कूटरचित दस्तावेजों से न्यायालय को गुमराह करने का आरोप,5 फर्जी पट्टे,आधार कार्ड,मोबाइल,लैपटॉप और प्रिंटर जब्त…
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,12 सितम्बर 202६ (घटती-घटना)। न्यायालय में फर्जी दस्तावेज पेश कर आरोपियों की जमानत कराने वाले गिरोह का सरगुजा पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। कोतवाली पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी फर्जी पट्टा एवं अन्य कूटरचित दस्तावेजों के जरिए जरूरतमंद आरोपियों से पैसे लेकर उनकी जमानत में इन दस्तावेजों का इस्तेमाल करते थे। पुलिस को 11 सितंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ लोग न्यायालय परिसर में पट्टा पुस्तिका और आधार कार्ड के जरिए आरोपियों से संपर्क कर पैसे लेकर जमानत कराने के लिए दस्तावेज उपलब्ध करा रहे हैं। सूचना वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचाई गई। डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल (भा.पु.से.) के निर्देश पर एएसपी रितेश चौधरी एवं सीएसपी राहुल बंसल के नेतृत्व में कोतवाली और साइबर सेल की टीम मौके पर रवाना हुई। पुलिस ने मुखबिर के बताए हुलिए के आधार पर कला केंद्र मैदान के चबूतरे के पास संदिग्ध पुरुषों और महिलाओं को पकड़ा। पूछताछ के दौरान उनकी पहचान बुधराम गोंड, अजय मानिकपुरी उर्फ जयलाल, रामेश्वरी यादव, दशमेत गोंड और ममता पैकरा उर्फ बिलासो के रूप में हुई। आरोपियों के पास खड़ी एक्टिवा की डिक्की की तलाशी लेने पर 5 किसान पट्टा पुस्तिका और एक आधार कार्ड मिला। पुलिस के अनुसार दस्तावेजों पर प्रथम दृष्टया फर्जी सील एवं हस्ताक्षर संबंधी अनियमितताएं मिलीं। पूछताछ में आरोपियों ने कथित रूप से इन फर्जी पट्टों का इस्तेमाल न्यायालय में जमानत कराने के लिए किए जाने की जानकारी दी। पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने पट्टे राज जायसवाल से प्राप्त करना बताया। इसके बाद पुलिस ने राज जायसवाल को हिरासत में लिया। पूछताछ में फर्जी पट्टा तैयार कराने के लिए शशिभूषण सिंह से संपर्क करने की जानकारी सामने आने पर उसे भी पकड़ा गया।
ये सामान हुआ जब्त : पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 5 फर्जी पट्टे, फर्जी आधार कार्ड, 6 मोबाइल फोन, एक होंडा एक्टिवा स्कूटी, एक लैपटॉप, 2 प्रिंटर, कीबोर्ड और माउस जब्त किए हैं। मामले में कोतवाली थाना में अपराध क्रमांक 639/26 के तहत बीएनएस की संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज कर सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेजे जाने की जानकारी पुलिस ने दी है।
पुलिस की नागरिकों से अपील
सरगुजा पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि बिना जान-पहचान वाले लोगों को जमानत के लिए अपना पट्टा, ऋण पुस्तिका या अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज न दें। ऐसे दस्तावेजों का गलत इस्तेमाल कर फर्जीवाड़ा किया जा सकता है। पुलिस ने लोगों से दस्तावेजों के दुरुपयोग के प्रति सतर्क रहने की अपील की है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur