Breaking News

भागलपुर@ विपक्ष जीतता है तो लोकतंत्र सुरक्षित,हारते ही आ जाता है खतरे में : नितिन नवीन

Share


भागलपुर,02 नवम्बर 2026 ।
बिहार के भागलपुर में सोमवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के नेतृत्व में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा निकाली गई। इस दौरान नितिन नवीन ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए उसके दोहरे रवैये पर सवाल उठाए। भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि विपक्ष जब चुनाव जीतता है तो उसे लोकतंत्र पूरी तरह सुरक्षित नजर आता है, लेकिन जनता से चुनाव में हार मिलने के बाद वही लोकतंत्र को खतरे में बताने लगता है। उन्होंने विपक्ष को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि उसने समय रहते अपनी मानसिकता नहीं बदली, तो आने वाले दिनों में जनता उसकी बची-खुची राजनीतिक जमीन भी छीन लेगी। इससे पहले सोमवार सुबह विशेष विमान से भागलपुर हवाई अड्डा पहुंचने पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने नितिन नवीन का जोरदार स्वागत किया। इसके बाद लाजपत पार्क स्थित सभा स्थल और पदयात्रा मार्ग पर राजग कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ जुटी।
इस अवसर पर उत्साहित कार्यकर्ताओं ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष को विशाल त्रिशूल भेंट कर सम्मानित किया।
पदयात्रा में भाजपा के साथ-साथ राजग के विभिन्न घटक दलों के वरिष्ठ नेता और बड़ी संख्या में आम लोग शामिल हुए। यात्रा का नेतृत्व करने से पहले मीडिया और कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए नितिन नवीन ने रविवार को दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित विपक्ष की रैली पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, कल दिल्ली में विपक्ष के साथी केवल ‘झूठ की खेती’ करते नजर आ रहे थे। उनके नेता राहुल गांधी देश को गुमराह कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि बिहार से ही विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की शुरुआत हुई थी। जब विपक्ष कर्नाटक में चुनाव जीतता है तो सब कुछ ठीक रहता है, लेकिन बिहार में हार मिलने के बाद ईवीएम और वोट चोरी के आरोप लगाने लगता है। उन्होंने राहुल गांधी पर विदेशों में जाकर देश के लोकतंत्र, चुनाव आयोग और उच्चतम न्यायालय का अपमान करने का आरोप भी लगाया।
राजनीतिक विरोधियों की ओर से उठाए जा रहे सवालों का जवाब देते हुए नितिन नवीन ने कहा कि कुछ लोग पूछते हैं कि जब देश के 22 राज्यों में भाजपा की सरकार है और केंद्र में भी उसकी सत्ता है, तो फिर सड़कों पर उतरकर आंदोलन करने की क्या जरूरत है। उन्होंने कहा, लोकतंत्र की रक्षा करना और देश की जनता के भरोसे को बनाए रखना हमारी सबसे पहली जिम्मेदारी है। विपक्ष देश में झूठ, भ्रम और अराजकता का माहौल पैदा करने की जो कोशिश कर रहा है, उसे हम कतई बर्दाश्त नहीं करेंगे।


Share

Check Also

अमृतसर@ आम आदमी पार्टी छोड़ने वाले तीनों विधायक बीजेपी में शामिल

Share बोले-पंजाब में फिरौती इंडस्ट्री बनी,गैंगस्टर सरकार में,तीनों ने पिछले दो दिन में इस्तीफा दियाअमृतसर,02 …

Leave a Reply