स्कॉर्पियो छोडकर भागे तीन आरोपी,घेराबंदी कर दो को दबोचा,69 लाख का 138 किलो गांजा जब्त

-संवाददाता-
अम्बिकापुर,13 सितम्बर 2026 (घटती-घटना)। जशपुर के बगीचा से गांजे की खेप लेकर सरगुजा की ओर आ रहे तस्करों ने पुलिस की घेराबंदी देखकर रास्ता बदलकर भागने का प्रयास किया। बगीचा,लुंड्रा और बतौली पुलिस की संयुक्त टीम ने पीछा किया तो स्कॉर्पियो सवार तीन आरोपी वाहन छोडकर करीब तीन किलोमीटर तक भागे और गन्ने के खेत में जाकर छिप गए। पुलिस ने घेराबंदी कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि तीसरा आरोपी अमन फरार हो गया। पुलिस ने मौके से स्कॉर्पियो में छिपाकर रखा 138 किलो गांजा जब्त किया है। इसकी कीमत करीब 69 लाख रुपए बताई गई है। पुलिस के अनुसार रविवार सुबह करीब 5.30 बजे बगीचा एसडीओपी दिलीप कोसले को मुखबिर से सूचना मिली थी कि थार और लग्जरी स्कॉर्पियो में गांजे की बड़ी खेप लेकर कुछ तस्कर तेज रफ्तार से जा रहे हैं। सूचना मिलते ही बगीचा पुलिस ने मुख्य मार्ग पर घेराबंदी की। पुलिस ने वाहनों को रोकने के लिए सडक पर ट्रक भी लगाया, लेकिन तस्करों ने रास्ता बदल दिया और तेज रफ्तार में सरगुजा की ओर भागने लगे। इस दौरान एक आरक्षक और एक महिला वाहन की चपेट में आने से बाल-बाल बच गए।
तीन थानों की पुलिस ने शुरू किया पीछा : मामले की सूचना बगीचा एसडीओपी ने सरगुजा जिले के लुंड्रा, बतौली और रघुनाथपुर पुलिस को दी। इसके बाद तीनों थाना क्षेत्रों की पुलिस अलर्ट हो गई। एसडीओपी के नेतृत्व में बगीचा पुलिस भी दोनों वाहनों का पीछा करती रही। इस दौरान थार सवार तस्कर पुलिस को चकमा देकर भाग निकले, जबकि स्कॉर्पियो सवार आरोपी लुंड्रा थाना क्षेत्र के ग्राम बरगीडीह के पनिकापारा के पास वाहन छोडकर भाग गए।
स्कॉर्पियो में मिले 53 पैकेट : स्कॉर्पियो-एन क्रमांक टी 0926 डीएल 9414 जी (टेंपररी नंबर) की तलाशी लेने पर पुलिस को 53 छोटे-बड़े टेप लगे पैकेट मिले। इनमें कुल 138 किलो गांजा भरा हुआ था। पुलिस ने गांजा और स्कॉर्पियो को जब्त कर लिया। इधर स्कॉर्पियो छोडकर भागे आरोपी करीब तीन किलोमीटर दूर ग्राम झेराडीह के गन्ने के खेत में जाकर छिप गए। पुलिस की अलग-अलग टीमों ने खेत की घेराबंदी कर तलाशी शुरू की। कुछ देर की तलाश के बाद दो आरोपियों को पकड़ लिया गया।
यूपी के दो आरोपी गिरफ्तार : पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद निवासी बलराज सिंह (23) और अनिल बंसल (23) के रूप में की है। तीसरा आरोपी अमन फरार है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। पुलिस के अनुसार थार में सवार आरोपी गांजे से भरी स्कॉर्पियो की पायलेटिंग कर रहे थे। पूछताछ में आरोपियों से गांजे की खेप के स्रोत और इसे कहां पहुंचाया जाना था, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस थार सवार फरार आरोपियों की भी तलाश कर रही है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur