Breaking News

रांची@झारखंड में छात्रों पर लाठीचार्ज…आंसू गैस के गोले दागे

Share


विधानसभा के 100 मीटर पास पहुंचे,बैरिकेडिंग तोड़ने की कोशिश,जेपीएससी के पूर्व अध्यक्ष गिरफ्तार


रांची,10 अगस्त 2026 । झारखंड के रांची में जेपीएससी-जेएसएससी परीक्षा में धांधली के खिलाफ हजारों की संख्या में छात्र विधानसभा के करीब पहुंच गए हैं। वहीं पर धरना शुरू कर दिया। पुलिस ने लाठीचार्ज किया तो छात्रों ने जवाब में पानी की बोतल और चप्पलें फेंकीं। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को कंटीले तार की बैरिकेडिंग और वाटर कैनन से रोकने की कोशिश की तो छात्र बैरिकेडिंग पर चढ़कर डांस करते नजर आए। इसके बाद पुलिस ने आंसू गैस के गोले भी दागे। इधर, सीआईडी ने जेपीएससी के पूर्व अध्यक्ष एल ख्यांगते को गिरफ्तार कर लिया है। 21 जुलाई को जेपीएससी ऑफिस में रेड के बाद उन्होंने इस्तीफा दे दिया था। सीआईडी उनसे लगातार पूछताछ कर रही थी। विधानसभा को चारों तरफ से 6 लेयर की सुरक्षा व्यवस्था की गई है। सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जा रही है। वहीं, 9 दिन से भूख हड़ताल पर बैठे देवेंद्रनाथ महतो एंबुलेंस से विधानसभा मार्च में शामिल हुए। भाजपा विधायक भी छात्रों के समर्थन में सीएम हाउस के सामने धरने पर बैठे, जिन्हें बाद में पुलिस ने वहां से हटा दिया। छात्र झारखंड पीएससी-एसएससी की परीक्षा रद्द करने की मांग को लेकर 17 दिन से आंदोलन कर रहे हैं। 6 छात्र भूख हड़ताल पर हैं। नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने सोशल मीडिया एक्स लिखा- जेपीएससी के पूर्व अध्यक्ष एल. ख्यांग्ते की गिरफ्तारी सिर्फ दिखावा है। हेमंत सरकार विनय चौबे की तरह इन्हें भी बिना चार्जशीट दाखिल किए डिफॉल्ट बेल दिलाकर मामले को ठंडे बस्ते में डाल देगी। छात्रों की मांग सिर्फ जेपीएससी तक सीमित नहीं है। जेएसएससी की सहायक आचार्य, सीजीएल, उत्पाद सिपाही और पीजीटी जैसी परीक्षाओं में बड़े पैमाने पर धांधली कर नौकरियां बेची गई है।

एम्बुलेंस से विधानसभा घेराव करने पहुंचे देवेंद्रनाथ महतो, समर्थकों ने कंधे पर उठाकर आगे बढ़ाया
जेपीएससी-जेएसएससी समेत अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और धांधली के खिलाफ छात्रों का सत्याग्रह आंदोलन सोमवार को 17वें दिन और भूख हड़ताल नौवें दिन में प्रवेश कर गया। इस बीच छात्र नेता देवेंद्रनाथ महतो जयपाल सिंह स्टेडियम से एंबुलेंस के जरिए सीधे विधानसभा घेराव मार्च में शामिल होने पहुंचे। एंबुलेंस से उतरते ही उत्साहित छात्र अभ्यर्थियों और समर्थकों ने देवेंद्र नाथ महतो को कंधे पर उठा लिया और उन्हें मार्च में आगे लेकर बढ़े। इस दौरान छात्रों में खासा उत्साह नजर आया। देवेंद्रनाथ महतो ने कहा कि जब तक सरकार छात्रों की मांगों को पूरी तरह लागू नहीं करती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने दावा किया कि विधानसभा घेराव में झारखंड के अलावा राज्य के बाहर रहने वाले लोग भी शामिल होने पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि यह आंदोलन छात्रों के संघर्ष के इतिहास में एक महत्वपूर्ण पड़ाव के रूप में याद किया जाएगा। महतो ने आरोप लगाया कि छात्र पिछले 17 दिनों से धैर्य के साथ जयपाल सिंह स्टेडियम में सत्याग्रह कर रहे हैं और सरकार से उनकी मांगों पर विचार करने की अपील कर रहे हैं, लेकिन अब तक उनकी मांगों पर सकारात्मक पहल नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि छात्र अपने अधिकारों के लिए संघर्ष कर रहे हैं, जबकि राज्य सरकार उनकी आवाज को दबाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने इसे निंदनीय बताते हुए कहा कि छात्रों की मांगों को नजरअंदाज करने के बजाय सरकार को उनसे बातचीत करनी चाहिए।
महतो ने कहा कि युवा ऊर्जा से भरे होते हैं, लेकिन इसके बावजूद आंदोलन के दौरान छात्र अभ्यर्थियों ने सरकार के खिलाफ अश्लील या आपत्तिजनक नारे नहीं लगाए। इसके बावजूद छात्रों के प्रति सरकार का रवैया ऐसा है, जैसे वे उसके दुश्मन हों। उन्होंने इसे गलत करार दिया। विधानसभा के आसपास की गई बैरिकेडिंग और लगाए गए नुकीले कंटीले तारों पर भी देवेंद्र नाथ महतो ने सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि विधानसभा के आसपास और वहां तक आने वाली सड़कों पर जिस तरह की सुरक्षा व्यवस्था की गई है, उससे ऐसा लग रहा है जैसे सीमा क्षेत्र बना दिया गया हो। उन्होंने कहा कि नुकीले तार, बैरिकेडिंग या किसी अन्य तरह की रुकावट छात्रों को उनकी मंजिल तक पहुंचने से नहीं रोक सकती। महतो ने दावा किया कि विधानसभा घेराव के इस दिन और सरकार की कथित कार्रवाई को पूरा देश देख रहा है।
विधानसभा घेराव में ‘पुष्पा भाऊ’ का
अंदाज बोले…झुकेगा नहीं झारखंड का छात्र

झारखंड में जेपीएससी-जेएसएससी समेत प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ सोमवार को रांची में हुए विधानसभा घेराव के दौरान प्रदर्शन का एक अलग रंग देखने को मिला। बॉलीवुड अभिनेता के चर्चित किरदार ‘पुष्पा राज’ के अंदाज में वायरल ‘पुष्पा भाऊ’ छात्रों के समर्थन में आंदोलन स्थल पर पहुंचे। उन्होंने छात्रों की मांगों का समर्थन करते हुए प्रतियोगी परीक्षाओं में बार-बार पेपर लीक होने की घटनाओं पर गंभीर चिंता जताई। समयऔर कैलेंडर ‘पुष्पा भाऊ’ ने कहा कि छात्रों के लंबे समय से चल रहे आंदोलन को देखकर वह काफी आहत हुए और इसी वजह से उनके समर्थन में झारखंड की राजधानी रांची पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि छात्रों की मांगों को गंभीरता से सुना जाना चाहिए और सरकार को उनकी समस्याओं का समाधान करना चाहिए। उन्होंने जंतर-मंतर पर हुए कुछ प्रदर्शनों का जिक्र करते हुए कहा कि वहां जिस तरह की आपत्तिजनक भाषा और अश्लील टिप्पणियां सामने आने की बातें कही गई थीं, वैसा माहौल रांची में आंदोलन कर रहे छात्रों के बीच देखने को नहीं मिला। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर कई तरह की बातें सार्वजनिक रूप से चल रही हैं और पूरा देश उन्हें देख-सुन रहा है,लेकिन रांची में चल रहे आंदोलन की वास्तविक तस्वीर भी सामने है।


Share

Check Also

रुद्रप्रयाग@श्रावण के सोमवार को केदारनाथ धाम में उमड़ा आस्था का सैलाब

Share 14.45 लाख श्रद्धालुओं ने किए दर्शनरुद्रप्रयाग,10 अगस्त 2026। श्रावण माह के सोमवार के पावन …

Leave a Reply