बोले-पंजाब में फिरौती इंडस्ट्री बनी,गैंगस्टर सरकार में,तीनों ने पिछले दो दिन में इस्तीफा दिया
अमृतसर,02 नवम्बर 2026 । पंजाब चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी के 3 विधायक भाजपा में शामिल हो गए हैं। इनमें अमृतसर नॉर्थ से कुंवर विजय प्रताप सिंह, समाना से चेतन सिंह जौड़ामाजरा और सनौर से हरमीत सिंह पठानमाजरा शामिल हैं। बीजेपी जॉइन करने के बाद विधायक कुंवर ने कहा कि पंजाब में गैंगस्टर सरकार का हिस्सा बन गए हैं। फिरौती की इंडस्ट्री चल रही है। इन तीनों विधायकों ने पिछले 2 दिनों में आम आदमी पार्टी से इस्तीफा दिया। रविवार को जौड़ामाजरा और पठानमाजरा के इस्तीफे के बाद सोमवार को कुंवर ने भी पार्टी छोड़ दी। कुंवर और पठानमाजरा ने विधानसभा की सदस्यता से भी इस्तीफा दे दिया है। कुंवर को जून 2025 में आम आदमी पार्टी ने पार्टी विरोधी गतिविधियों के चलते 5 साल के लिए पार्टी से सस्पेंड कर दिया था।
गैंगस्टर सरकार में,फिरौती इंडस्ट्री बनी : विधायक कुंवर विजय प्रताप ने कहा कि पंजाब में जिन गैंगस्टरों के खिलाफ वह कोर्ट में गवाही दे रहे, वे सरकार का हिस्सा बन चुके हैं। फिरौती एक इंडस्ट्री बन गई है। यह शर्मनाक है।
पंजाब को कर्ज में डुबोया : विधायक हरमीत पठानमाजरा ने कहा कि आम आदमी पार्टी सरकार ने ढाई लाख करोड़ का कर्ज लिया। यह अब तक का सबसे बड़ा कर्ज है। जब मैंने पंजाब की बात उठाई तो मुझे परेशान किया गया।
कब, किसकी हत्या हो जाए, पता नहीं : विधायक चेतन जौड़ामाजरा ने कहा- ऐसे हालात बन गए हैं कि पंजाब में कब, किसकी हत्या हो जाए, पता नहीं। 3 हजार ग्रामीण डिस्पेंसरी बंद कर 881 आम आदमी क्लिनिक खोल दिए।
दूध लेने बाहर जाना पड़ता है, नशे की होम डिलीवरी : विधायकों ने कहा कि दूध लेने हमें घर से बाहर जाना पड़ता है, लेकिन पंजाब में नशे की होम डिलीवरी हो रही है। 35 दिन में सगे भाइयों की नशे से मौत हुई।
स्पीकर ने आम आदमी पार्टी छोड़ने वाले 2 विधायकों को 5 नवंबर को समन किया
आम आदमी पार्टी छोड़ भाजपा जॉइन करने वाले विधायक हरमीत पठानमाजरा और चेतन सिंह जौड़ामाजरा को पंजाब विधानसभा के स्पीकर ने दलबदल विरोधी कानून के तहत 5 नवंबर को समन किया है। स्पीकर कुलतार संधवां ने कहा कि उनका पक्ष सुनने के बाद मेंबरशिप को लेकर फैसला किया जाएगा।
बीजेपी जॉइन करते ही पठानमाजरा का विधानसभा मेंबरशिप से इस्तीफा
विधायक हरमीत पठानमाजरा ने दिल्ली में बीजेपी जॉइन करते ही पंजाब विधानसभा की मेंबरशिप से भी इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर इस्तीफा पोस्ट किया है। इसमें उन्होंने 1 नवंबर यानी एक दिन पहले की तारीख लिखी है।
बीजेपी जॉइन करने वाले 2 विधायकों को नोटिस
पंजाब विधानसभा के स्पीकर कुलतार संधवां ने आम आदमी पार्टी को छोड़कर बीजेपी जॉइन करने वाले 2 विधायक चेतन सिंह जौड़ामाजरा और हरमीत पठानमाजरा को नोटिस जारी कर 5 नवंबर तक जवाब मांगा है। यह फैसला आम आदमी पार्टी की तरफ से उनकी विधानसभा मेंबरशिप रद्द करने की मांग के बाद लिया गया है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur