Breaking News

लखनपुर@राशन दुकान में 247 क्विंटल चावल और 3 क्विंटल शक्कर की कमी

Share


ग्रामीणों के विरोध के बाद प्रशासन ने की जांच,दुकान संचालक को तीन दिन में जवाब देने का नोटिस

-संवाददाता-
लखनपुर,31 अक्टूबर 2026 (घटती-घटना)। सरगुजा जिले के लखनपुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम गोरता की शासकीय उचित मूल्य दुकान में राशन वितरण की गंभीर अनियमितता सामने आई है। ग्रामीणों के विरोध और दुकान में ताला लगाए जाने के बाद शनिवार को प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच की। भौतिक सत्यापन और दस्तावेजों की जांच में 247.73 क्विंटल चावल और 3.13 क्विंटल शक्कर की कमी पाई गई। इतनी बड़ी मात्रा में खाद्यान्न की कमी मिलने के बाद सार्वजनिक वितरण प्रणाली की व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। जानकारी के अनुसार,शुक्रवार को बड़ी संख्या में ग्रामीण राशन दुकान पहुंचे थे। उन्होंने समय पर राशन नहीं मिलने और वितरण में अनियमितता का आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन किया। आक्रोशित ग्रामीणों ने दुकान में ताला लगा दिया और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। ग्रामीणों की शिकायत पर शनिवार को लखनपुर एसडीएम रामराज सिंह और तहसीलदार अमन चतुर्वेदी ग्राम गोरता पहुंचे। अधिकारियों ने दुकान में उपलब्ध खाद्यान्न का भौतिक सत्यापन किया। इसके साथ ही स्टॉक रजिस्टर और राशन वितरण से संबंधित दस्तावेजों की जांच की। इसमें 247.73 क्विंटल चावल और 3.13 क्विंटल शक्कर की कमी सामने आई। अधिकारियों ने मौके पर पंचनामा तैयार कर जांच प्रतिवेदन भी बनाया।
संचालक को तीन दिन में जवाब देने का नोटिस : जांच के बाद प्रशासन ने राशन दुकान संचालक को नोटिस जारी कर तीन दिन के भीतर खाद्यान्न की कमी के संबंध में स्पष्टीकरण मांगा है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय में जवाब नहीं मिलने या संतोषजनक स्पष्टीकरण प्रस्तुत नहीं करने पर नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। मामले का जांच प्रतिवेदन उच्चाधिकारियों को भी भेजा गया है।
900 हितग्राही, जांच के दौरान 564 रहे मौजूद : ग्रामीणों के अनुसार, गोरता की राशन दुकान से करीब 900 हितग्राही जुड़े हुए हैं। जांच के दौरान इनमें से 564 हितग्राही मौके पर उपस्थित रहे। शेष हितग्राही विभिन्न कारणों से नहीं पहुंच सके। ग्रामीणों ने दुकान से करीब 600 क्विंटल राशन के गबन का आरोप लगाया है। हालांकि, प्रशासन की प्रारंभिक जांच में फिलहाल 247.73 क्विंटल चावल और 3.13 क्विंटल शक्कर की कमी दर्ज की गई है। ग्रामीणों ने मांग की है कि केवल स्टॉक सत्यापन तक जांच सीमित न रखकर पिछले कई महीनों के राशन आवंटन और वितरण का भी मिलान किया जाए, ताकि वास्तविक गड़बड़ी का पता चल सके।
गरीब परिवारों के राशन पर उठे सवाल : सरकारी राशन गरीब परिवारों के लिए खाद्य सुरक्षा का महत्वपूर्ण आधार है। ऐसे में उचित मूल्य दुकान में इतनी बड़ी मात्रा में खाद्यान्न की कमी सामने आने से हितग्राहियों में नाराजगी है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि राशन वितरण में गड़बड़ी हुई है तो जिम्मेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। फिलहाल सभी की निगाहें संचालक के जवाब और प्रशासन की आगामी कार्रवाई पर टिकी हैं।


Share

Check Also

सूरजपुर@ टीएस सिंहदेव के जन्मदिवस पर कांग्रेस ने लगाया रक्तदान शिविर,19 यूनिट रक्त संग्रहित

Share ब्लॉक कांग्रेस कमेटी (ग्रामीण) के अध्यक्ष जफर हैदर के नेतृत्व में जिला चिकित्सालय सूरजपुर …

Leave a Reply