विद्यार्थियों ने सर्वे रिपोर्ट प्रस्तुत की,सुरक्षित एवं समावेशी परिसर बनाने पर दिया जोर
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,04 अगस्त 2026 (घटती-घटना)। राजीव गांधी शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में मंगलवार को यौन उत्पीडऩ की रोकथाम,पॉश अधिनियम और विशाखा समिति की भूमिका पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। महाविद्यालय के सोशल इनोवेशन एंड कम्युनिटी एंगेजमेंट सेल,विशाखा समिति एवं मुहिम फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम का संचालन विद्यार्थियों ने किया। कार्यक्रम की पहल महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं अंकिता, प्रीति, भूमिका, आशुतोष और अंबिके ने की। इस दौरान उन्होंने छात्राओं के बीच किए गए सर्वेक्षण के निष्कर्ष प्रस्तुत किए,जिसमें परिसर के उन स्थानों की पहचान की गई जहां सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की आवश्यकता महसूस की गई। जागरूकता बढ़ाने के लिए प्रश्नोत्तरी और संवादात्मक गतिविधियां भी आयोजित की गईं। कार्यशाला में करीब 150 विद्यार्थियों ने भाग लिया,जिनमें एनसीसी के कैडेट भी बड़ी संख्या में शामिल रहे। प्राचार्य डॉ. अनिल कुमार सिन्हा ने विद्यार्थियों की पहल की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षा के साथ सामाजिक जागरूकता और व्यक्तित्व विकास भी उतना ही महत्वपूर्ण है। उन्होंने विद्यार्थियों से समाज के प्रति संवेदनशील दृष्टिकोण विकसित करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में विशाखा समिति की संयोजक डॉ. संगीता पाण्डेय और सोशल इनोवेशन एंड कम्युनिटी एंगेजमेंट सेल के संयोजक डॉ. दीपक सिंह ने भी अपने विचार रखे। विधि विभाग की डॉ. पूनम ने पॉश अधिनियम,विद्यार्थियों के अधिकारों और शिकायत निवारण की कानूनी प्रक्रिया पर जानकारी दी। कार्यक्रम के अंत में डॉ. कामिनी ने आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर डॉ. एस.एन. पाण्डेय, डॉ. उमेश कुमार पांडेय,डॉ. माधवेन्द्र तिवारी, डॉ. रजनी सारथी,डॉ. अनुजा कुजूर सहित महाविद्यालय के प्राध्यापक एवं मुहिम फाउंडेशन के प्रतिनिधि आकृति,रोस और ऋषिकेश उपस्थित रहे।
’यूथ लीडरशिप एंड कम्युनिटी एक्शन’ से जुड़ी पहल
आयोजकों ने बताया कि कार्यक्रम संचालित करने वाले पांचों विद्यार्थी राजीव गांधी पीजी कॉलेज और मुहिम फाउंडेशन द्वारा संयुक्त रूप से संचालित ‘यूथ लीडरशिप एंड कम्युनिटी एक्शन’ प्रमाणपत्र पाठ्यक्रम के प्रतिभागी हैं। कार्यक्रम का उद्देश्य महाविद्यालय परिसर को सुरक्षित, समावेशी और जागरूक बनाने के लिए विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur