-संवाददाता-
राजपुर,09 अगस्त 2026 (घटती-घटना)। 9 जून विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर राजपुर के धान मंडी प्रांगण में आदिवासी समाज के द्वारा भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्रभर से भारी संख्या में आदिवासी समाज के लोग शामिल हुए।आयोजकों के अनुसार, कार्यक्रम में करीब 20 हजार लोगों की भीड़ मौजूद रही। पारंपरिक वेशभूषा,पीले झंडों और आदिवासी संस्कृति की झलक से पूरा राजपुर आदिवासी एकता के रंग में रंगा नजर आया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि लालसाय मिंस एवं डॉ. प्रतिम राम रहे। वहीं ब्लॉक अध्यक्ष दयासागर सिंह पैकरा सहित समाज के कई पदाधिकारी एवं गणमान्य नागरिक कार्यक्रम में उपस्थित रहे। कार्यक्रम पश्चात धान मंडी प्रांगण से विशाल रैली निकाली गई, जो राजपुर नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए सरगुजा पेट्रोल पंप तक पहुंची। रैली में हजारों की संख्या में महिला, पुरुष, युवा एवं बुजुर्ग शामिल हुए। हाथों में पीले झंडे और आदिवासी समाज के नारों के साथ निकली रैली ने पूरे नगर का माहौल उत्साह और जोश से भर दिया। इस भव्य आयोजन के आयोजक कृष्णनाथ टोप्पो रहे। कार्यक्रम में अनिल खलखो, देवबली, सुनील करकेटा, आलोक सिंह, अनिल भारती, रवि प्रताप मरावी, तेज प्रताप शांडिल्य, रंजीत बड़ा एवं पारसनाथ सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान जल, जंगल, जमीन, आदिवासी संस्कृति,परंपरा और अधिकारों के संरक्षण का संदेश दिया गया। वक्ताओं ने कहा कि आदिवासी समाज की पहचान उसकी संस्कृति और परंपराओं में है,जिसे आने वाली पीढि़यों तक सुरक्षित रखना सभी की जिम्मेदारी है। विश्व आदिवासी दिवस का यह आयोजन राजपुर में आदिवासी एकता, संस्कृति और सामाजिक शक्ति का शानदार प्रदर्शन बनकर सामने आया। रैली में उमड़ा जनसैलाब पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना रहा।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur