डिजिटल क्रॉप सर्वे,फसल क्षति आकलन और राजस्व प्रकरण प्रभावित,संभाग के 819 पटवारियों को काम पर लौटने का निर्देश
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,02 नवम्बर 2026 (घटती-घटना)। धान खरीदी का सीजन शुरू होने से पहले पटवारियों की हड़ताल ने प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है। डिजिटल क्रॉप सर्वे, एग्रीस्टैक, किसानों के अभिलेखों का सत्यापन और चक्रवाती तूफान से फसल क्षति के आकलन जैसे जरूरी काम प्रभावित हो रहे हैं। इसके अलावा आय, जाति और निवास प्रमाणपत्र, नामांतरण, बंटवारा और सीमांकन के प्रकरणों का निराकरण भी प्रभावित हो रहा है। स्थिति को देखते हुए संभागायुक्त नरेंद्र दुग्गा ने सरगुजा संभाग के सभी छह जिलों के 819 हड़ताली पटवारियों को तत्काल काम पर लौटने के निर्देश दिए हैं। संभागायुक्त ने सभी एसडीएम को आंदोलनरत पटवारियों को नोटिस जारी कर तत्काल कार्यभार ग्रहण करने और संबंधित तहसीलदार के माध्यम से उसी दिन व्यक्तिगत लिखित स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। संभाग में सूरजपुर के 192, सरगुजा के 216, कोरिया के 60, एमसीबी के 51, जशपुर के 150 और बलरामपुर के 150 पटवारी हड़ताल पर हैं। बलरामपुर जिले में मुख्यालय में निवास नहीं करने पर पांच पटवारियों को निलंबित भी किया गया है।
नोटिस जलाकर जताया विरोध
इधर, प्रशासन की सख्ती के विरोध में सरगुजा जिले के पटवारियों ने सोमवार को धरनास्थल पर नारेबाजी करते हुए कारण बताओ नोटिस की प्रतियां जलाईं। पटवारी अपनी तीन सूत्रीय मांगों को लेकर आंदोलन पर डटे हुए हैं। राजस्व पटवारी संघ के जिलाध्यक्ष संतोष अग्रवाल ने कहा कि संविधान ने सभी को अपनी मांगें रखने का अधिकार दिया है। शासन दमनात्मक कार्रवाई कर आंदोलन खत्म कराने का प्रयास कर रहा है, जो गलत है। वहीं, डिम्पल गुप्ता ने कहा कि पदोन्नति सबका अधिकार है और वे इसे लेकर रहेंगे।
अनुपस्थिति पर ब्रेक इन सर्विस की चेतावनी
संभागायुक्त ने कहा कि बिना सक्षम प्राधिकारी की अनुमति या स्वीकृत अवकाश के अनुपस्थित रहने से समयबद्ध शासकीय कार्य प्रभावित हो रहे हैं। चक्रवाती तूफान से फसल क्षति का सर्वेक्षण कर किसानों को पात्रतानुसार राहत देने की कार्रवाई भी प्राथमिकता से की जानी है। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि निर्धारित समय पर कार्यभार ग्रहण नहीं करने और स्पष्टीकरण प्रस्तुत नहीं करने पर एकपक्षीय कार्रवाई की जाएगी। अनुपस्थिति अवधि के वेतन और अन्य सेवा लाभों पर नियमानुसार निर्णय लिया जाएगा तथा इस अवधि को सेवा में व्यवधान (ब्रेक इन सर्विस) माना जाएगा।
filter: 0; jpegRotation: 0; fileterIntensity: 0.000000; filterMask: 0;
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur