2 नवंबर को दोपहर 2 बजे से सजेगा सांस्कृतिक मंच,मंत्री रामविचार नेताम करेंगे शुभारंभ…‘सशक्त नारी,युवा उड़ान’ रखी गई है इस वर्ष की थीम
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,31 अक्टूबर 2026 (घटती-घटना)। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में 2 नवंबर को अम्बिकापुर के कला केंद्र मैदान में जिला स्तरीय राज्योत्सव का आयोजन किया जाएगा। दोपहर 2 बजे से रात 10 बजे तक चलने वाले इस समारोह में छत्तीसगढ़ की लोकसंस्कृति, परंपरा और विकास की झलक देखने को मिलेगी। इस बार आयोजन की थीम ‘सशक्त नारी, युवा उड़ान’ रखी गई है। समारोह में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ शासकीय योजनाओं और विकास कार्यों की प्रदर्शनी भी आकर्षण का केंद्र रहेगी। राज्योत्सव का शुभारंभ छत्तीसगढ़ शासन के आदिम जाति विकास, कृषि विकास एवं किसान कल्याण, जैव प्रौद्योगिकी,मछली पालन एवं पशुधन विकास मंत्री रामविचार नेताम अपराह्न 2 बजे करेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता लुण्ड्रा विधायक प्रबोध मिंज करेंगे। सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो, छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष विश्व विजय सिंह तोमर,जिला पंचायत अध्यक्ष निरूपा सिंह, छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल के अध्यक्ष अनुराग सिंहदेव,अम्बिकापुर महापौर मंजूषा भगत,नगर निगम सभापति हरमिन्दर सिंह टिन्नी और जिला पंचायत उपाध्यक्ष देवनारायण यादव विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
आरू साहू और स्वप्निल जायसवाल की प्रस्तुति पर रहेगी नजर
समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का सिलसिला दोपहर 2 बजे से शुरू होगा। शाम 6 बजे तक स्थानीय कलाकारों को मंच पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा। इसके बाद शाम 7 बजे से रात 10 बजे तक स्थानीय और बाहरी कलाकारों की प्रस्तुतियां होंगी। छत्तीसगढ़ की लोकप्रिय लोकगायिका आरू साहू अपने लोकगीतों से दर्शकों को छत्तीसगढ़ी संस्कृति के रंगों से रूबरू कराएंगी। वहीं स्थानीय बॉलीवुड गायक स्वप्निल जायसवाल की गायकी भी कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण होगी। स्थानीय कलाकारों की प्रस्तुतियों के जरिए क्षेत्र की सांस्कृतिक प्रतिभाओं को भी मंच मिलेगा।
विभागीय प्रदर्शनी में
दिखेगी विकास की तस्वीर
राज्योत्सव स्थल पर विभिन्न शासकीय विभागों की ओर से जनकल्याणकारी योजनाओं,विकास कार्यों और विभागीय उपलब्धियों पर आधारित प्रदर्शनी लगाई जाएगी। कृषि एवं किसान कल्याण सहित विभिन्न विभागों के स्टॉल के माध्यम से आम नागरिकों को शासन की योजनाओं, पात्रता,लाभ लेने की प्रक्रिया और संचालित गतिविधियों की जानकारी दी जाएगी। इस तरह राज्योत्सव में जहां एक ओर सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के जरिए छत्तीसगढ़ की पहचान और परंपरा जीवंत होगी, वहीं दूसरी ओर विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी लोगों तक पहुंचेगी।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur