रायपुर,18 सितम्बर 2026। छत्तीसगढ़ कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज की पायलटिंग गाड़ी मवेशी से टकराने से बाल-बाल बची। सरगुजा में कार्यक्रम संपन्न होने के बाद लौटते समय कटघोरा-बिलासपुर सीमा क्षेत्र के पास यह हादसा हुआ। घटना को लेकर बैज ने प्रदेश की सड़कों पर मवेशियों के बैठे रहने और खराब सड़क व्यवस्था पर सरकार को घेरा। इसके साथ ही उन्होंने पीएम मोदी के जन्मदिन पर दीया जलाने, यूपीआई पर 0.4 प्रतिशत एमडीआर चार्ज, यूथ कांग्रेस चुनाव में फर्जी मतपत्र के आरोप और पीएससी परीक्षा विवाद को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा।
मवेशियों को एक जगह
रखने में सक्षम नहीं सरकार : बैज
दीपक बैज ने बताया कि सरगुजा में कार्यक्रम संपन्न होने के बाद वे करीब 3 बजे वापस आ रहे थे। कटघोरा और बिलासपुर की सीमा क्षेत्र के आसपास सड़क पर जगह-जगह मवेशी बैठे और खड़े थे। 4 लेन सड़क पर एक मवेशी से टकराते हुए पायलटिंग गाड़ी बची। पायलटिंग गाड़ी के अचानक ब्रेक लगाने से उनकी गाड़ी भी उससे टकराते-टकराते बची। सूझबूझ से गाड़ी को टर्न किया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। उन्होंने कहा कि खराब सड़कों की वजह से भी गाडि़यां दुर्घटनाओं का शिकार हो रही हैं। मवेशी सड़कों पर आकर बैठे रहते हैं और कई यात्री मवेशियों से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो रहे हैं। हम भी उस दुर्घटना से बाल-बाल बचे हैं। सरकार मवेशियों को एक जगह रखने में सक्षम नहीं है। गौशाला हो या 4 लेन सड़क, व्यवस्था केवल खानापूर्ति तक सीमित है।
पीएम मोदी के जन्मदिन पर
दीया जलाने को लेकर साधा निशाना
पीएम मोदी के जन्मदिन पर जलाए गए दीयों को लेकर पीसीसी चीफ दीपक बैज ने निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि पूरे देश में पीएम मोदी का जन्मदिन मनाया गया और इसे भव्य एवं ऐतिहासिक बनाने के लिए करोड़ों दीए जलाए गए। दूसरी ओर ऐसे वीडियो वायरल हो रहे हैं, जिनमें गरीब बच्चे जलते दीयों से तेल निकालकर बोतल में डालते दिखाई दे रहे हैं। यह उनकी गरीबी और बेबसी को बताता है। एक तरफ पीएम मोदी के जन्मदिन पर करोड़ों दीयों में तेल जलाया जा रहा है, वहीं दूसरी तरफ बच्चे उसी तेल को खाने के उपयोग के लिए इकट्ठा कर रहे हैं। दीपक बैज ने कहा कि छत्तीसगढ़ में भी भाजपा डेढ़ करोड़ से अधिक दीए जलाने का दावा कर रही है। इस कार्यक्रम में स्कूलों के शिक्षक, बच्चे, प्रशासनिक अधिकारी और आश्रम के बच्चों तक को लगाया गया। पीएम मोदी के जन्मदिन पर दीया जलाने का कार्यक्रम सरकारी नहीं था, तो फिर सरकारी तंत्र को इसमें क्यों झोंका गया? छत्तीसगढ़ में डेढ़ करोड़ दीए जलाए गए, अगर एक दीये में 10 रुपये का तेल लगा हो, तो करीब 15 करोड़ रुपये का तेल खर्च हुआ। यूपीआई पर 0.4 प्रतिशत एमडीआर चार्ज को लेकर कहा कि केंद्र सरकार ने देश में यूपीआई को लेकर स्कीम जारी की थी, इसे डिजिटल क्रांति के रूप में देखा गया और ऑनलाइन पेमेंट के लिए लोगों को लगातार प्रचारित किया गया,आज लोगों की ऑनलाइन पेमेंट की आदत बन चुकी है, अब यूपीआई के जरिए देश में सालाना 85 हजार करोड़ रुपये वसूलने की तैयारी की जा रही है, सरकार ने लोगों को डिजिटल पेमेंट की आदत डलवाई और अब छोटे व्यापारियों, दुकानदारों और उपभोक्ताओं की जेब पर डाका डालने का काम किया जा रहा है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur