
- राज्योत्सव में कृषि मंत्री ने गिनाईं 26 वर्षों की उपलब्धियां,कहा…छत्तीसगढ़ को विकास का सशक्त मॉडल बनाने सरकार प्रतिबद्ध
- आरु साहू के छत्तीसगढ़ी गीतों ने बांधा समां,स्वप्निल जायसवाल सहित स्थानीय कलाकारों की प्रस्तुतियों से देर शाम
- तक झूमता रहा कला केंद्र मैदान
- विभिन्न विभागों के स्टॉल बने आकर्षण, शासन की योजनाओं की दी गई जानकारी; अनेक हितग्राहियों को सामग्री, चेक, प्रमाण पत्र एवं नियुक्ति पत्र वितरित
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,02 नवम्बर 2026 (घटती-घटना)।छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना के 26 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर सोमवार को अम्बिकापुर के कला केंद्र मैदान में जिला स्तरीय राज्योत्सव-2026 का भव्य एवं रंगारंग आयोजन किया गया। उत्साह,उमंग और सांस्कृतिक उल्लास के बीच आयोजित समारोह में मुख्य अतिथि प्रदेश के कृषि विकास एवं किसान कल्याण मंत्री रामविचार नेताम ने कहा कि छत्तीसगढ़ को विकास के एक सशक्त मॉडल के रूप में स्थापित करने की दिशा में राज्य सरकार योजनाबद्ध तरीके से कार्य कर रही है। प्रदेश का वास्तविक विकास किसानों,आदिवासियों, युवाओं,महिलाओं और समाज के कमजोर वर्गों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने से ही संभव है। उन्होंने राज्य निर्माण के 26 वर्षों को गौरवशाली यात्रा बताते हुए प्रदेशवासियों को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं। समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री रामविचार नेताम ने कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य का निर्माण पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी की दूरदर्शी सोच और ऐतिहासिक निर्णय का परिणाम है। राज्य गठन के बाद से प्रदेश ने विकास के विभिन्न क्षेत्रों में निरंतर प्रगति की है और आज नई संभावनाओं के साथ आगे बढ़ रहा है। सरकार सड़क,बिजली, पेयजल,स्वास्थ्य,आवास और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के लिए व्यापक स्तर पर काम कर रही है। गांव-गांव तक पक्की सड़क, आवास और बिजली जैसी सुविधाएं पहुंचाने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने के लिए किसान सम्मान निधि,समर्थन मूल्य पर धान खरीदी, कृषक उन्नति योजना और स्वाइल हेल्थ कार्ड जैसी योजनाओं के माध्यम से उन्हें लाभान्वित किया जा रहा है। किसानों की सुविधा के लिए नए धान खरीदी केंद्र भी प्रारंभ किए जा रहे हैं। वहीं महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से महतारी वंदन योजना सहित विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं। मंत्री ने कहा कि राज्योत्सव केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं,बल्कि प्रदेश की विकास यात्रा, उपलब्धियों और भविष्य के प्रति सामूहिक संकल्प को दोहराने का भी अवसर है। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष विश्व विजय सिंह तोमर,जिला पंचायत अध्यक्ष निरूपा सिंह,नगर निगम अम्बिकापुर की महापौर मंजूषा भगत,सभापति हरमिन्दर सिंह टिन्नी एवं जिला पंचायत उपाध्यक्ष देवनारायण यादव ने भी जिलेवासियों को राज्योत्सव की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में कलेक्टर अजीत वसंत,वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश अग्रवाल,जिला पंचायत सीईओ रोमा श्रीवास्तव,अपर कलेक्टर प्रताप विजय खेस्स, नगर निगम आयुक्त विनय अग्रवाल सहित जनप्रतिनिधि,अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
हितग्राहियों को मिली योजनाओं की सौगात, मंत्री ने वितरित की सामग्री एवं प्रमाण पत्र : राज्योत्सव के अवसर पर मुख्य अतिथि रामविचार नेताम ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन किया तथा शासकीय योजनाओं के हितग्राहियों को सामग्री,चेक,प्रमाण-पत्र एवं नियुक्ति पत्र वितरित किए। पशुधन विकास विभाग की नर बकरा योजना के तहत दो हितग्राहियों को चेक प्रदान किए गए। कृषि विभाग ने पांच किसानों को स्वाइल हेल्थ कार्ड तथा मत्स्य पालन विभाग ने एक हितग्राही को आइस बॉक्स एवं जाल वितरित किया। महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से हब के तीन तथा सखी निवास के दो हितग्राहियों को नियुक्ति पत्र दिए गए। प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तीन हितग्राहियों को खुशियों की चाबी सौंपी गई। बिहान एवं राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के 11 स्व-सहायता समूहों को चेक तथा दो समूहों को सीएलएफ संचालन के लिए महतारी सदन की चाबी प्रदान की गई। इसी प्रकार पर्यटन विभाग के तीन तथा जेल विभाग के दो हितग्राहियों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए। स्कूल शिक्षा विभाग एवं समग्र शिक्षा के माध्यम से एक हितग्राही को जाति प्रमाण-पत्र तथा दृष्टिबाधित बच्चों के लिए दो हितग्राहियों को सहायक उपकरण दिए गए। समाज कल्याण विभाग ने पांच हितग्राहियों को मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल प्रदान की।
आरु साहू के गीतों पर झूमे दर्शक, स्थानीय कलाकारों ने बिखेरी सांस्कृतिक छटा : राज्योत्सव की शाम सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के नाम रही। आमंत्रित कलाकारों, विद्यालयीन एवं महाविद्यालयीन छात्र-छात्राओं तथा स्थानीय प्रतिभाओं ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से समारोह को यादगार बना दिया। छत्तीसगढ़ की लोकप्रिय गायिका आरु साहू ने अपने छत्तीसगढ़ी गीतों से ऐसा समां बांधा कि दर्शक देर शाम तक कार्यक्रम स्थल पर जमे रहे। वहीं स्थानीय गायक स्वप्निल जायसवाल ने बॉलीवुड गीतों की प्रस्तुति से श्रोताओं का मन मोह लिया। स्थानीय कलाकारों में मुकुल विश्वास, कल्पना गुप्ता, सीमा तिवारी, अमित श्रीवास्तव, पल्लवी एवं पलक पाण्डेय, प्रियांशु मिश्रा, हिमांगी त्रिपाठी और अस्मि वर्मा ने गायन की प्रस्तुतियां दीं। वहीं सिमरन प्रधान,सभ्या शर्मा,अक्षिता डबराल,सृष्टि भदौरिया,रघुवंश कुमार एवं आश्वी तिवारी ने नृत्य के माध्यम से दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। कन्या शिक्षा परिसर अम्बिकापुर,संगीत महाविद्यालय अम्बिकापुर,कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय अम्बिकापुर तथा कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय की छात्राओं ने सामूहिक नृत्य एवं आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। स्थानीय प्रतिभाओं को मंच मिलने से समारोह में क्षेत्रीय कला एवं संस्कृति की जीवंत झलक देखने को मिली।
विभागीय स्टॉलों में दिखी योजनाओं की झलक,रजवार भित्ति कला और तिब्बती स्टॉल भी आकर्षण
राज्योत्सव स्थल पर विभिन्न शासकीय विभागों द्वारा आकर्षक स्टॉल लगाए गए थे। इन स्टॉलों के माध्यम से आम नागरिकों को शासन की जनकल्याणकारी एवं हितग्राहीमूलक योजनाओं की जानकारी दी गई। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग, बिहान,जनसंपर्क,स्कूल शिक्षा, पर्यटन,वन,समाज कल्याण, उद्यानिकी, कृषि, पशु चिकित्सा,मत्स्य पालन,नगर निगम, आदिवासी विकास,महिला एवं बाल विकास, सरगुजा पुलिस,केंद्रीय जेल तथा राजस्व विभाग के स्टॉलों में लोगों ने रुचि दिखाई। इसके अलावा तिब्बती स्टॉल और रजवार भित्ति कला की प्रदर्शनी ने भी लोगों का ध्यान आकर्षित किया। विभागीय योजनाओं की जानकारी, उपलब्धियों के प्रदर्शन और स्थानीय कला-संस्कृति की झलक के साथ अम्बिकापुर का जिला स्तरीय राज्योत्सव उत्सव, उपलब्धियों और विकास के संकल्प का साझा मंच बनकर सामने आया।
सरगुजा सहित पूरे प्रदेश के विकास के लिए सरकार प्रतिबद्ध : प्रबोध मिंज
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए लुंड्रा विधायक प्रबोध मिंज ने राज्य निर्माण के लिए पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ ने 26 वर्षों में विकास के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति की है। राज्य सरकार सरगुजा संभाग सहित पूरे प्रदेश के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। सड़क एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं के विस्तार से विकास की नई संभावनाएं तैयार हो रही हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि सामूहिक प्रयासों से छत्तीसगढ़ विकास के नए आयाम स्थापित करेगा।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur