बाड़ी साफ करते समय लकड़ी लेने गया था रामकृष्णा कोरवा,पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,13 सितम्बर 2026 (घटती-घटना)। बतौली थाना क्षेत्र में जंगली सुअर के शिकार के लिए कथित रूप से बिछाए गए अवैध बिजली के तार की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई। घटना 12 सितंबर की सुबह करीब 10.30 बजे की है। सूचना पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल बिजली का तार भी जब्त किया है। पुलिस के अनुसार सूचक राम कैलाश ने 12 सितंबर को बतौली थाने में घटना की सूचना दी। उसने बताया कि उसका भाई रामकृष्णा कोरवा अपने साथियों के साथ बाड़ी की सफाई का काम कर रहा था। काम के दौरान काटी गई झाडिय़ों को हटाने के लिए लकड़ी का गेंड़ा लेने वह मनबहाल कोरवा के मक्के के खेत के पास से गुजर रहा था। इसी दौरान वह खेत के किनारे बिछाए गए बिजली के तार की चपेट में आ गया। करंट लगने से रामकृष्णा की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना के बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू की। पुलिस जांच के अनुसार मृतक के करंट की चपेट में आने का कारण मक्के की फसल के किनारे खींचा गया अवैध विद्युत तार बताया गया है। पुलिस का आरोप है कि आरोपी मनबहाल राम ने अपने घर से अवैध कनेक्शन लेकर खेत में नंगा जीआई विद्युत तार बिछाया था। इसे जंगली जानवर, विशेषकर सुअर के शिकार के लिए इस्तेमाल किया जा रहा था। पुलिस के अनुसार आरोपी को यह जानकारी थी कि खुले और करंट प्रवाहित तार के संपर्क में आने से किसी व्यक्ति की मौत हो सकती है। इसके बावजूद उसने कथित रूप से ऐसा कृत्य किया। घटना की जांच के दौरान पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। इसके बाद आरोपी मनबहाल राम को पकडकर थाने लाया गया। पूछताछ में उसने अपना नाम मनबहाल राम पिता कमंडल, उम्र 44 वर्ष, निवासी बासाझाल, थाना बतौली बताया। पुलिस के अनुसार पूछताछ के दौरान आरोपी ने घटना से संबंधित अपराध स्वीकार किया। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल विद्युत तार को भी जब्त कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना बतौली में बीएनएस की धारा 105 एवं विद्युत अधिनियम की धारा 135 में अपराध दर्ज किया है। अपराध में पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur