- महामाया पारा में कमरे में फंदे पर मिला
- नाबालिग; पुलिस ने मर्ग कायम कर शुरू की जांच
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,31 अक्टूबर 2026 (घटती-घटना)। नगर के महामाया पारा में शनिवार सुबह 12वीं कक्षा के एक नाबालिग छात्र की मौत से क्षेत्र में शोक का माहौल है। मृतक धीरज सोनी का पुत्र था और स्वामी आत्मानंद स्कूल देवगढ़ में कक्षा 12वीं में पढ़ता था। परिजनों के अनुसार,शनिवार सुबह छात्र अपने कमरे में पंखे से लटका मिला। परिजन उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस ने मर्ग कायम किया। शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। बताया जाता है कि करीब एक माह पहले छात्र के साथ कथित मारपीट और अश्लील वीडियो बनाने का मामला सामने आया था। इस मामले में तीन आरोपी जेल में हैं। घटना के बाद छात्र ने स्कूल जाना बंद कर दिया था। हालांकि,कुछ दिनों पहले उसने दोबारा स्कूल जाना शुरू किया था। फिलहाल छात्र की मौत का पूर्व की घटना से कोई संबंध होने की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। विधायक ने परिजनों से की मुलाकात : घटना की जानकारी मिलने पर विधायक रामकुमार टोप्पो अस्पताल पहुंचे और शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाया। थाना प्रभारी प्रदीप जायसवाल ने बताया कि छात्र को अस्पताल में मृत अवस्था में लाया गया था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य पहलुओं की जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur