Breaking News

उदयपुर@ हाथियों ने दो दिन पहले तोड़ा घर,अब बुजुर्ग महिला को मारी लात

Share


पेड़ के नीचे रात गुजार रहे दंपती पर हाथी का हमला,कमर में गंभीर चोट…रात डेढ़ बजे अस्पताल में कराया गया भर्ती
-संवाददाता-
उदयपुर,27 अक्टूबर 2026 (घटती-घटना)।
ग्राम बासेन के हर्राघाट में हाथियों के आतंक से बेघर हुए बुजुर्ग दंपती की मुश्किलें बढ़ गई हैं। दो दिन पहले हाथियों ने उनका कच्चा मकान तोड़ दिया था। इसके बाद दंपती टूटे घर के बाहर पेड़ के नीचे रात गुजार रहा था। इसी दौरान हाथियों के पहुंचने पर मची अफरा-तफरी में एक हाथी ने बुजुर्ग महिला को लात मार दी। हादसे में करीब 60 वर्षीय नंदकुंवर की कमर में गंभीर चोट आई है। उन्हें रात करीब डेढ़ बजे उदयपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। जानकारी के अनुसार, रात में जंगल किनारे पेड़ के नीचे बैठे दंपती को कुत्तों के भौंकने की आवाज सुनाई दी। इसके बाद हाथी वहां पहुंच गए। इसी दौरान भागते हुए एक हाथी ने नंदकुंवर को लात मार दी। चोट इतनी गंभीर थी कि महिला करवट भी नहीं ले पा रही थी। सूचना मिलने पर क्षेत्र में 11 हाथियों की निगरानी कर रहा वन अमला मौके पर पहुंचा और घायल महिला को अस्पताल पहुंचाया। हर्राघाट जंगल के करीब एक किलोमीटर के दायरे में पांच से आठ कच्चे मकान बने हुए हैं। वन अमले ने इन घरों में रहने वाले लोगों को शाम 5 से 6 बजे तक जंगल से दूर सुरक्षित बस्ती में पहुंचने की समझाइश दी है। हालांकि,कुछ ग्रामीण घर में रखे अनाज और अन्य सामान को बचाने के लिए वहां से जाने को तैयार नहीं हैं।
दो दिन पहले मकान टूटने के बाद बुजुर्ग दंपती खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर था। अब महिला के घायल होने से परिवार के सामने नई मुश्किल खड़ी हो गई है। यह घटना हाथी प्रभावित क्षेत्रों में बेघर ग्रामीणों की सुरक्षा और उनके पुनर्वास की जरूरत को भी उजागर करती है।


Share

Check Also

एमसीबी@ 4.21 हेक्टेयर शासकीय भूमि का मामला में दूसरी बार जनदर्शन में शिकायत,आखिर कब होगी कार्रवाई?

Share चनवारीडांड के चार खसरों के सीमांकन और कथित अतिक्रमण व खरीद-बिक्री की जांच की …

Leave a Reply