
जनकल्याणकारी योजनाओं,नवाचारों एवं विकास कार्यों से रूबरू हुए आमजन
-संवाददाता-
सूरजपुर,02 नवम्बर 2026(घटती-घटना)।छत्तीसगढ़ राज्य के 26 वाँ स्थापना दिवस के अवसर पर सशक्त नारी, युवा उड़ान की थीम पर अग्रसेन ग्राउंड में आयोजित जिला स्तरीय राज्योत्सव में शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं,विकास कार्यों, उपलब्धियों एवं नवाचारों पर आधारित विभागीय प्रदर्शनी विशेष आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। राज्योत्सव में जिले के 22 विभागों द्वारा लगाए गए प्रदर्शनी स्टॉलों के माध्यम से शासन की विभिन्न योजनाओं एवं विभागीय उपलब्धियों को प्रदर्शित किया गया। इस अवसर पर आम नागरिकों ने विभागीय प्रदर्शनी स्टॉलों का अवलोकन किया। उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा प्रदर्शित योजनाओं, उपलब्धियों एवं नवाचारों की जानकारी ली । पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा ग्रामीण विकास, जल संरक्षण, स्वच्छता एवं महिला सशक्तीकरण पर आधारित मॉडल और उत्पाद प्रदर्शित किया गया। प्रदर्शनी में विकसित भारत ग्राम योजना के तहत वर्षा जल संचयन का जीवंत मॉडल, प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत पक्के आवास का मॉडल तथा स्वच्छ भारत मिशन के तहत ओडीएफ प्लस गांव एवं अपशिष्ट प्रबंधन की झलक प्रस्तुत की गई। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत स्व-सहायता समूहों द्वारा निर्मित रागी आटा, मक्का आटा,दाल,बेसन,मूंगफली सहित पारंपरिक खाद्य उत्पादों एवं हस्तनिर्मित चूडि़यों का प्रदर्शन किया गया।
उद्यानिकी विभाग द्वारा उद्यानिकी उत्पादों से महिला सशक्तिकरण, युवा आकांक्षाओं एवं प्रगति की उड़ान के प्रतीक के रूप में एयरोप्लेन का आकर्षक मॉडल तैयार किया है। साथ ही छत्तीसगढ़ राज्य के 26 वें स्थापना दिवस एवं विकास की गौरवशाली यात्रा को प्रज्वलित एवं मुस्कुराते दीपक के माध्यम से प्रदर्शित किया गया है। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा आयोजित कार्यक्रम में पोषण वाटिका,पोषण आहार की प्रदर्शनी लगाई गई, जिसमें पोषण आहार के महत्व को विस्तारपूर्वक बताया। प्रदर्शनी में बच्चों, गर्भवती एवं धात्री माताओं के लिए आवश्यक पोषक तत्वों से भरपूर आहार की जानकारी दी गई। विभागीय स्टॉल में बाल विवाह जैसे सामाजिक अपराध के दुष्परिणामों पर भी प्रकाश डाला गया। शिक्षा विभाग एवं समग्र शिक्षा के स्टॉल में नारी सशक्तिकरण एवं युवा उड़ान के थीम पर आधारित कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय का मॉडल प्रदर्शित किया गया है। जिले के 1163 प्राथमिक विद्यालयों के लगभग 49 हजार विद्यार्थियों को शब्दबीज नवाचार के तहत प्रतिदिन 10 मिनट में एक नया द्विभाषीय हिन्दी-अंग्रेजी शब्द उच्चारण एवं अर्थ सहित सिखाया जा रहा है। कक्षावार तैयार शब्दबीज पुस्तिका में प्रत्येक स्तर के लिए 150 शब्द निर्धारित किया गया है। इस पहल से बच्चों में सुनने,बोलने,पढ़ने एवं लिखने के कौशल के साथ शब्द भंडार का विकास हो रहा है,जिससे गुणवत्तापूर्ण प्रारंभिक शिक्षा को बढ़ावा मिल रहा है। आदिवासी विभाग में समाज की समृद्ध परंपरा को प्रदर्शित करने वाला संस्कृति पारंपरिक वाद्य यंत्र,सहित अन्य उत्पादों की प्रदर्शनी लगाई गई। देवगुड़ी जनजातीय व्यंजन, एवं वाद्य यंत्रों में झेला मंजीरा जैसे यंत्रों की प्रदर्शनी ने दर्शकों को छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ दिया। जिला कौशल विकास विभाग द्वारा जिले में संचालित विभिन्न योजनाओं जैसे प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना, प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना,मुख्यमंत्री कौशल विकास योजना,आवेदन की प्रक्रिया, आदि के बारे में जानकारी दी गई। स्वास्थ्य विभाग द्वारा लगाए गए स्टॉल में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के मॉडल प्रदर्शित किया गया है, जिनके माध्यम से आमजन को स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता और आधुनिक सुविधाओं की जानकारी दी जा रही है। स्टॉल में उपस्थित चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा निःशुल्क जांच एवं निःशुल्क दवाइयों का वितरण भी किया जा रहा है। साथ ही टीबी मुक्त भारत अभियान की जानकारी साझा की गई है कृषि एवं उद्यानिकी विभागीय योजनाओं का प्रदर्शन के साथ ही दलहन, तिलहन, धान बीज एवं विभिन्न उद्यानिकी फसलों का प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शनी में किसानों को उन्नत कृषि तकनीक,मशीन, फसल विविधीकरण की जानकारी दी गई। मछली विभाग द्वारा केंद्र पोषित योजना, प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना, पशुधन विभाग में गोधाम योजना,दवाइयां,वन विभाग द्वारा विभागीय योजनाओं, विविध औषधि जड़ी बूटी का प्रदर्शन किया गया।जिला विधिक सेवा प्राधिकरण में विधिक जागरूकता, सुरक्षित बचपन अभियान, स्पेशल लोक अदालत,नालसा द्वारा संचालित योजनाओं के बारे में जानकारी दी गई है। जल संसाधन विभाग द्वारा जल शक्ति अभियान अंतर्गत कनकपुर जलाशय योजना की प्रदर्शनी, साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड भटगांव , विश्रामपुर द्वारा कोल माइनिंग, श्रम विभाग द्वारा मिनीमाता महतारी जतन योजना,मुख्यमंत्री नौनिहाल छात्रवृत्ति योजना,मुख्यमंत्री नोनी सशक्तिकरण सहायता योजना सहित विभिन्न योजनाओं को प्रदर्शित किया गया है। पुलिस विभाग के स्टॉल में यातायात नियमों, सड़क सुरक्षा तथा साइबर सुरक्षा जागरूकता के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारियाँ दी गईं। स्टॉल में प्रदर्शित पोस्टर के माध्यम से लोगों को यातायात नियमों का पालन करने हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने,नशे में वाहन न चलाने जैसे संदेश दिया गया। साथ ही साइबर अपराधों से बचाव के लिए सुरक्षित पासवर्ड का उपयोग अज्ञात लिंक पर क्लिक न करने और व्यक्तिगत जानकारी साझा न करने जैसी उपयोगी सलाह भी दी गई। बिजली विभाग द्वारा पीएम सूर्य घर की प्रक्रिया को दर्शाने वाला उपकेंद्र का मॉडल प्रस्तुत किया गया। इस मॉडल के माध्यम से आगंतुकों को यह बताया गया कि प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के अंतर्गत विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई कि नागरिक इस योजना का लाभ उठाकर अपने घर की छत पर सोलर पैनल लगाकर स्वयं बिजली उत्पादक बन सकते हैं।
इस योजना से न केवल बिजली खर्च में बचत होगी, बल्कि अतिरिक्त बिजली को ग्रिड में विक्रय कर आय भी प्राप्त की जा सकती है। इसके साथ ही सभी स्टालों में विभागीय योजनाओं की उपलब्धि , नवाचारों को भी प्रदर्शित की गई है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur