प्रेशर ग्रुप के तौर पर जारी रहेगा आंदोलन : अभिजीत दिपके
नई दिल्ली,05 अगस्त 2026। दिल्ली के जंतर-मंतर पर नीट पेपर लीक के विरोध में हुए छात्र आंदोलन के बाद कॉकरोच जनता पार्टी ने अपने अगले चरण की रणनीति तैयार करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। संगठन की दो दिवसीय कोर टीम की बैठक बुधवार से महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में संस्थापक अभिजीत दिपके के आवास पर आयोजित की गई। इस बैठक में संगठन के संस्थापक, राष्ट्रीय प्रवक्ता और कई वरिष्ठ पदाधिकारी शामिल हुए। बैठक का उद्देश्य हालिया छात्र आंदोलनों की समीक्षा करना और आने वाले समय में संगठन की दिशा तय करना बताया गया है।
प्रेशर ग्रुप के रूप में काम करने पर रहेगा फोकस : बैठक शुरू होने से पहले मीडिया से बातचीत करते हुए अभिजीत दिपके ने संगठन की प्राथमिकताओं पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि फिलहाल सीजेपी किसी राजनीतिक दल के रूप में काम करने की योजना नहीं बना रही है। उनका कहना था कि संगठन का मुख्य उद्देश्य सरकार पर युवाओं, छात्रों, शिक्षा और रोजगार जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों को लेकर प्रभावी दबाव बनाना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जहां भी छात्रों को संगठन की आवश्यकता होगी, वहां सीजेपी उनके समर्थन में खड़ी दिखाई देगी।
आगे की रणनीति पर होगा विस्तृत विचार-विमर्श : अभिजीत दिपके ने बताया कि दो दिवसीय बैठक में संगठन के भविष्य के रोडमैप पर गहन चर्चा की जाएगी। इसमें यह तय किया जाएगा कि आने वाले समय में सीजेपी किस प्रकार अपने अभियानों को आगे बढ़ाएगी और युवाओं से जुड़े मुद्दों को राष्ट्रीय स्तर पर प्रभावी ढंग से उठाएगी। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार का ध्यान शिक्षा, रोजगार और छात्रों की समस्याओं की ओर आकर्षित करने के लिए विभिन्न रणनीतियों पर विचार किया जाएगा। बैठक के समापन के बाद गुरुवार दोपहर 2 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस कर लिए गए फैसलों की जानकारी साझा की जाएगी।
कई राष्ट्रीय मुद्दों पर होगी चर्चा
दिपके के अनुसार बैठक में केवल छात्र आंदोलन ही नहीं, बल्कि कई अन्य समकालीन विषयों पर भी विचार किया जाएगा। इनमें एथेनॉल मिश्रित ईंधन, बढ़ती बेरोजगारी, शिक्षा व्यवस्था में सुधार, मीडिया की भूमिका तथा न्यायपालिका जैसी संस्थाओं में जनता के घटते भरोसे जैसे मुद्दे शामिल हैं। संगठन इन विषयों पर अपनी आगे की नीति और अभियान की दिशा तय करेगा, ताकि व्यापक स्तर पर जनसमर्थन जुटाया जा सके।
झारखंड के आंदोलनरत
छात्रों को दिया समर्थन
सीजेपी ने झारखंड में प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे छात्रों के समर्थन का भी ऐलान किया है। अभिजीत दिपके ने कहा कि संगठन के कार्यकर्ता पहले से ही वहां के छात्र नेताओं के संपर्क में हैं। यदि आवश्यकता पड़ी तो सीजेपी के सदस्य आंदोलन में भी भाग लेंगे। उन्होंने दोहराया कि संगठन का उद्देश्य छात्रों की आवाज को मजबूत करना है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur