Breaking News

मनेंद्रगढ़@ मतदाता सूची में दीपू की जगह दर्ज हुआ ‘तुर्री टोला’! दस्तावेजों ने खोली एसआईआर-2026 की गड़बड़ी

Share

  • एक पंचायत में मतदाता सूची का यह हाल,पूरे जिले की सूची पर उठे सवाल
  • दीपू की पहचान पर निर्वाचन विभाग का सवालिया निशान! मतदाता सूची में नाम की जगह ‘तुर्राटोला’
  • एसआईआर-2026 की मतदाता सूची में बड़ी गड़बड़ी,पूर्व विधायक गुलाब कमरो ने मांगी जिलेभर की जांच
  • मतदाता सूची में ऐसी लापरवाही कैसे? दीपू का नाम गायब, ‘तुर्राटोला’ दर्ज
  • केल्हारी के दीपू, पिता सजनलाल के आधार कार्ड और मतदाता सूची में नाम अलग-अलग,पूर्व विधायक गुलाब कमरो ने पूरे जिले की सूची की निष्पक्ष जांच की मांग की


-संवाददाता-
मनेंद्रगढ़,05 नवम्बर 2026 (घटती-घटना)।
विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 के तहत तैयार मतदाता सूची में नामों के सत्यापन को लेकर एक गंभीर विसंगति सामने आई है, ग्राम केल्हारी निवासी दीपू, पिता सजनलाल के पहचान संबंधी दस्तावेज और मतदाता सूची में दर्ज नाम के बीच अंतर दिखाई दे रहा है,उपलब्ध आधार कार्ड में संबंधित व्यक्ति का नाम ‘दीपू’ दर्ज है, जबकि मतदाता सूची के उपलब्ध अंश में क्रमांक 872 पर निर्वाचक का नाम ‘तुर्री टोला’ दर्ज दिखाई दे रहा है, दोनों दस्तावेजों में पिता का नाम सजनलाल होने से यह मामला और गंभीर हो गया है। इस विसंगति ने निर्वाचन विभाग की सत्यापन प्रक्रिया पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
दस्तावेजों में नाम अलग,पिता का नाम एक-इस मामले में सामने आए दस्तावेजों के अनुसार आधार कार्ड में नाम दीपू, पिता का नाम सजनलाल,जन्मतिथि 8 जून 2007 और पता ग्राम केल्हारी दर्ज है, वहीं उपलब्ध मतदाता सूची के अंश में क्रमांक 872 पर निर्वाचक का नाम ‘तुर्री टोला’ और पिता का नाम सजनलाल दिखाई दे रहा है, मतदाता सूची में संबंधित प्रविष्टि के साथ आयु 18 वर्ष और लिंग पुरुष भी दर्ज है, दोनों दस्तावेजों में पिता का नाम समान होने के बावजूद निर्वाचक के नाम में इतना बड़ा अंतर कैसे आया, यह जांच का विषय है,क्या मतदाता सूची में नाम दर्ज करते समय किसी दूसरे विवरण को नाम के स्थान पर दर्ज कर दिया गया, अथवा डाटा एंट्री और सत्यापन के दौरान चूक हुई? इसकी वास्तविक वजह निर्वाचन विभाग की जांच से ही स्पष्ट हो सकेगी।
एक पंचायत में यह स्थिति तो पूरे जिले की जांच क्यों नहीं?
मामले को लेकर भरतपुर-सोनहत के पूर्व विधायक गुलाब कमरो ने निर्वाचन विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं,उन्होंने कहा कि जब एक पंचायत में मतदाता की पहचान से जुड़ी ऐसी विसंगति सामने आ रही है, तो पूरे जिले की मतदाता सूची की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए, उन्होंने सवाल किया कि मतदाता सूची तैयार करने और प्रकाशित करने से पहले नामों तथा अन्य विवरणों का सत्यापन किस स्तर पर किया गया? कमरो के अनुसार मतदाता सूची में किसी व्यक्ति की पहचान ही गलत दर्ज होना सामान्य त्रुटि मानकर नजरअंदाज करने वाला मामला नहीं है,इससे संबंधित मतदाता को भविष्य में पहचान और मतदान के अधिकार से जुड़ी परेशानी हो सकती है।
राहुल गांधी के सवालों के बीच स्थानीय मामला बना चर्चा का विषय
मतदाता सूची और निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता को लेकर राहुल गांधी द्वारा उठाए जा रहे सवालों के बीच केल्हारी का यह मामला स्थानीय स्तर पर राजनीतिक चर्चा का विषय बन गया है, पूर्व विधायक गुलाब कमरो ने भी इस विसंगति को निर्वाचन प्रक्रिया की विश्वसनीयता से जोड़ते हुए जांच की मांग की है, हालांकि,एक प्रविष्टि के आधार पर पूरे जिले की मतदाता सूची में गड़बड़ी का निष्कर्ष नहीं निकाला जा सकता,लेकिन यह मामला सत्यापन व्यवस्था की गंभीरता को जरूर सामने लाता है।
नाम सुधार के साथ जिम्मेदारी भी तय हो…
पूर्व विधायक ने निर्वाचन विभाग से मांग की है कि संबंधित मतदाता के दस्तावेजों का मिलान कर नाम में तत्काल सुधार कराया जाए, साथ ही यह भी जांच की जाए कि गलती किस स्तर पर हुई और इसके लिए कौन जिम्मेदार है, उन्होंने पूरे जिले की मतदाता सूची में इसी तरह की विसंगतियों की जांच कराने की मांग भी की है।
अब निर्वाचन विभाग की सफाई का इंतजार
अब सवाल यह है कि आधार कार्ड में दीपू और मतदाता सूची में ‘तुर्री टोला’ दर्ज होने की स्थिति कैसे बनी? क्या संबंधित मतदाता का सत्यापन किया गया था? क्या यह डाटा एंट्री की गलती है या किसी अन्य स्तर पर हुई चूक? निर्वाचन विभाग इस विसंगति को कब तक सुधारेगा? मतदाता सूची की शुद्धता लोकतांत्रिक प्रक्रिया की बुनियादी शर्त है, इसलिए इस मामले में केवल नाम सुधारना ही पर्याप्त नहीं होगा, बल्कि गलती के कारण और जिम्मेदारी की भी जांच होनी चाहिए।


Share

Check Also

कांकेर/नारायणपुर@छत्तीसगढ़ के अबूझमाड़ के बिनागोंडा गांव में 45 साल बाद उत्साह से मनायी गई दिवाली

Share कांकेर/नारायणपुर,07 नवम्बर 2026। छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग के अबूझमाड़ अंचल से एक ऐसी तस्वीर …

Leave a Reply