नगर,चरचा और महलपारा के विद्यालयों का निरीक्षण, नियमित अध्ययन और कठिन विषयों पर विशेष ध्यान देने की सलाह
-संवाददाता-
कोरिया,05 नवम्बर 2026 (घटती-घटना)। कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा यादव के निर्देशानुसार जिला शिक्षा अधिकारी श्री जितेंद्र कुमार गुप्ता ने बुधवार को शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नगर, स्वामी आत्मानंद विद्यालय चरचा और स्वामी आत्मानंद विद्यालय महलपारा का शैक्षणिक निरीक्षण किया। उन्होंने शिक्षण गतिविधियों का जायजा लेने के साथ विद्यार्थियों से संवाद कर आगामी बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी के लिए मार्गदर्शन दिया। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नगर में कक्षा 10वीं एवं 12वीं के विद्यार्थियों द्वारा तैयार पेपर क्राफ्ट की प्रदर्शनी ने उनका ध्यान खींचा। विद्यार्थियों की कल्पनाशीलता और कलात्मक कौशल की सराहना करते हुए श्री गुप्ता ने कहा कि शिक्षा के साथ रचनात्मकता और व्यावहारिक कौशल का विकास भी आवश्यक है। ऐसी गतिविधियां बच्चों की प्रतिभा निखारने और उनके सर्वांगीण विकास में सहायक होती हैं। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कक्षा 10वीं एवं 12वीं के विद्यार्थियों से विषयवार प्रश्न पूछकर उनकी समझ और शैक्षणिक तैयारी का आकलन किया। उन्होंने स्वयं कक्षा लेकर शिक्षण-अधिगम प्रक्रिया का भी जायजा लिया। बोर्ड परीक्षा की तैयारी के संबंध में श्री गुप्ता ने कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। नियमित अध्ययन,समय का सदुपयोग और निरंतर अभ्यास से बेहतर परिणाम प्राप्त किए जा सकते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को सुबह-शाम पढ़ाई करने, कठिन विषयों पर विशेष ध्यान देने तथा शिक्षकों से अपनी शंकाओं का समाधान कराने की सलाह दी। विद्यार्थियों ने पूरी लगन से तैयारी कर बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट अंक प्राप्त करने और विद्यालय तथा माता-पिता का नाम रोशन करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर संबंधित विद्यालयों के प्राचार्य एवं शिक्षक उपस्थित रहे।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur