आरोप-1000 प्राइवेट स्कूलों से पार्टी फंड के लिए पैसे लिए,बदले में मान्यता सहित अन्य मंजूरी दी
चेन्नई,26 अक्टूबर 2026। तमिलनाडु के पूर्व स्कूल शिक्षा मंत्री और डीएमके नेता अनबिल महेश पोय्यामोझी को सोमवार को 100 करोड़ रुपये के प्राइवेट स्कूल घोटाले के मामले में गिरफ्तार किया गया। महेश पर आरोप है कि उन्होंने 2021 से 2026 तक स्कूल शिक्षा मंत्री रहने के दौरान 1,000 से ज्यादा प्राइवेट स्कूलों के प्रबंधन से ‘पार्टी फंड’ के नाम पर पैसे वसूले। आरोप है कि इसके बदले स्कूलों को स्थायी मान्यता और अन्य प्रशासनिक मंजूरियां दी गईं। महेश ने मद्रास हाईकोर्ट में अग्रिम जमानत भी लगाई थी। सोमवार को उनकी याचिका खारिज कर दी गई। कुछ घंटे बाद ही ग्रेटर चेन्नई पुलिस की सेंट्रल क्राइम ब्रांच ने उन्हें अरेस्ट कर लिया। मामला निजी स्कूलों को सरकारी मंजूरी दिलाने के नाम पर पैसे जुटाने से जुड़ा है। शिकायत के अनुसार, तमिलनाडु प्राइवेट स्कूल्स एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने स्कूल मैनेजमेंट से संपर्क किया और सरकारी मंजूरियां दिलाने का भरोसा देकर पैसे लिए। मामले की शुरुआत तमिलनाडु में निजी स्कूलों के संगठनों से जुड़े डी.सी. इलंगोवन की शिकायत से हुई। वह फेडरेशन ऑफ एसोसिएशंस ऑफ प्राइवेट स्कूल्स, तमिलनाडु के सचिव बताए गए हैं। शिकायत में आरोप लगाया गया कि बीटी अरसाकुमार और दूसरे पदाधिकारियों ने निजी स्कूलों से सदस्यता शुल्क और दूसरी रकम ली। दावा किया गया कि इसके बदले स्कूलों को सरकारी अनापत्ति प्रमाणपत्र, लाइसेंस, स्थायी मान्यता, नवीनीकरण और अन्य मंजूरियां दिलाई जाएंगी।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur