जिलाध्यक्ष शारदा गुप्ता सहित प्रदेश मंत्री शैलेन्द्र शर्मा और संरक्षक नसीम असदक हुए शामिल
-संवाददाता-
बिलासपुर/कोरिया,10 अगस्त 2026 (घटती-घटना)। छत्तीसगढ़ चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज की प्रदेश कार्यकारिणी की महत्वपूर्ण बैठक न्यायधानी बिलासपुर स्थित होटल ग्रांड लोटस में आयोजित की गई,बैठक में प्रदेशभर से पहुंचे व्यापारिक प्रतिनिधियों और पदाधिकारियों ने व्यापार एवं उद्योग से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से मंथन किया, बैठक का मुख्य उद्देश्य व्यापारियों की समस्याओं को प्रदेश स्तर पर सामने लाना, उनके समाधान के लिए प्रभावी पहल करना तथा राज्य में व्यापार एवं उद्योग के व्यवस्थित विस्तार की दिशा में रणनीति तैयार करना रहा, प्रदेश कार्यकारिणी की इस बैठक में छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में प्रमुख व्यापारिक प्रतिनिधियों एवं पदाधिकारियों ने सहभागिता की, बैठक के दौरान व्यापारिक गतिविधियों के विस्तार, व्यापारियों के हितों के संरक्षण तथा स्थानीय स्तर पर सामने आने वाली प्रशासनिक एवं व्यावहारिक समस्याओं के निराकरण को लेकर चर्चा की गई।
कोरिया की व्यापारिक समस्याएं प्रदेश नेतृत्व के सामने
बैठक में कोरिया जिलाध्यक्ष शारदा गुप्ता ने जिले के छोटे,मध्यम एवं बड़े व्यापारियों से जुड़ी समस्याओं को प्रदेश नेतृत्व के समक्ष प्रमुखता से रखा,उन्होंने कहा कि स्थानीय व्यापारियों को दैनिक कारोबार के साथ-साथ विभिन्न प्रशासनिक स्तरों पर कई प्रकार की व्यावहारिक परेशानियों का सामना करना पड़ता है,इन समस्याओं के स्थायी समाधान के लिए प्रदेश स्तर से समन्वित प्रयास जरूरी हैं, शारदा गुप्ता ने कोरिया जिले में व्यापारिक गतिविधियों को गति देने के लिए अधोसंरचना विकास को महत्वपूर्ण बताया, उनका कहना रहा कि बेहतर व्यापारिक वातावरण के लिए मूलभूत सुविधाओं का विस्तार आवश्यक है। अधोसंरचना मजबूत होने से न केवल मौजूदा व्यापारिक गतिविधियों को गति मिलेगी, बल्कि नए व्यापार और निवेश की संभावनाएं भी बढ़ सकती हैं।
व्यापारियों की आवाज को प्रदेश स्तर पर मजबूत करने पर जोर
बैठक में इस बात पर भी जोर दिया गया कि प्रदेश के अलग-अलग जिलों में व्यापारियों के सामने आने वाली समस्याओं को स्थानीय स्तर तक सीमित रखने के बजाय उन्हें चैंबर के माध्यम से प्रदेश नेतृत्व तक पहुंचाया जाए, इससे समस्याओं के निराकरण के लिए संबंधित विभागों और शासन स्तर पर प्रभावी संवाद स्थापित किया जा सकेगा, बैठक में व्यापार एवं उद्योग के विकास के साथ व्यापारियों के हितों की सुरक्षा,प्रशासनिक प्रक्रियाओं में आने वाली व्यावहारिक कठिनाइयों और स्थानीय स्तर पर आवश्यक सुविधाओं के विस्तार जैसे विषयों पर भी विचार-विमर्श किया गया।
कोरिया से पदाधिकारियों की सहभागिता
प्रांतीय बैठक में कोरिया जिले से जिलाध्यक्ष शारदा गुप्ता के साथ प्रदेश मंत्री शैलेन्द्र शर्मा और संरक्षक नसीम असदक भी शामिल हुए, जिले के प्रतिनिधियों की मौजूदगी से कोरिया के व्यापारिक मुद्दों को प्रदेश कार्यकारिणी के समक्ष रखने का अवसर मिला, बैठक के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि व्यापारियों की समस्याओं के समाधान के लिए संगठनात्मक स्तर पर संवाद और समन्वय को और मजबूत किया जाएगा,साथ ही स्थानीय व्यापारिक गतिविधियों को प्रोत्साहित करने के लिए आवश्यक अधोसंरचना और सुविधाओं के विकास की दिशा में भी पहल की आवश्यकता है,प्रदेश कार्यकारिणी की यह बैठक व्यापारिक संगठनों और व्यापारियों के बीच समन्वय बढ़ाने तथा जिलेवार समस्याओं को प्रदेश स्तर पर उठाने के लिहाज से महत्वपूर्ण रही।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur