उल्लंघन और छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम, 1966 के तहत अनुशासनात्मक कार्रवाई किया जाना प्रस्तावित बताया गया है। दो दिवस के भीतर समाधानकारक जवाब कलेक्टर सरगुजा के समक्ष प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर एकपक्षीय कार्यवाही किया जाएगा।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur