अंबिकापुर-प्रतापपुर मार्ग पर कल्याणपुर चौक के पास हादसा,साथी गंभीर घायल
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,12 सितम्बर 2026 (घटती-घटना)। अंबिकापुर-प्रतापपुर मार्ग पर कल्याणपुर चौक के पास 11 सितंबर को ट्रक ने बाइक सवार दो छात्र को टक्कर मार दी। हादसे में 12वीं के छात्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी घायल हो गया। दोनों एक बाइक पर सवार थे। हादसे के बाद ट्रक की टक्कर से बाइक के परखच्चे उड़ गए और उसमें से धुआं निकलने लगा। जानकारी के अनुसार किशन यादव पिता भरत यादव (16) जशपुर जिले का रहने वाला था। वह अंबिकापुर में रहकर दशमेश पब्लिक स्कूल में कक्षा 12वीं की पढ़ाई कर रहा था। 11 सितंबर की सुबह करीब 11 बजे वह अपने आठ दोस्तों के साथ अंबिकापुर-प्रतापपुर मार्ग पर स्थित केरता घूमने जाने के लिए निकला था। सभी चार बाइकों पर सवार थे। घूमने के बाद सभी वापस अंबिकापुर लौट रहे थे। इसी दौरान कल्याणपुर चौक के पास ट्रक ने किशन और अंश की बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए। दोनों सडक पर जा गिरे। सिर में गंभीर चोट लगने से किशन मौके पर ही बेहोश हो गया। चौथी बाइक पर पीछे से आ रहे आयुष और सागर मंडल ने हादसा देखा तो अपनी बाइक रोक दी। दोनों ने किशन और अंश को सडक पर घायल हालत में देखा। इसके बाद रास्ते से गुजर रही एक कार को रोककर दोनों घायलों को इलाज के लिए मिशन अस्पताल भेजा। इस बीच पीछे से अन्य दोस्त भी अस्पताल पहुंच गए। अस्पताल में जांच के दौरान डॉक्टर ने किशन यादव को मृत घोषित कर दिया। वहीं अंश का उपचार जारी है। बताया गया कि किशन अपने आठ दोस्तों के साथ चार बाइकों में घूमने निकला था। सभी छात्र अंबिकापुर लौट रहे थे।
इसी दौरान हादसा हो गया। घटना के बाद दोस्तों में शोक का माहौल है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur