Breaking News

अम्बिकापुर@ मृतकों के आत्मा की शांति के लिए कब्रिस्तान में विशेष पूजा

Share


-संवाददाता-
अम्बिकापुर,02 नवम्बर 2026 (घटती-घटना)।
रोमन कैथोलिक समुदाय द्वारा प्रति वर्ष की भांति इस वर्ष भी 2 नवंबर को मृतकों की आत्मा की शांति के लिए कब्रिस्तान में विशेष पूजा समारोह का आयोजन किया गया। समुदाय के लोगों ने अपने मृत परिजनों और पूर्वजों की आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की, साथ ही चालू वर्ष में स्वर्गवासी हुए सदस्यों (पचबालार) की संगति में मिलने का रस्म भी अदा किया गया। समुदाय की मान्यता के अनुसार पूर्वजों की आत्माएं जीवित वंश के अपने लोगों को सुरक्षा देने एवं विकास के मार्ग में अग्रसर करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। विशप डॉ. अनोनीस बड़ा की अध्यक्षता में हुए समारोह दौरान अपने संदेश में उन्होंने कहा कि मृत्यु की घटना से एक सामान्य व्यक्ति भय खाता है, किंतु यह प्रक्रिया अनंत जीवन में प्रवेश के लिए आवश्यक है। हम आज यहां अपने पूर्वजों की आत्माओं की अनंत शांति के लिए प्रार्थना करने और स्वयं के अनंत जीवन में प्रवेश की अच्छी तैयारी के लिए विशेष प्रार्थना करने आए हैं। समारोह के सह-अनुष्ठाताओं में फादर ग्रेगोरी, अलेक्स एक्का, अजय बरवा, ज्ञान प्रकाश और प्रदीप एक्का शामिल थे। समुदाय के प्रमुख लोगों में फ्रांसिस कस्केट्टा, जगजीत मिंज, राजेन्द्र तिग्गा, जोसेफ किण्डो, डेविड एक्का, फिरमा, मंजेरेल्ला लकड़ा सहित हजारों की संख्या में भक्तजन उपस्थित थे।
मानव की मृत्यु के बाद की कैथोलिक मान्यता
इस अवसर पर मानव की मृत्यु के बाद की स्थिति पर कैथोलिक मान्यता के बारे में भी बताया गया। विश्वास के सिद्धांत अनुसार मनुष्य की सृष्टि ईश्वर के सान्निध्य प्राप्ति के लिए हुई है, लेकिन मानव पर कोई दबाव नहीं है कि वह नियत बर्ताव ही करे। अतः मृत्यु के पश्चात मनुष्य के कर्म के अनुसार उसकी आत्मा को फल प्राप्त होता है। मुख्य बात यह है कि एक दिन संसार का अंत आएगा और सभी मृतकों को पुनर्जीवन मिलेगा और अपने कर्मों के अनुसार फल प्राप्ति होगी।


Share

Check Also

अम्बिकापुर@ नशे में धुत युवकों ने स्कॉर्पियो से तीन बाइक को रौंदा,एक की मौत

Share तेज रफ्तार वाहन ने मचाया तांडव,हादसे के बाद स्कॉर्पियो पलटी-संवाददाता-अम्बिकापुर,02 नवम्बर 202६ (घटती-घटना)। ंउदयपुर …

Leave a Reply